इंटरनेट पर AISA की प्रेसिडेंट नेहा बोरा के दो वीडियो वायरल हैं. 11 अक्टूबर को उन्होंने RK आश्रम मार्ग पर प्रोटेस्ट का कॉल दिया था. इसी दिन के ये दोनों वीडियो हैं. एक वीडियो में दिल्ली पुलिस नेहा बोरा को पकड़ने के लिए दौड़ रही है. दूसरी तरफ कैमरों के सामने एक ऐसी महिला को हिरासत में लिया जा रहा है, जिसे देखकर सबको लगा कि पुलिस ने नेहा को डिटेन कर लिया है. मगर ट्विस्ट ये है कि इनमें से एक नेहा नहीं हैं.
नेहा बोरा एक साथ दो जगह दिखीं? पुलिस ने जिसे आरके आश्रम से पकड़ा वो कौन?
एक वीडियो में कनॉट प्लेस पर दिल्ली पुलिस नेहा बोरा को पकड़ने के लिए दौड़ रही है. दूसरे वीडियो में RK आश्रम में कैमरों के सामने नेहा को हिरासत में लिया जा रहा है. मगर अब इसका सच सामने आया है.

RK आश्रम में नेहा की गिरफ्तारी की खबर फैली, लेकिन तभी कनॉट प्लेस से उनका एक और वीडियो सामने आया. यानी असली नेहा CP में पुलिस को दौड़ा रही थीं, जबकि RK आश्रम में किसी दूसरी लड़की को डिटेन किया गया. फिर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई.
सोशल मीडिया पर किसी ने इसे पुलिस को चकमा देने की रणनीति बताया, तो किसी ने दिल्ली पुलिस की बड़ी चूक. अब नेहा बोरा ने खुद अपनी हमशक्ल के साथ तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘दो नेहाओं की कहानी. कोई रणनीति नहीं, बस एक इत्तेफाक.’
एक स्कार्फ, काले फ्रेम का चश्मा और चेहरे पर मास्क. यही वो लुक था, जिसे देखकर आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर मौजूद लोगों को लगा कि दिल्ली पुलिस ने नेहा बोरा को पकड़ लिया है. चार महिला पुलिसकर्मी एक महिला को खींचते हुए बस की तरफ ले जा रही थीं. कैमरे उस तरफ घूम गए. खबर फैल गई कि AISA की अध्यक्ष हिरासत में ले ली गई हैं.
लेकिन कुछ ही देर में पता चला कि जिसे पुलिस ने पकड़ा है, वो नेहा बोरा नहीं हैं. वो उनसे काफी मिलती-जुलती एक दूसरी महिला हैं.
नेहा के ऐलान के बाद आरके आश्रम इलाके में पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई. महिला पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में मौजूद थीं. SFI और AISA से जुड़े प्रदर्शनकारी वहां जुटने लगे. पुलिस प्रदर्शनकारियों को एक-एक करके हिरासत में ले रही थी. चार से पांच पुलिसकर्मी मिलकर किसी प्रदर्शनकारी को पकड़ते और बस में बैठा देते. इसी बीच भीड़ में से आवाज आई कि नेहा बोरा को पकड़ लिया गया है.
कैमरे तुरंत उस तरफ घूमे. एक महिला पुलिसकर्मी एक महिला का हाथ पकड़े थीं, तो दूसरी उनके कंधे और बांहों को खींच रही थी. महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रही थीं. चेहरे पर मास्क, गले में लाल कपड़ा और आंखों पर गोल काले फ्रेम का चश्मा था. बिल्कुल वैसा ही लुक, जिसके साथ नेहा बोरा अक्सर प्रदर्शन में दिखाई देती हैं.
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट से पहले सुरक्षा घेरा, 23 हजार अतिरिक्त पुलिस फोर्स, शराब-होटल बुकिंग पर रोक क्यों?
फिर असली नेहा बोरा कहां मिलीं?जब महिला को बस की तरफ ले जाया गया और उनका चेहरा कैमरे के सामने आया, तो साफ हुआ कि वो नेहा नहीं हैं. अब सवाल था कि अगर आरके आश्रम में पकड़ी गई महिला नेहा बोरा नहीं हैं, तो असली नेहा कहां हैं? इस सवाल का जवाब सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने दिया.
वीडियो में नेहा बोरा कुछ दूसरे प्रदर्शनकारियों के साथ दौड़ती नजर आती हैं. उनके पीछे पुलिसकर्मी भी दौड़ रहे हैं. बैरिकेड्स पार करते हुए प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस की तरफ बढ़ते हैं. नेहा ने खुद इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्स पर लिखा- ‘हम बैरिकेड्स पार करके कनॉट प्लेस पहुंच गए हैं.’
मतलब, जब आरके आश्रम में पुलिस एक महिला को नेहा समझकर हिरासत में ले रही थी, उस वक्त असली नेहा कनॉट प्लेस में थीं. वहां से प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे और पुलिस उन्हें रोकने में जुटी थी. आखिरकार कनॉट प्लेस से आगे बढ़ते हुए नेहा बोरा को विजय चौक के पास हिरासत में ले लिया गया.
वीडियो: दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा हुईं नेहा बोरा, AISA ने अगले कदम पर ये बता दिया?










