The Lallantop

चारधाम यात्रा के बहाने नई साइबर ठगी, हेलीकॉप्टर सर्विस के नाम पर श्रद्धालुओं से लाखों की लूट

बिहार के नालंदा जिले से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके लिए STF की टीम ने बिहार में करीब एक हफ्ते तक अभियान चलाया.

Advertisement
post-main-image
आरोपियों ने बताया किस तरह लोगों को फंसाते थे. फोटो- इंडिया टुडे

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन फर्जी बुकिंग कर पैसे ठगे जाने का मामला सामने आया है, जिसमें STF ने साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है।
  • इस ठगी की पृष्ठभूमि में साइबर अपराधियों ने फेसबुक, व्हाट्सएप और फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से खुद को अधिकृत एजेंट बताकर श्रद्धालुओं को फंसाया, जबकि इनके खिलाफ पहले से नालंदा जिले में एक और केस दर्ज था।
  • STF ने आरोपियों को गिरफ्तार कर डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं और 300 से अधिक नकली सोशल मीडिया लिंक और 100 संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक किए हैं; जांच जारी है और श्रद्धालुओं को केवल आधिकारिक पोर्टल से टिकट बुक करने की सलाह दी गई है।
author-image
अंकित शर्मा

अगर आप उत्तराखंड में चारधाम यात्रा करने की प्लानिंग कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए. इस यात्रा से जुड़े एक फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. यहां हेलीकॉप्टर सर्विस के नाम पर श्रद्धालुओं से फर्जी बुकिंग के जरिये पैसे ऐंठे जा रहे थे. स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस केस की जांच में देशभर में फैले साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े कई सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े अंकित शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके लिए STF की टीम ने बिहार में करीब एक हफ्ते तक अभियान चलाया. इस दौरान टेक्निकल एनालिसिस, बैंक अकाउंट्स की जांच और मोबाइल डेटा के आधार पर पुलिस दो आरोपियों तक पहुंची. 

मामले को लेकर SSP STF अजय सिंह ने बताया.

Advertisement

‘चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए एक एंटी हेली फ्रॉड सेल का गठन किया गया था. ये टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, संदिग्ध वेबसाइटों और डिजिटल माध्यमों पर लगातार नजर बनाए हुए थी. इसी निगरानी के दौरान पता चला कि एक संगठित गिरोह फर्जी फेसबुक पेज, वॉट्सऐप नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल कर खुद को ऑथराइज्ड हेलीकॉप्टर सेवा एजेंट बता रहा था. और लोगों के साथ ठगी कर रहा था.’

उन्होंने बताया कि इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार हुए आरोपियों के नाम दीपक कुमार और विजित कुमार उर्फ मिकी हैं. जांच में सामने आया कि दोनों ने शिकायतकर्ता को फर्जी हेलीकॉप्टर टिकट देकर लाखों रुपये की ठगी की थी. इसके अलावा एक और आरोपी की भूमिका भी सामने आई है. कुछ आरोपी फरार भी हैं, उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है.

Bihar STF
बिहार में हफ्तेभर चला अभियान. फोटो-इंडिया टुडे
श्रद्धालुओं को ऐसे फंसाते थे 

पुलिस से पूछताछ में आरोपियों ने ठगी के तरीकों के बारे में कबूला है. उन्होंने बताया कि उनका गैंग सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए श्रद्धालुओं से संपर्क करता था. फिर 'वीआईपी दर्शन', 'तुरंत कन्फर्म टिकट' और 'लिमिटेड सीटें उपलब्ध' जैसे मैसेज भेजकर लोगों को झांसे में लिया जाता था. पेमेंट अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जिन्हें म्यूल अकाउंट (Mule Account) के रूप में इस्तेमाल किया जाता था. 

Advertisement

बाद में एटीएम से कैश निकालकर ग्रुप के सदस्यों के बीच 15 से 25 प्रतिशत तक कमीशन के आधार पर ये पैसे बांट दिए जाते थे. ये आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अनजान लोगों के मोबाइल हॉटस्पॉट और इंटरनेट कनेक्शन का इस्तेमाल करते थे. ताकि उनकी लोकेशन और डिजिटल पहचान आसानी से ट्रेस न हो सके.

जांच में ये भी पता चला है कि इस गिरोह के संबंध नालंदा में दर्ज एक दूसरे साइबर फ्रॉड केस से भी हैं. पूछताछ में आरोपियों से ये इशारा भी मिला है कि वे साइबर ठगी में नाबालिगों का भी इस्तेमाल कर रहे थे. बताया गया कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है.

100 से ज्यादा वॉट्सऐप नंबर ब्लॉक

फिलहाल, STF ने आरोपियों के कब्जे से पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, सिम कार्ड से जुड़ी सामग्री, आधार कार्ड, पैन कार्ड और दूसरे अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं. SSP अजय सिंह ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचाने के लिए एंटी हेली फ्रॉड सेल लगातार कार्रवाई कर रही है. 

अब तक 300 से ज्यादा फेक सोशल मीडिया लिंक और 100 से ज्यादा संदिग्ध वॉट्सऐप नंबर ब्लॉक कराए जा चुके हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल अधिकृत पोर्टल या सरकारी वेबसाइट से ही करें. सोशल मीडिया पर दिए किसी लिंक पर क्लिक ना करें या किसी एजेंट के झांसे में न आएं.

वीडियो: चारधाम यात्रा में 40 श्रद्धालुओं की मौत, स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा?

Advertisement