The Lallantop

'25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाई मोदी सरकार', BJP का बड़ा दावा

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- 'हम गरीबी हटाओ का नारा लेकर नहीं चले हैं, लेकिन हमने गरीब कल्याण करके दिखाया है.'

Advertisement
post-main-image
जेपी नड्डा ने नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया है. (इंडिया टुडे)

नरेंद्र मोदी 3.0 का एक साल पूरा हो गया है. इसके साथ ही बतौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 साल पूरे कर लिए हैं. इस अवसर पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी हेडक्वार्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया. उन्होंने कहा कि देश 11 साल पहले तुष्टिकरण की राजनीति देख रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'पॉलिटिक्स ऑफ रिसपॉन्सिबिलिटी' और रिपोर्ट कार्ड की राजनीति की शुरुआत की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा,

 पीएम मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है. यह सरकार आर्थिक अनुशासन लाई है. हम एक जवाबदेह सरकार हैं. हम अपना रिपोर्ट कार्ड देते हैं. हमारी सरकार दमदार और मजबूत फैसले लेने वाली सरकार है.

Advertisement

जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भारत का आम नागरिक कहता है मोदी है तो मुमकिन है. आज 3 चीजें हो रही हैं. विकास, आविष्कार और नवाचार. नरेद्र मोदी की सरकार ने पारदर्शिता की नई मिसाल कायम की है.

बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने आगे कहा, 

नरेंद्र मोदी सरकार में परफॉर्म (Perform), रिफॉर्म (Reform) और ट्रांसफॉर्म (Transform) का मंत्र दिखता है. हमने 'सबका साथ', 'सबका विश्वास' और 'सबका प्रयास' के सिद्धांत को अपनाया है.

Advertisement
मोदी सरकार के सख्त फैसलों से बदलाव हुआ

बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सरकार के कुछ ऐतिहासिक फैसलों को जिक्र किया, जिसमें आर्टिकल 370 और तीन तलाक का खात्मा शामिल है. उन्होंने आर्टिकल 370 हटाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि देश मान चुका था कि ये संभव नहीं है, लेकिन मोदी सरकार ने ये कर दिखाया.

जेपी नड्डा ने बताया कि आर्टिकल 370 समाप्त होने के बाद से जम्मू कश्मीर में वोटिंग टर्नआउट बढ़ गया. लोकसभा चुनाव 2025 में वोटिंग टर्नआउट 58.46 प्रतिशत रहा. वहीं विधानसभा चुनाव में ये आंकड़ा 63 फीसदी तक पहुंच गया. उन्होंने दावा किया कि ये बदलाव मोदी सरकार के साहसिक फैसले की वजह से आया है. साथ ही तीन तलाक का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिया.

उन्होंने सीएए, नोटबंदी, महिला आरक्षण, जैसे मुद्दों पर भी सरकार की पीठ थपथपाई. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार में टैक्स कलेक्शन में 238 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. और विदेशी मु्द्रा भंडार भी बढ़ा है.

कांग्रेस के गरीबी हटाओ नारे पर तंज करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, 

हम गरीबी हटाओ का नारा लेकर नहीं चले हैं, लेकिन हमने गरीब कल्याण करके दिखाया है. आंकड़े इस बात के सबूत हैं. देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं.

जेपी नड्डा के साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी महासचिव सुनील बंसल, कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: जेपी नड्डा से अचानक मिलने पहुंचे नीतीश कुमार, 15 मिनट तक क्या बात हुई?

Advertisement