दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई है. अदालत में सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर एक जनहित याचिका पर सुनवाई चल रही थी. इसी दौरान कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया कि सोशल एक्टिविस्ट की सेहत हर रोज़ मॉनिटर होनी चाहिए. साथ ही ये भी कहा कि अगर जबरदस्ती मेडिकल ट्रीटमेंट की ज़रूरत पड़े तो वो भी करें. वहीं सरकार की तरफ से दलील दी गई कि डॉक्टर हर रोज़ सोनम की जांच कर रहे हैं.
'हर नागरिक की जिंदगी कीमती', सोनम वांगचुक को लेकर हाईकोर्ट चिंतित, सरकार ने दिया जवाब
Delhi High Court on Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 19 वां दिन है. दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार को सोनम की सेहत मॉनिटर करने का आदेश दिया है. सरकार की तरफ से भी जवाब आया है.


सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 19वां दिन है. डॉक्टर ने बताया है कि उनका वजन तेजी से घटा है. लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, याचिका की सुनवाई चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया कर रहे थे. अदालत ने कहा, ‘देश के सभी नागरिकों की जान कीमती है और उन्हें बचाने के लिए सरकार को हर मुमकिन कोशिश करनी चाहिए.’
सरकार की तरफ से दलील देने के लिए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता कोर्ट में पेश हुए थे.
दिल्ली हाईकोर्ट में वकील राकेश कुमार सैनी ने एक जनहित याचिका दाखिल की थी. याचिका में उन्होंने अपील की कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को सोनम वांगचुक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए. इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आदेश जारी किया है. अदालत ने कहा, ‘इस मामले में तुषार मेहता ने जो स्टैंड लिया है, उसकी हम सराहना करते हैं.’
कोर्ट ने साफ कहा है कि डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर अगर मेडिकल ट्रीटमेंट की ज़रूरत पड़े तो सरकार मामले में दखल देकर तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए. याचिका में ये भी मांग की गई थी कि ज़रूरत पड़ने पर सोनम को नाक या मुंह के ज़रिए जबरदस्ती खाना खिलाया जाए.
सरकार का स्टैंडसरकार की तरफ से तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि सोनम वांगचुक की हर रोज़ जांच होती है. ये जांच सरकारी डॉक्टर और मेडिकल एक्सपर्ट द्वारा की जा रही है. उन्होंने आगे बताया कि अगर डॉक्टर उन्हें एडमिट करने की सलाह देते हैं तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया जाएगा और ये सुनिश्चित किया जाएगा कि उनका बेहतर इलाज हो.
ये भी पढ़ें: 'सोनम वांगचुक को जबरन खिलाया जाए, वर्ना दो दिन में मौत हो जाएगी', दिल्ली HC में याचिका दायर
सोनम की सेहत पर डॉक्टर क्या बोले?सोनम की सेहत पर बात करते हुए डॉक्टर सतीश लांबा ने कहा कि वो सोनम की सेहत बहुत करीब से मॉनिटर कर रहे हैं. उनके मुताबिक, पिछले 19 दिनों में सोनम का वजन कुल 9 किलोग्राम तक घट चुका है. शुगर लेवल 80 mg/dL और पल्स रेट 72/मिनट है. उनका ब्लड प्रेशर 105/61 mmHg है. शरीर में पानी की मात्रा ठीक है और मेंटली अलर्ट हैं. 16 जुलाई को उनका वजन 56.9 kg रिकॉर्ड हुआ है.
डॉक्टर सतीश लांबा का कहना है कि तीसरे स्टेज के लिए उन्हें कुछ दिन तक और ऑब्ज़र्व किया जाएगा. उन्होंने आशंका जताई है कि ये स्टेज और घातक हो सकती है, क्योंकि इसमें शरीर के ऑर्गन पर असर पड़ सकता है.
वीडियो: सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर विदेशी मीडिया क्या लिख रहा?









