महाराष्ट्र में पहाड़ से गिरने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. इस मामले में लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं. बताया गया कि 18 साल के कुणाल चांदवडे को पिता ने फोन के लिए डांटा था. कथित तौर पर उसे iPhone चाहिए था. लेकिन पिता की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह बेटे को फोन दिला सकें. इस कारण गुस्से में बेटे ने खुद की जान लेने का फैसला किया. लेकिन उसे बचाने की कोशिश में पिता मुरलीधर और मां संगीता की भी मौत हो गई.
iPhone लेने की जिद में जान देने गया था कुणाल, बचाने गए मां-बाप की भी पहाड़ से गिरकर मौत हो गई
Maharashtra family death tragedy: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के तीन लोगों की पहाड़ से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई. 18 साल का कुणाल चांदवडे आत्महत्या करने के लिए पहाड़ पर चढ़ा था. उसे बचाने की कोशिश में माता-पिता की भी जान चली गई.

इंडिया टुडे से जुड़े इसरारुद्दीन की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस इंस्पेक्टर वालुज रामेश्वर गाड़े ने बताया,
“18 साल के बेटे को आईफोन चाहिए था, लेकिन घर की स्थिति ठीक नहीं थी. पिता ड्राइवर थे. अकेले कमाने वाले थे. बेटे की ख्वाहिश थी कि उसे नया आईफोन चाहिए. मगर पिता के मना करने के बाद बेटे को गुस्सा आ गया और उसने आत्महत्या करने का फैसला किया था.”
कुणाल छत्रपति संभाजीनगर के तिसगाव इलाके के पहाड़ पर चढ़ गया था. माता-पिता समेत गांव के लोग, सरपंच उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे. ताकि वह नीचे उतर आए. गांव के सरपंच ने मृतक को iPhone देने की भी बात कही थी. मगर वह किसी की सुनने को तैयार ही नहीं था.
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन दल के कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके थे. उन्होंने पहाड़ की तलहटी में बड़ा सुरक्षा जाल बिछा दिया. ताकि युवक गिरे तो उसे बचाया जा सके. लेकिन पहाड़ की चोटी पर खड़ा कुणाल बार-बार अपनी जगह बदल रहा था.
कुछ देर बाद पिता मुरलीधर भी बेटे को समझाने लगे. वह उसे किनारे से दूर कर रहे थे. बताया गया कि कुणाल ने पहाड़ी से सुसाइड करने की कोशिश की. पिता उसे बचाने के लिए पीछे दौड़े, उसका हाथ पकड़ने लगे. लेकिन उनका बैलेंस बिगड़ गया, जिससे वे दोनों ही नीचे गिर गए.
यह देख मां संगीता से सदमा बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने भी अपनी जान ले ली. कुछ ही मिनटों में पूरा परिवार खत्म हो गया. पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिवार के अन्य रिश्तेदारों से संपर्क किया है.
ये भी पढ़ें: नाराज बेटे को बचाने की कोशिश में मां-बाप भी पहाड़ से गिरे, तीनों की दर्दनाक मौत
इस घटना को कई लोकल लोगों और टूरिस्ट ने देखा, जो घंटों तक चले टकराव के दौरान मौके पर जमा हो गए थे. कुणाल को शांत करने की कोशिश के कुछ हिस्से वीडियो में रिकॉर्ड हो गए.
वीडियो: Galle Test जीत से Team India को क्या फायदा, WTC Final के लिए अब क्या करना होगा?













