दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली के जंतर-मंतर से निकले 'चलो संसद' मार्च के दौरान हुई हिंसा पर पहली बार प्रतिक्रिया दी. सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने वाले शाह ने एक इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की कड़ी आलोचना की. यह वीडियो अब इंस्टाग्राम पर दिख नहीं रहा है. यहां तक कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट ही नहीं दिख रहा है.
नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली प्रोटेस्ट के सपोर्ट में ये वीडियो डाला, उनका अकाउंट ही डिलीट कर दिया गया
Naseeruddin Shah ने जिस Instagram वीडियो में छात्रों का समर्थन किया, वो अब दिख नहीं रहा है. यहां तक कि नसीरुद्दीन शाह का इंस्टाग्राम अकाउंट ही नहीं खुल रहा है. उन्होंने वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्रों का समर्थन किया और Delhi Police और सरकार की अलोचना की है.


इस वीडियो में उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ जुल्म हुआ है. नसीरुद्दीन शाह ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, NEET पेपर लीक और एजुकेशन सेक्टर में सुधार की मांग कर रहे छात्रों का समर्थन किया. वीडियो में उन्होंने सरकार को भी चेताया.
नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि वे खुद छात्रों से सीखते हैं, और जिस तरह से छात्रों को पीटा गया, वो बेहद गलत है. 22 जुलाई को नसीरुद्दीन शाह ने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा,
"आदाब. नमस्कार. मैं नसीरुद्दीन शाह आपसे दो बातें अर्ज करना चाहता हूं. पहली बात तो ये है कि अगर एक जाहिल इस मुल्क की रहनुमाई(नेतृत्व) करे, तो उसका दिल यही चाहेगा की पूरा मुल्क उसी की तरह जाहिल, नासमझ, नाकाबिल और बेरहम बने. अभिनय के दो अलग अलग कोर्स राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा - NSD) और पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट (फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया - FTII) में पूरे करने के बावजूद, मैंने अभिनय के बारे में सबसे ज्यादा जो सीखा है, वो उन बच्चों से, उन तालिब-ए-इल्म (छात्रों) से सीखा, जिन्हें सिखाने की कोशिश मैंने की है. मेरी पूरी हमदर्दी उनके साथ है. मैं उन्हें हजार-हजार, हर सांस के साथ दुआएं देता हूं, और हर टीचर्स डे पर उन्हें सलाम करता हूं."
उन्होंने आगे कहा,
“इस वक्त मेरा दिल भी भरा हुआ है, और मैं गुस्से से खौल भी रहा हूं ये देखकर कि हमारे इन बच्चों के साथ किस तरह जुल्म का बर्ताव किया जा रहा है, उन गुंडों के हाथों, जो मुझे अमेरिका के ICE एजेंट्स की याद दिलाते हैं- मुंह पर नकाब लगाए हुए, हाथ में डंडा लिए हुए. कभी अपने बच्चों के बारे में भी सोचा करो, और ये भी सोचो की तुम्हारा अंजाम तुम्हें भी एक दिन जरूर मिलेगा. इन सब बच्चों से मैं कहना चाहता हूं कि हिम्मत ना हारें. बहुत से लोगों की हमदर्दी आपके साथ है. बहुत से लोग आपके साथ हैं. आप लड़ते रहें. मुझे हमारे मुल्क की युवा पीढ़ी से हमेशा उम्मीद रही है और अब वो उम्मीद और उजागर हो गई है. आप लोग अपनी लड़ाई लड़ते रहें. हम सब आपके साथ हैं.”

यह भी पढ़ें: 'PM मोदी इस्तीफा दें', छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास पर धरने पर बैठे
फिर नसीरुद्दीन शाह सरकार से कहते हैं,
"इस मुल्क की हुकूमत को मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं सब याद रखा जाएगा."
इससे पहले एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि नसीरुद्दीन शाह नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में खड़े हैं.
वीडियो: पीएम आवास के पास धरने से राहुल गांधी और अखिलेश यादव को उठा ले गई पुलिस












