IAS संजीव खिरवार एक बार फिर विवादों में हैं. इससे पहले साल 2022 में 'कुत्ता टहलाने' की वजह से उनका नाम चर्चा में आया था. उन पर आरोप था कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए उन्होंने एथलीट्स को वहां से बाहर निकाल दिया था. इसके बाद उनका तबादला लद्दाख कर दिया गया. इसी साल जनवरी में वह दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के कमिश्नर (MCD Commissioner) बनकर आए थे. अब उनकी दिल्ली वापसी भी विवादित हो गई है. सत्य निकेतन में छात्रों की पीजी की बिल्डिंग गिरने के बाद खिरवार का इस्तीफा मांगा जा रहा है.
'कुत्ता टहलाने' वाले विवादित IAS संजीव खिरवार फिर विवादों में, अब क्यों हुई इस्तीफे की मांग?
सत्य निकेतन में PG बिल्डिंग गिरने के बाद MCD कमिश्नर संजीव खिरवार पर छात्र संगठनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की है. खिरवार 2022 के ‘कुत्ता टहलाने’ विवाद के बाद भी सुर्खियों में रहे थे. कुछ समय पहले ही उनकी दिल्ली में पोस्टिंग हुई थी.

संजीव खिरवार ‘अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश’ (एजीएमयूटी) कैडर के 1994 बैच के IAS ऑफिसर हैं. उनकी पत्नी रिंकू दुग्गा सेम बैच की अफसर हैं. खिरवार ने अपना करियर चंडीगढ़ में बतौर SDM शुरू किया था. दिल्ली में ट्रेड और टैक्स कमिश्नर के पद पर भी काम किया. साथ ही भारत सरकार में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे. 2022 में खिरवार और उनकी पत्नी रिंकू दोनों की तैनाती दिल्ली में थी.
संजीव खिरवार दिल्ली के रेवेन्यू कमिश्नर थे. तब उनके अंदर दिल्ली के सारे डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट काम करते थे. इसके अलावा वह दिल्ली के पर्यावरण विभाग के सचिव का पद भी संभाल रहे थे. इसी बीच उनके साथ एक विवाद जुड़ गया. उन पर आरोप लगे कि वह कथित तौर पर त्यागराज स्टेडियम का इस्तेमाल अपने कुत्ते को टहलाने के लिए करते थे. इस दौरान एथलीट्स को स्टेडियम से बाहर कर दिया जाता था.
खिलाड़ियों और कोचों का दावा था कि उन्हें स्टेडियम से समय से पहले ही जाने के लिए कहा गया ताकि वो अपने कुत्ते टहला सकें. खिरवार ने इन आरोपों का खंडन करते हुए इन्हें ‘बिल्कुल गलत’ बताया था. फिर भी विवाद का खामियाजा पति और पत्नी दोनों को भुगतना पड़ा. संजीव का तबादला लद्दाख में कर दिया गया. उनकी पत्नी रिंकू दुग्गा को अरुणाचल प्रदेश में तैनाती दे दी गई.
कंप्यूटर साइंस से बीटेक और फिर पंजाब से इकॉनॉमिक्स में एमए की डिग्री हासिल करने वाले खिरवार तब लद्दाख सरकार के प्रधान सचिव बनाए गए थे. चार साल बाद जब कुत्ता टहलाने वाला मामला ठंडा हुआ तो उनकी दिल्ली वापसी भी हो गई. जनवरी 2026 में संजीव खिरवार को दिल्ली म्युनिसिपिल कमिश्नर बनाकर लाया गया.
अब यहां वह फिर एक मुसीबत में फंस गए हैं.
दिल्ली में रविवार, 6 सितंबर को सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत गिर गई. इस इमारत में छात्र किराये के कमरे लेकर रहते थे. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हुई है. राहत और बचाव का काम चल रहा है. हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की लापरवाही या चूक इस त्रासदी का कारण बनी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
40 साल से भी ज्यादा पुरानी इस इमारत में हॉस्टल चल रहा था. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि बिल्डिंग के तहखाने में पानी जमा हो गया था. जलभराव और इमारत में चल रहे निर्माण काम की वजह से पुराना ढांचा कमजोर हो गया था. यही इसके गिरने का कारण बना.
ये भी पढ़ेंः मलबे में दबे स्टूडेंट का वीडियो कॉल वायरल, चेहरे पर खून...मदद की गुहार
छात्र संगठनों ने खोला मोर्चाइस हादसे में दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र प्रभावित हुए हैं. लिहाजा, छात्र संगठनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई ने विरोध का मोर्चा खोल दिया है. रविवार, 6 सितंबर को एमसीडी हेडक्वार्टर में लगभग 150 से 200 एबीवीपी सदस्य नगर निगम के कामकाज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए जुट गए. एबीवीपी घटना को लेकर एमसीडी कमिश्नर संजीव खिरवार के इस्तीफे की मांग कर रही है.
5 लोगों का निलंबनखिरवार का इस्तीफा या उन्हें हटाने की मांग अभी सिर्फ चर्चाओं में है लेकिन हादसे के बाद सरकार और प्रशासन ने कुछ सख्त कदम उठाए हैं. हादसे का शिकार हुई बिल्डिंग के मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने भिवाड़ी से गिरफ्तार किया है. हादसे के बाद वह फरार हो गए थे. इसके हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भी जांच जारी है. इन सबके बीच दिल्ली सरकार ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 5 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित किए गए लोगों में उपायुक्त राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता (SE) रणवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता (EE) ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता (EE) सुनील चौहान और कनिष्ठ अभियंता (JE) आशीष कुमार शामिल हैं.
कार्रवाई की तलवार संजीव खिरवार पर भी लटक रही है.
वीडियो: Satya Niketan Building Collapse: चश्मदीदों ने घटना का सच बता दिया











