महाराष्ट्र में औरंगाबाद नगर निगम (AMC) ने AIMIM पार्षद मतीन पटेल को एक नोटिस जारी किया है. इस नोटिस में कहा गया है कि उनकी कुछ प्रॉपर्टी अवैध रूप से बनाई गई हैं. इनमें से एक घर का कनेक्शन नासिक टीसीएस धर्मांतरण मामले की आरोपियों में से एक निदा खान से है. निदा फरार रहने के दौरान जिस बंगले में रुकी थी, उस घर के लिए भी नोटिस जारी किया गया है. नगर निगम ने यह भी कहा कि अगर मतीन इस 'कारण बताओ नोटिस' का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं, तो उन इमारतों को गिरा दिया जाएगा.
TCS केस: आरोपी निदा खान को AIMIM पार्षद ने जिस बंगले में दी थी शरण, उस पर चलेगा बुलडोजर!
TCS Nashik Case: औरंगाबाद नगर निगम के नोटिस में कहा गया है कि AIMIM पार्षद की कुछ प्रॉपर्टीज अवैध रूप से बनाई गई हैं. इनमें वह घर भी शामिल है, जिसमें नासिक TCS केस की आरोपी निदा खान के कथित तौर पर रहने की बात सामने आई थी.


निदा खान नासिक TCS केस के सिलसिले में 10 अप्रैल से फरार चल रही थी. उसे 7 मई को छत्रपति संभाजी नगर के नारेगांव इलाके में एक दो-मंजिला बंगले से गिरफ्तार किया गया था. वह यहां अपने चार रिश्तेदारों के साथ रह रही थी. आरोप है कि यह बंगला ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्षद मतीन पटेल का है. औरंगाबाद नगर निगम के मेयर समीर राजुरकर ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बताया कि मतीन को 9 मई को नोटिस दिया गया है.
समीर ने बताया कि उनकी दो प्रॉपर्टी को अवैध निर्माण के तौर पर चिह्नित किया गया है. इनमें कौसर बाग स्थित एक घर है, जहां से निदा खान को अरेस्ट किया गया था. दूसरा उसी इलाके में बना उनका एक दफ्तर है. राजुरकर ने कहा कि अवैध निर्माण का सबूत मिलने पर मतीन पटेल की नगर निगम में सदस्यता भी रद्द की जा सकती है. उन्होंने आगे कहा,
“पहली नजर में, हमें पूरा यकीन है कि ये दोनों प्रॉपर्टी गैर-कानूनी तरीके से बनाई गई हैं. चाहे आंशिक रूप से या पूरी तरह से. नियमों के मुताबिक, उन्हें नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है. अगर जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.”
ये भी पढ़ें: TCS धर्मांतरण केस में आरोपी निदा खान अरेस्ट, प्रेग्नेंसी का हवाला नहीं आया काम
कौन हैं मतीन पटेल?मतीन मजीद शेख को मजीद पटेल के नाम से जाना जाता है. वे पहली बार AIMIM के पार्षद बने हैं. 35 साल के बिजनेसमैन मतीन नेे अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उन्होंने सिर्फ क्लास 7 तक की पढ़ाई की है. उनके पास 86 लाख रुपये की कीमत के तीन खेती के प्लॉट, नारेगांव में 11 लाख रुपये की कीमत का एक नॉन-एग्रीकल्चरल प्लॉट और 4 लाख रुपये की कीमत का एक घर है.
मतीन ने लोकल कोर्ट में अर्जी देकर AMC नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय मांगा है. साथ ही उन्होंने नगर निगम को जबरदस्ती कार्रवाई करने से रोकने के लिए निर्देश देने की अपील भी की है. इस मामले की सुनवाई आज यानी 12 मई को होने की संभावना है.
वीडियो: TCS नासिक केस में फरार निदा खान गिरफ्तार हुईं






















