The Lallantop

ये सब्जी है या पानी में तैरते आलू? UP के स्कूल में बच्चों को ये खाना खाते देख दिल पसीज जाएगा!

Sitapur Mid Day Meal Video: मिड डे मील में दी गई सब्जी का ये वीडियो सामने आने के बाद सीतापुर के डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को मामले की जांच सौंपी. BSA ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और मिड डे मील के इंतजाम की जांच की. आरोप सही निकले हैं. इसके बाद स्कूल पर एक्शन हुआ है.

Advertisement
post-main-image
पानी में सराबोर मिड डे मील की सब्जी का वीडियो वायरल. (स्क्रीनग्रैब: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • सीतापुर जिले के प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील के घटिया भोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जांच की गई और संबंधित रसोइया को नौकरी से निकालकर हेडमास्टर को निलंबित किया गया।
  • गांव के एक युवक द्वारा स्कूल में बच्चों को परोसे जा रहे मिड डे मील का असंतोषजनक हालात वाला वीडियो बनाने और वायरल करने के कारण प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई की।
  • जिला प्रशासन ने भविष्य में मिड डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं बच्चों के साथ भोजन करने के निर्देश दिए हैं।
author-image
अरविंद मिश्रा

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल है. इसमें दिख रहा है कि स्कूली बच्चों को मिड डे मील में कितना घटिया खाना परोसा गया. मसाले वाले पानी में तैरते आलू के टुकड़े. स्कूली बच्चों पर कतई तरस नहीं. वीडियो वायरल हुआ, तो प्रशासन की आंख खुली. जांच बैठाई गई. पहली नजर में मामला सच साबित हुआ, जिसके बाद 5 अगस्त को रसोइया की नौकरी खत्म कर दी गई. स्कूल हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया, और खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के रिकॉर्ड में एडवर्स एंट्री (नकारात्मक टिप्पणी) दर्ज करने का निर्देश दिया गया.

Advertisement

मामला सीतापुर जिले के महमूदाबाद ब्लॉक स्थित छंगापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय का है. इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, गांव के सचिन गुप्ता नाम के एक युवक ने स्कूल में बच्चों को परोसे जा रहे मिड डे मील का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया.

वीडियो में क्या दिखा?

वीडियो में सब्जी काफी पतली और पानी से भरी दिखाई दे रही थी. बच्चों को रोटियां भी ठीक तरीके से नहीं दी जा रही थीं. वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद सीतापुर के जिलाधिकारी (DM) राजा गणपति आर ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए.

Advertisement

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और मिड डे मील के इंतजाम की जांच की. जांच में शिकायतें सही मिलने पर रसोइया अनीता की सेवाएं तत्काल प्रभाव से खत्म करने का आदेश दिया गया.

cook
(ITG)
जांच में क्या निकला?

जांच में पहली नजर में विद्यालय की हेडमास्टर कल्पना वर्मा को भी लापरवाही का दोषी पाया गया. इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई. वहीं, मिड डे मील की निगरानी और मुआयने में क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी उदय मणि पटेल की लापरवाही पाई गई. उनके रिकॉर्ड में एडवर्स एंट्री लिखने का निर्देश जारी किया गया.

headmaster
(ITG)

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि विद्यालय में मिड डे मील की सब्जी की गुणवत्ता लगातार खराब पाई गई. इसके अलावा बच्चों को दूध तय मात्रा में नहीं दिया जा रहा था और उन्हें ढंग से और तरीके से बैठाकर खाना नहीं खिलाया जा रहा था. इन मामलों में विभागीय निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है.

Advertisement
BEO Order
(ITG)

यह भी पढ़ें: सीएम विजय स्कूली बच्चों को मिड-डे मील में चिकन बिरयानी खिलाएंगे?

सीतापुर के जिलाधिकारी क्या बोले?

सीतापुर के जिलाधिकारी (DM) राजा गणपति आर ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में जिले के किसी भी सरकारी स्कूल में मिड डे मील को लेकर ऐसी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए. इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करें. बच्चों के साथ बैठकर भोजन करें और खाने की गुणवत्ता की जांच करें, ताकि बच्चों को बेहतर और पौष्टिक खाना मिल सके.

वीडियो: कुत्ता मिड डे मील चाट गया, स्कूल ने बच्चों को खिलाया तो हाईकोर्ट ने लपेट दिया

Advertisement