Thalapathy Vijay ने Tamil Nadu Election 2026 में बड़ी जीत हासिल की है. जल्द ही वो राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते दिखेंगे. मगर उन्होंने दो साल पहले अपनी एक फिल्म के ज़रिए इसका हिंट दे दिया था! मजेदार बात ये है कि ऐसा करने के लिए उन्होंने किसी ज्योतिषी नहीं, बल्कि कार की एक नंबर प्लेट का सहारा लिया था. विजय की Greatest Of All Time (GOAT) फिल्म में दिखे इस नंबर प्लेट में ऐसा क्या है, जो ये विजय की जीत के बाद इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है.
थलपति विजय ने चुनाव जीतने से पहले ही अपनी गाड़ी पर CM 2026 लिखवा लिया था?
थलपति विजय ने दो साल पहले ही हिंट दे दिया था कि वो तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे.


GOAT, सितंबर 2024 में रिलीज़ हुई थी. तब तक विजय राजनीति में ऑफिशियली एंट्री ले चुके थे. फरवरी 2024 में उन्होंने तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) पार्टी की स्थापना की थी. साथ ही ये भी बता दिया कि वो जल्द ही फिल्मों से पूरी तरह संन्यास ले लेंगे. उसी साल सितंबर में GOAT आई, जिससे विजय की कार का नंबर प्लेट अब वायरल हो रहा. दरअसल, एक शॉट में उनका किरदार अपने एक साथी के साथ कार में बैठा है. रिलीज़ के वक्त तो नहीं, मगर अब लोगों ने उसके नंबर प्लेट को नोटिस किया. गाड़ी का नंबर था-'TN 07 CM 2026'.

विजय की जीत के बाद जनता ने इस नंबर प्लेट को डिकोड करना शुरू किया. उन्होंने बताया कि इसमें TN मतलब तमिलनाडु है. CM मतलब चीफ मिनिस्टर और 2026 मतलब साल 2026. यहां 07 को लेकर कोई स्पष्ट लॉजिक नहीं दिया गया है. मगर आपको तो पता ही है. Thala For A Reason. जो भी हो, विजय के फैंस का कहना है कि ये कोई रैंडम नंबर प्लेट नहीं, बल्कि उनकी भविष्यवाणी थी. इसके ज़रिए उन्होंने दो साल पहले ही बता दिया था कि वो 2026 में तमिल नाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे. और अब वो ऐसा करने के काफी करीब पहुंच गए हैं.
फिल्म में कुछेक अन्य सीन्स में भी कार की इस नंबर प्लेट पर खास फोकस किया गया है. यानी ये मेटा रेफरेंस मूवी में जानबूझकर डाला गया था. मगर इसके पीछे विजय नहीं, बल्कि GOAT के डायरेक्टर वेंकट प्रभु थे. एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने स्वीकारा कि ये नंबर प्लेट वाला आइडिया उनका ही था. विजय ने ऐसी कोई डिमांड नहीं रखी थी. मगर वेंकट ने उनके फैंस के लिए फिल्म में खास तौर पर ये ईस्टर एग छोड़ा, जो अब एक भविष्यवाणी की तरह वायरल हो चुका है.
वैसे, ये एकमात्र फिल्म नहीं, जिसमें विजय के भविष्य का हिंट मिला हो. 2018 में उन्होंने 'सरकार' नाम की एक मूवी में काम किया था. उसमें उनका किरदार एक NRI होता है, जो तमिलनाडु का करप्शन देख चुनाव लड़ने उतर जाता है. धीरे-धीरे बगैर किसी पॉलिटिकल एक्सपीरियन्स के भी वो लोगों को जोड़ता चला जाता है. इत्तेफाक से तमिलनाडु चुनाव में वो और उसके साथी बड़ी जीत हासिल कर लेते हैं. यदि आप इस मूवी को विजय के रियल लाइफ पॉलिटिकल एंट्री से कनेक्ट करें, तो दोनों में काफी समानताएं नज़र आएंगी. फर्क सिर्फ ये है कि 'सरकार' के क्लाइमैक्स में वो अपनी जगह एक कलेक्टर को राज्य का मुख्यमंत्री बनाते हैं. वहीं रियल लाइफ में ये लगभग तय है कि तमिलनाडु के अगले सीएम खुद बनेंगे.
वीडियो: तमिलनाडु चुनाव जीतने के बाद थलपति विजय पर कैसे मीम्स बन रहे?


















