कर्नाटक के शिवमोग्गा चिड़ियाघर में एक प्रेग्नेंट हिप्पो (hippopotamus) के कथित हमले से महिला डॉक्टर की मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला डॉक्टर रात के समय हिप्पो का टेंपरेचर मापने गई थी. सूबे के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने मृतक डॉक्टर के परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. वहीं, मामले की जांच की जा रही है कि हिप्पो ने ऐसा हमला क्यों किया?
जू में टेंपरेचर मापने के दौरान प्रेग्नेंट हिप्पो ने किया हमला, 27 साल की डॉक्टर की मौत
समीक्षा गुरुवार, 19 मार्च की रात करीब 10:30 बजे चिड़ियाघर के हॉस्पिटल गई थीं. वो यहां एक सन कोन्योर (चमकीले रंग का तोता) पक्षी के सेहत का जायजा लेने पहुंची थीं.


मृतक डॉक्टर की पहचान 27 साल की डॉ. समीक्षा रेड्डी के तौर पर हुई है, जो बेंगलुरु की रहने वाली थी. इंडिया टुडे से जुड़े नागार्जुन द्वारकानाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, समीक्षा गुरुवार, 19 मार्च की रात करीब 10:30 बजे चिड़ियाघर के हॉस्पिटल गई थी. वो यहां एक सन कोन्योर (चमकीले रंग का तोता) पक्षी के सेहत का जायजा लेने पहुंची थी. सन कोन्योर को देखने के बाद समीक्षा देर रात करीब 11:45 बजे एक गर्भवती हिप्पो (दरियाई घोड़े) के बाड़े में गईं ताकि वो थर्मल कैमरे की मदद से जानवर की सेहत पर नजर रख सकें.
इसी दौरान कथित तौर पर हिप्पो ने उन पर हमला कर दिया. इस हमले में डॉक्टर के लिवर और फेफड़ों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें पास के ही प्राइवेट हॉस्पिटल में पहुंचाया गया. इलाज के दौरान अगले दिन सुबह करीब 6.30 बजे उनकी मौत हो गई. चिड़ियाघर के अधिकारियों ने इसे एक 'दुर्भाग्यपूर्ण हादसा' बताया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों (safety protocols) की समीक्षा की जा रही है.
वहीं, हमले के पीछे की सही कारणों का पता लगाने की भी जांच चल रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने हादसे पर दुख जताया. साथ ही मृतक डॉक्टर के परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया.
यह भी पढ़ें: मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत पर बवाल, गोतस्करों पर हत्या का आरोप, पुलिस क्या बोली?
बता दें कि हाल ही में समीक्षा ने चिड़ियाघर में पशु डॉक्टर (वेटनरी ऑफिसर) के तौर ज्वॉइन किया था. वो चिड़ियाघर के सीनियर वेटनरी डॉक्टर के अंडर ट्रेनिंग भी ले रही थीं.
वीडियो: Tarun Murder Case: उत्तम नगर में 'खूनी होली' के अल्टीमेटम के बीच ईद कैसे मनेगी?





















