The Lallantop

अनुभव सिन्हा बोले, 'रा-वन 2' बनाने का बहुत मन है, बस शाहरुख खान...

अनुभव सिन्हा से पहले शाहरुख खान भी 'रा-वन 2' बनाने की इच्छा ज़ाहिर कर चुके हैं. अनुभव सिन्हा का कहना है कि इसमें दो-तीन साल का समय लगेगा.

Advertisement
post-main-image
'रा.वन' को बेस्ट स्पेशल इफ़ेक्ट्स का नेशनल अवॉर्ड दिया गया था.

Shah Rukh Khan स्टारर Ra-One रिलीज़ के वक्त बॉक्स ऑफिस पर विफल रही थी. मगर बीतते समय के साथ इसे अपने समय से आगे की फिल्म माना गया. क्लीन VFX और सुपरहीरो जॉनर में इसे मार्के की फिल्म माना जाता है. शाहरुख के फैन्स लंबे समय से डायरेक्टर Anubhav Sinha से ‘रा-वन’ का सीक्वल बनाने की मांग करते हैं. पिछले दिनों एक इंटरव्यू में अनुभव ने सेकेंड पार्ट की राह में सबसे बड़े रोड़े के बारे में बताया है. अनुभव का कहना है कि वो तो ‘रा-वन’ का सीक्वल बनाना चाहते हैं. मगर इस पर कम से कम 2-3 साल का समय लग सकता है. अगर शाहरुख इतना समय निकाल पाएं, तो  ज़रूर ये फिल्म हक़ीकत बन सकती है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अनुभव इन दिनों अपनी तापसी पन्नू स्टारर फिल्म 'अस्सी' का प्रमोशन कर रहे हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने प्रभात खबर को एक इंटरव्यू दिया. इस इंटरव्यू में उनसे 'रा-वन' के सीक्वल पर सवाल किया गया. इसके जवाब में उन्होंने कहा,   

"रा-वन 2 बनाने का मेरा भी बहुत मन है. अब तो शाहरुख खान साहब ने किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी बोल दिया. रा-वन 2 को बनाने में दो-तीन साल लगेंगे. ये दो-तीन साल की लंबी शादी है. मैं थोड़ा-सा खाली हो जाऊं. फिर सोचता हूं कि मैं अपनी ज़िंदगी के वो तीन साल इस फिल्म में लगाना चाहता हूं या नहीं. साथ ही ये भी देखना होगा कि तब खान साहब अवेलेबल हैं या नहीं. वो भी तो लगे हुए हैं एक के बाद एक फिल्में करने में."

Advertisement

'रा-वन' के सीक्वल वाले सवाल से खुद शाहरुख खान भी बच नहीं पाए हैं. 02 नवंबर 2025 यानी उनके 60वें जन्मदिन पर मुंबई में एक मीट एंड ग्रीट इवेंट रखा गया था. ‘SRK डे’ नाम के उस इवेंट में शाहरुख ने 'रा-वन' के बारे में खुलकर बात की थी. उन्होंने कहा,

"रा-वन एक नए किस्म की फिल्म थी और मेरे दिल के बहुत करीब थी. अनुभव (सिन्हा) ने बहुत मेहनत करके वो फिल्म बनाई थी. तो मैं उम्मीद कर रहा था कि इससे एक नया ट्रेंड शुरू होगा. ऊपरवाले से मुझे गिफ्ट मिला है कि मैं एक सक्षम पोजिशन में हूं. इसलिए मुझे हमेशा ऐसा लगता है कि मैं जब भी कोई फिल्म बनाऊं, तो वो लोगों को इंस्पायर करे. ताकि वो ऐसी फिल्में बनाएं. ये हमारे देश के लिए बहुत ज़रूरी है."

इसी बात-चीत के दौरान उन्होंने 'रा-वन' के सीक्वल का हिंट दे दिया था. वो कहते हैं,

Advertisement

"अगर अनुभव (सिन्हा) कभी तय करता है, तो बिल्कुल. जो फिल्म उसने बनाई थी, वो केवल वही बना सकता है. हमने बहुत मेहनत की थी उसके अंदर. इंशाल्लाह! अगर कभी ऐसा वक्त मिला और हम कर सके, तो हम बिल्कुल बनाएंगे."

दूसरे शब्दों में कहें तो शाहरुख और अनुभव, दोनों 'रा-वन' के सीक्वल पर काम करने को तैयार हैं. मगर समय की कमी उन दोनों के लिए दिक्कत है. शाहरुख इन दिनों 'किंग' की शूटिंग कर रहे हैं. ये मूवी 24 दिसंबर 2026 को रिलीज़ होगी. फिल्म रिलीज़ होते-होते वो 61 साल के हो चुके होंगे. इसके बाद यदि वो 'रा-वन' के सीक्वल पर काम शुरू करना भी चाहें, तो शूटिंग पूरी होने तक वो 64 के हो चुके होंगे. वो 'पठान'-'जवान' से पहले चार साल का ब्रेक ले चुके हैं. ‘डंकी’ के बाद उन्होंने अगली फिल्म में भी तीन साल का समय लिया है. कहने का मतलब ये कि शाहरुख जो भी फिल्में साइन कर रहे हैं, उन पर खूब सारा समय लगा रहे हैं. मेहनत कर रहे हैं. बिना किसी जल्दबाजी के काम कर रहे हैं. इसी का नतीजा है कि उनकी फिल्म बेहतर बनकर निकल रही है और लोगों को पसंद आ रही है. 

वीडियो: Ra.One वाले घोटाले के केस में Shahrukh Khan की जीत

Advertisement