North-East Girls Racial Abuse: 20 फरवरी को दिल्ली के मालवीय नगर में अरुणाचल प्रदेश की तीन लड़कियों पर एक कपल ने कथित नस्लीय टिप्पणी की थी. अब इसके आरोपी हर्ष सिंह का माफीनामा आया है. माफ़ी मांगते हुए उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से जो बातें कही गईं, उसके लिए वो और उनकी पत्नी शर्मिंदा हैं. लेकिन लोगों ने अभी सिर्फ एक ही पक्ष सुना है.
'बहुत गलत बोला, माफ कर दें... ', दिल्ली में लड़कियों को 'धंधेवाली' कहने वाला कपल अब मांग रहा माफी
North-East Girls Racial Abuse in Delhi: इस घटना का वीडियो कुछ रोज पहले आया था. इसमें दिख रहा है कि कपल ने तीन लड़कियों के खिलाफ अश्लील टिप्पणी की. ऐसी-ऐसी बातें बोलीं, जिन्हें एक सभ्य समाज में कोई बोल नहीं सकता. अब आरोपी पति-पत्नी ने माफ़ी मांगी है.


इंडिया टुडे से जुड़े आशुतोष कुमार से बातचीत में आरोपी हर्ष सिंह ने कहा,
देखिए जो भी हुआ, हीट ऑफ़ द मोमेंट में हुआ. उनकी जगह कोई और भारतीय होता तो भी लड़ाई होती ही. फिर भी जो शब्द हमने इस्तेमाल किए, वो नहीं करने चाहिए थे. उसके लिए हम बहुत शर्मिंदा हैं, नॉर्थईस्ट के लोगों से माफ़ी मांगता हूं. उन लड़कियों से हम पहले ही 3 बार माफ़ी मांग चुके हैं.
कुछ रोज पहले एक ही बिल्डिंग में रहने वाले दो पक्षों के बीच AC को लेकर विवाद शुरू हुआ था. लड़कियों ने बताया कि कपल ने बहस में कई नस्लीय टिप्पणियां की थीं. और लड़कियों को 500 रुपए में काम करने वाली सेक्स वर्कर तक कह दिया था. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
हर्ष का दावा है कि वीडियो रिकॉर्डिंग के शुरू होने से पहले लड़कियों ने भी उनको और उनकी पत्नी को गलत शब्द कहे थे. उन्होंने आगे अपने बयान में कहा,
इन लोगों ने हमारा रिएक्शन रिकॉर्ड करके डाला है. बहस लगभग 40 मिनट तक चली थी, लेकिन क्लिप का छोटा हिस्सा ही दिखाया जा रहा है. जब वो लडकियां ऊपर आईं तब भी बहस हुई थी, जिसमें उन्होंने बहुत कुछ कहा था. लेकिन घटना का पूरा वीडियो रिकॉर्ड नहीं किया गया.
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने BJP नेताओं के साथ हर्ष सिंह की कुछ तस्वीरें शेयर कर लिखा,
‘इस पॉलिटिशियन के बेटे और इसकी पत्नी ने नस्लीय भद्दी बातें कहीं. इस BJP के छुटभैये को देखकर मुझे ज़रा सा भी आश्चर्य नहीं हुआ. ऐसी हरकतें, ऐसी नफ़रत, ऐसी सोच भाजपाइयों की ही हो सकती है.’
इस पोस्ट पर बात करते हुए हर्ष ने बताया कि वो किसी भी पार्टी से ताल्लुक नहीं रखते. तस्वीरों पर बात करते हुए बोले,
विपक्षी नेताओं को शर्म आनी चाहिए कि अपनी राजनीति गरमाने के लिए वो मुझे मोहरा बना रहे हैं. सुप्रिया जी ने मेरा पक्ष जाने बिना सोशल मीडिया पर तस्वीरें डाल दीं. उन्हें कहानी का दूसरा पहलू भी सुनना चाहिए था. ये मेरे इवेंट की तस्वीरें हैं जहां कई नेता, एक्टर्स वगैरह आते रहते हैं.
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने हर्ष सिंह और रूबी जैन के खिलाफ, भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्द), 351(2) (आपराधिक धमकी), 3(5) (सामान्य नीयत) और 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास स्थान, भाषा आदि के आधार पर शत्रुता को बढ़ावा देना) के तहत मालवीय नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की थी.
वीडियो: दिल्ली के मालवीय नगर में कथित मॉब लिंचिंग से 8 साल के बच्चे की मौत



















.webp?width=120)

