दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के रक्सौल जा रही ट्रेन के सीलिंग पैनल से अचानक शराब टपकने लगी. पहले लगा कि कोच की छत से पानी टपक रहा है, लेकिन जब शराब की गंध आने लगी तो यात्रियों को शक हुआ. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी. जांच के दौरान शराब की करीब 20 बोतलें बरामद की गईं, जिनकी कीमत 20 हजार रुपये तक बताई जा रही है.
बिहार जा रही ट्रेन की छत से टपकने लगी शराब, बोतलों का वीडियो वायरल
Bihar Liquor Smuggling: पहले लगा कि कोच की छत से पानी टपक रहा है, लेकिन जब शराब की गंध आने लगी तो यात्रियों को शक हुआ. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी.


यह घटना आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस (15274) में शुक्रवार, 3 अप्रैल को हुई. ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से रक्सौल की तरफ जा रही थी और उत्तर प्रदेश के पिपराइच स्टेशन से कप्तानगंज के बीच थी. यह क्षेत्र पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के वाराणसी मंडल के तहत आता है. कोच S-4 में बैठे यात्रियों ने देखा कि छत से लगातार लिक्विड टपक रहा है. शुरुआत में इसे नॉर्मल रिसाव समझा गया, लेकिन गंध आने पर शक हुआ. इसके बाद यात्रियों ने तुरंत RPF को इसकी सूचना दी.
जांच के दौरान RPF टीम ने कोच की छत का कवर खोला तो अंदर शराब की बोतलें छिपी मिलीं. यात्रियों के सिर के ऊपर बनी संकरी जगह में करीब 15 से 20 बोतलें रखी गई थीं. ट्रेन की तेज रफ्तार के दौरान कुछ बोतलें टूट गईं, जिससे शराब रिसने लगी और छत से टपकने लगी. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वाराणसी के आरपीएफ कमांडेंट एस. राधाकृष्णन ने बताया,
"मौके से शराब की बोतलें बरामद की गई हैं. इनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है."
ये भी पढ़ें: बाइक पर लदी कुर्सियों में छिपाई थी 27 लीटर शराब, UP से बिहार ले जा रहे थे, जेल पहुंच गए
उन्होंने कहा कि ट्रेन रक्सौल जा रही थी, जहां शराबबंदी लागू है. ऐसे में शराब की तस्करी की आशंका है. इस मामले में आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिहार में शराबबंदी की वजह से तस्करी से अलग-अलग तरीके अपनाते रहते हैं. इस बार कोच की छत को ही छिपाने की जगह बनाया गया, लेकिन टूटी बोतलों से रिसाव होने पर मामला खुल गया.
वीडियो: शराबबंदी वाले बिहार में मंत्री नीरज कुमार और डीएम के सामने नशे में पहुंचा अफसर, जानिए आगे क्या हुआ?



















