The Lallantop

महिंद्रा के मैनेजर ने महिला सांसद को रेप की धमकी दी, MP का दावा, 'BJP कार्यकर्ता भी है'

फेसबुक पर सत्यब्रत नायक नाम के यूजर ने बीजू जनता दल की राज्यसभा सांसद सुलता देव को रेप और हत्या की धमकी दी थी. फेसबुक पर जब शख्स की प्रोफाइल चेक की गई तो उसे महिंद्रा का कर्मचारी पाया गया

Advertisement
post-main-image
BJD सांसद सुलता देव और आरोपी सत्यब्रत नायक. (तस्वीर-X)

महिंद्रा ग्रुप्स ने अपने एक कर्मचारी के BJD सांसद सुलता देव को फेसबुक पर रेप और हत्या की धमकी देने के मामले का संज्ञान लिया है. कंपनी ने कहा कि इस तरह के दुर्व्यवहार और धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. महिंद्रा की ओर से आगे कहा गया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है. आरोप सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

फेसबुक पर सत्यब्रत नायक नाम के यूजर ने बीजू जनता दल की राज्यसभा सांसद सुलता देव को रेप और हत्या की धमकी दी थी. फेसबुक पर जब शख्स की प्रोफाइल चेक की गई तो उसे महिंद्रा का कर्मचारी पाया गया. उसने अपने बारे में बताया था कि वह साल 2012 से महिंद्रा ग्रुप में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा है. सत्यब्रत नायक की कथित धमकी के बाद महिंद्रा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए लिखा,

हमें फेसबुक पर हमारे एक कर्मचारी द्वारा एक राजनेता को कथित अशोभनीय और अनुचित मैसेज किए जाने की जानकारी मिली है. महिंद्रा किसी भी तरह के दुर्व्यवहार और धमकी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करती. महिंद्रा समूह ने अपनी स्थापना से ही मानवीय गरिमा के महत्व को सर्वोपरि माना है. और हमेशा एक सम्मानजनक माहौल बनाए रखने में विश्वास किया है. इन सिद्धांतों के किसी भी उल्लंघन को स्वीकार नहीं किया जाएगा. हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं. इसकी जांच शुरू कर दी है. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

महिंद्रा का बयान सुलता देव की प्रतिक्रिया के बाद आया है. उन्होंने रविवार, 17 अगस्त को X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नासिक में महिंद्रा कंपनी के एक कर्मचारी, जो बीजेपी कार्यकर्ता भी है, ने खुलेआम उनको रेप और जान से मारने की धमकी दी. बीजेडी सांसद ने लिखा, “अगर यह स्थिति है, तो कल्पना कीजिए कि ओडिशा की महिलाओं के साथ क्या होता होगा?” 

उन्होंने अपनी पोस्ट में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी को भी टैग किया है.

Advertisement

मामले पर शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सुलता देव का पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि यह बहुत शर्मनाक है और उनकी कलीग होने के नाते इस धमकी की कड़ी निंदा करती हैं. उन्होंने आगे कहा कि वह गृह मंत्री से अपील करती हैं कि इस तरह की हिंसक धमकी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें.

वीडियो: Operation Sindoor पर अंबानी, अडानी, महिंद्रा सब एकजुट, क्या-क्या कहा?

Advertisement