The Lallantop

पंजाब लॉ स्टूडेंट मर्डर: 9 फरवरी को प्रपोज, उसी दिन क्लास में घुसकर हत्या

Law Student shoots classmate: पंजाब के एक लॉ कॉलेज में एक छात्र ने अपनी क्लासमेट की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की मां ने बताया कि आरोपी कई दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था.

Advertisement
post-main-image
मृतका संदीप की मां ने बताया कि लड़के ने धमकी दी थी. (फोटो-इंडिया टुडे)

पंजाब के तरनतारन जिले में लॉ छात्रा की हत्या पर उसकी मां ने आरोपी छात्र के खिलाफ बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि छात्र ने उनकी बेटी को पहले ही गोली मारने की धमकी दी थी. फरवरी में ही मृतक छात्रा संदीप कौर की सगाई हुई थी. सोमवार, 9 फरवरी को साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने ही कथित तौर पर संदीप कौर की गोली मारकर हत्या कर दी. फिर खुद की भी जान ले ली.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

संदीप कौर नौशेरा पुन्निया की रहने वाली थी. आरोपी लड़का मालियान गांव (12 किलोमीटर दूर) का निवासी है. दोनों पहले से एक दूसरे को जानते थे और तरनतारन के एक लॉ कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे.

घटना कॉलेज के क्लासरूम के अंदर हुई. अंदर लगे सीसीटीवी कैमरा में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया. छात्रा की मां ने दावा किया कि घटना के दिन यानी 9 फरवरी को ही आरोपी लड़के ने उनकी बेटी को प्रपोज किया था, जिसे उनकी बेटी ने ठुकरा दिया था. 

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े अमन की रिपोर्ट के मुताबिक संदीप कौर की मां ने बताया,

“उसने (लड़का) कहा था कि अगर तू मुझसे बात नहीं करेगी, तो मैं तुझे गोली मार दूंगा. फरवरी में ही संदीप की सगाई हुई थी. मेरी लड़की ने उस लड़के से कहा कि जहां मेरी मम्मी ने शादी पक्की की है, वहीं करूंगी मैं.”

उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र उसे परेशान कर रहा था. वो एक दो बार उनके घर भी आया था. संदीप की बहन मनप्रीत का कहना है,

Advertisement

“वो मेरी तरह वकील बनना चाहती थी. जब गोली लगी तो मेरे से ही बात कर रही थी फोन पर. वो प्रिंस से इसी कॉलेज में मिली थी. प्रिंस का एक तरफा प्यार था लेकिन उसकी हरकतें अन्स्टेबल माइंड वाली थीं. वो देखता रहता था. हर दिन आई लाइक यू बोलता था.”

मनप्रीत ने आगे बताया कि उनकी बहन ने आरोपी से परिवार के हालात और पिता का साया सिर पर ना होने की बात भी कही थी. लेकिन प्रिंस कथित तौर पर नहीं माना.

हालांकि पुलिस ने प्रिंस के कथित प्रपोजल को लेकर कोई दावा नहीं किया है. उसने कहा है कि इस पहलू की जांच की जा रही है, फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी. पुलिस ने कहा, “उनके क्लासमेट सदमे में हैं. हम उनसे बात करेंगे. फिर और सटीक जानकारी मिल पाएगी. मृत लड़की के पास एक फोन मिला है. उसकी जांच फोरेंसिक टीम कर रही है.”

 

इस घटना ने कॉलेज एडमिनिस्ट्रेशन पर भी सवाल उठा दिए हैं. सवाल किए जा रहे हैं कि छात्र कॉलेज के अंदर पिस्तौल लेकर आया कैसे? क्या गेट पर चेकिंग नहीं होती? फिलहाल, पूरे कॉलेज को सील कर दिया है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

वीडियो: 'औरत दुर्गा, औरत चंडी...' पटना NEET छात्रा केस में महिलाओं का गुस्सा फूटा

Advertisement