The Lallantop

राम मंदिर ट्रस्ट की पहली और इकलौती महिला सदस्य निर्मला यादव कौन हैं?

Ram temple new trustee Nirmala Yadav: निर्मला यादव को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में शामिल किए गए हैं. निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य बनी हैं. उनके साथ ही मदन मोहन पांडेय, महेश भागचंदका को भी ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया है.

Advertisement
post-main-image
निर्मला यादव एटा की रहने वाली है. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में हुई बैठक में तीन नए सदस्यों का ऐलान किया, जिनमें निर्मला यादव पहली महिला सदस्य के तौर पर शामिल हुई हैं।
  • ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने दान चोरी के आरोपों के बाद इस्तीफा दिया था, जिससे कई पद खाली हो गए थे।
  • नए सदस्यों के शामिल होने के बाद महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष और जितेंद्र मिश्रा को CEO बनाया गया है, जिससे ट्रस्ट के प्रशासनिक बदलाव हुए हैं।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाली पदों को भरने के लिए अयोध्या में एक बैठक हुई. बैठक में तीन नए सदस्यों के नामों का ऐलान हुआ. अयोध्या से मदन मोहन पांडेय, दिल्ली से महेश भागचंदका और शिकोहाबाद से डॉ. निर्मला यादव को ट्रस्ट में शामिल किया गया. इन नामों में निर्मला यादव काफी चर्चा में है. वह ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य बनी हैं.

Advertisement

उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद की रहने वाली 66 साल की निर्मला एक जानी-मानी शिक्षाविद हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, निर्मला यादव के परिवार को उनके ट्रस्ट में शामिल होने की खबर पहले से नहीं थी. यह जानकारी उन्हें मीडिया के घर पहुंचने के बाद पता लगी.

कौन हैं निर्मला यादव?

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्मला एटा की रहने वाली हैं. उनकी शादी शिकोहाबाद के उरावर के जमींदार परिवार में हुई थी. उनके पति हरेंद्र सिंह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे हैं. शहर में उनका घर ‘उरावर हाउस’ के नाम से जाना जाता था. यहां पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और जनसंघ से जुड़े नेताओं की बैठकें होती थीं. कई वरिष्ठ नेता उस समय उनके घर आते थे.

Advertisement

बताते हैं निर्मला यादव ने शिक्षा क्षेत्र में काफी काम किया है. वह शिकोहाबाद के साल 1999 से जनवरी 2006 तक बीडीएम की प्राचार्य रहीं. फिर फेमस एम.जी. डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल बनीं. साल 2021 में वे रिटायर हो गई थीं. निर्मला यादव सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रही हैं. उनकी एक बेटी है. 

ट्रस्ट के पहले CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन पद महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और विमलेंद्र प्रताप मिश्र के जाने के बाद से खाली थे. राम मंदिर में कथित दान चोरी के आरोपों के बाद महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया था. वहीं, पिछले साल अयोध्या के पूर्व शाही परिवार के सदस्य विमलेंद्र प्रताप मिश्र का निधन हो गया था. नए ट्रस्टी महेश भागचंदका नए कोषाध्यक्ष बनेंगे. 

ट्रस्ट में पहले चीफ एक्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के पद की जिम्मेदारी रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को दी गई है. जितेंद्र मिश्रा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न कमांड की कमान संभाल रहे थे. वहीं कारगिल युद्ध में वे स्क्वाड्रन लीडर के तौर पर उस टीम का हिस्सा थे. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: वायुसेना के रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO बने

स्वामी गोविंद देव गिरी को ट्रस्ट का नया महासचिव बनाया गया. गोविंद देव गिरी अब तक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष थे. उनके कोषाध्यक्ष रहते चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया था. महासचिव बनने के बाद गोविंद देव गिरी राम मंदिर ट्रस्ट के सबसे ताकतवर ट्रस्टियों में शामिल हो गए हैं.  

वीडियो: काठमांडू के अस्पतालों में अपनों की तलाश, परिवारों ने सुनाई दर्दनाक कहानी

Advertisement