The Lallantop

जयपुर में पुलिसवाले ने होटल रूम में गर्भवती महिला से किया रेप, 3 साल का बेटा वहीं था, आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता के पति ने अपने पड़ोसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसी सिलसिले में कांस्टेबल भागाराम पीड़िता के घर गया था. इसके बाद कांस्टेबल ने महिला पर बयान दर्ज कराने के बहाने अपने साथ चलने का दबाव बनाया. रिपोर्ट के मुताबिक फिर उसे थाने से मात्र एक किलोमीटर दूर स्थित विंग्स होटल लेकर गया.

Advertisement
post-main-image
कांस्टेबल को गर्भवती महिला के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. (तस्वीर-इंडिया टुडे)

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक पुलिस कांस्टेबल को गर्भवती महिला के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि कांस्टेबल बयान दर्ज करने के बहाने महिला को होटल ले गया था. उस दौरान महिला के साथ उसका तीन साल का बेटा भी था. आरोप है कि विरोध करने पर पति को बंद करने की धमकी देकर पुलिसकर्मी ने महिला का रेप किया. घटना के बाद महिला ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ FIR दर्ज करवाई. पुलिस ने जांच के साथ ही आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े विशाल शर्मा रिपोर्ट के मुताबिक घटना शुक्रवार, 8 मार्च की है. पीड़िता के पति ने अपने पड़ोसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसी सिलसिले में कांस्टेबल भागाराम पीड़िता के घर गया था. इसके बाद कांस्टेबल ने महिला पर बयान दर्ज कराने के बहाने अपने साथ चलने का दबाव बनाया. रिपोर्ट के मुताबिक फिर उसे थाने से मात्र एक किलोमीटर दूर स्थित विंग्स होटल लेकर गया.

रिपोर्ट के मुताबिक होटल पहुंचने के बाद कांस्टेबल भागाराम ने होटल मैनेजर से पीड़िता के कपड़े बदलवाने के लिए कमरा मांगा. पुलिसकर्मी को देखकर होटल मैनेजर ने उसे कमरा दे दिया. आरोप है कि इसके बाद कांस्टेबल ने बच्चे के सामने महिला का रेप किया. महिला के विरोध करने पर आरोपी ने महिला के पति को जेल में डालने की धमकी दी.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक पहले धमकी से महिला डर गई. लेकिन बाद में उसने पूरी घटना अपने पति को बताई. इसके बाद पति ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता की शिकायत के बाद सांगानेर पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने कांस्टेबल भागाराम के खिलाफ FIR दर्ज की. मामले में जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया. टेस्ट में रेप की पुष्टि हुई है. ACP (सांगानेर) विनोद कुमार शर्मा मामले की जांच कर रहे हैं. आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

मामले को लेकर सूबे की सियासत में भी उबाल है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि महिला दिवस के दिन यह घटना हुई है. टीकाराम ने कहा, "महिला के साथ दरिंदगी के बाद मुक़दमा तक दर्ज नहीं हो रहा था. इसकी सूचना कमिश्नर को दी गई. जब पूरे मामले का पता चला तब जाकर मुक़दमा दर्ज हुआ है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र का मामला है. राजस्थान में क़ानून व्यवस्था कितनी ख़राब हो गई है."

Advertisement

वहीं सरकार की तरफ से राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने इस वारदात को 'निंदनीय' बताया. उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है. मंत्री जवाहर सिंह ने कहा कि जैसे ही पुलिस को इसका पता चला, आरोपी को तुरंत को गिरफ़्तार किया गया. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो: कांस्टेबल के घर से इतने नोट मिले कि आंखें फटी रह जाएं

Advertisement