Hrithik Roshan स्टारर Krrish देश की सबसे सफ़ल सुपरहीरो फिल्म फ्रैंचाइज़ में से एक है. इसकी पिछली मूवी यानी Krrish 3 को रिलीज़ हुए 13 साल बीत चुके हैं. इन 13 सालों में कई बार इसके चौथे चैप्टर के बनने-बिगड़ने की खबरें आई. हालांकि पिछले एक साल में ऋतिक ने खुद ही स्पष्ट कर दिया था कि वो Krrish 4 पर जोरों-शोरों से काम कर रहे हैं. सिर्फ़ एक्टर नहीं, बतौर डायरेक्टर भी. मगर अब खबर है कि ये मूवी एक बार फिर टल गई है. वजह है इसका भारी-भरकम बजट.
'कृष 4' बंद हो गई! ऋतिक रोशन का बजट सुनकर YRF ने घुटने टेक दिए
ऋतिक इस फिल्म से अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू कर रहे हैं. मगर मार्केट को देखते हुए YRF उन पर 500 करोड़ रुपये लगाने का रिस्क नहीं लेना चाहती.
.webp?width=360)

'कृष' फ्रैंचाइज़ की शुरुआती तीन फिल्में, यानी 'कोई मिल गया', 'कृष' और 'कृष 3' को राकेश रोशन ने प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया था. 'कृष 3' 2013 में रिलीज़ हुई थी. इसके बाद दशक भर से ज्यादा समय तक इसका चौथा पार्ट बन नहीं पाया. राकेश रोशन ने इस पीछे फिल्म के बड़े स्केल और सीमित बजट को ज़िम्मेदार ठहराया था. मगर मार्च 2025 में यशराज फिल्म्स और आदित्य चोपड़ा ने घोषणा की कि 'कृष 4' को वो प्रोड्यूस करेंगे. मगर लग रहा है कि सूई घूमकर दोबारा बजट पर आकर अटक गई है.
दरअसल, ऋतिक और आदित्य चोपड़ा में फिल्म के बजट को लेकर लंबी-चौड़ी बातचीत हुई. मगर मामला जमा नहीं. बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"ऋतिक रोशन कृष 4 को करीब 500 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनाना चाहते हैं. वहीं आदित्य चोपड़ा का मानना है कि फिल्म का बजट 350 करोड़ रुपये तक ही सीमित रहना चाहिए. बजट को लेकर कई दौर की बातचीत के बाद फिलहाल दोनों ने इस प्रोजेक्ट को कुछ समय के लिए टाल दिया है."
मजबूर होकर ऋतिक ने दूसरे फिल्म स्टूडियोज़ को इस फिल्म से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है. साथ ही वो बजट के लिहाज़ से ‘कृष 4’ की स्क्रिप्ट को भी रीराइट करना शुरू कर चुके हैं. सूत्र के मुताबिक,
"ऋतिक एक समझदार इंसान हैं. उन्होंने आदित्य चोपड़ा की राय को पॉजिटिव तरीके से लिया है. वो आदित्य द्वारा दिए गए सुझावों पर दोबारा विचार कर रहे हैं. साथ ही, फिल्म की फंडिंग जुटाने को लेकर दूसरे स्टूडियोज़ से भी बातचीत कर रहे हैं. वैसे, कृष 4 पर पूरी तरह काम शुरू करने से पहले ऋतिक एक और मूवी शुरू करना चाहते हैं. उन्होंने कई स्क्रिप्ट्स पढ़ी हैं और जल्द ही किसी एक को हरी झंडी देंगे."
ऋतिक 'कृष 4' को 2027 में रिलीज़ करना चाहते हैं. मगर YRF के हाथ खड़ा कर देने की वजह से उन्हें नए सिरे से काम शुरू करना पड़ेगा. 'कृष 3' साल 2013 में रिलीज़ हुई थी. तबसे अब तक सुपरहीरो जॉनर पूरी तरह बदल चुका है. आज लोगों के पास मार्वल और DC की सुपरहीरो फिल्में चुटकियों में उपलब्ध हैं. ऐसे में विजुअल इफेक्ट्स और प्रोडक्शन के लिहाज़ से 'कृष 4' को ग्लोबल स्केल पर बनाया जाना ज़रूरी ही नहीं, मजबूरी भी है. यही कारण है कि ऋतिक 500 करोड़ के बजट की मांग कर रहे हैं. मगर मार्केट की अनिश्चितता को देखते हुए आदित्य चोपड़ा इसका बजट 350 करोड़ रखना चाहते हैं. ताकि बजट रिकवरी आसान रहे. और फिल्म को नुकसान होने की संभवनाएं बेहद कम हो जाएं.
अभी तक देश की सबसे महंगी सुपरहीरो फिल्म 2.0 (2018) रही है. उसे 500 करोड़ रुपये में बनाया गया था. सैकनिल्क की मानें, तो फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 691 करोड़ रुपये कमाए थे. बजट के लिहाज़ से ये कोई तोड़-फोड़ कलेक्शन नहीं है. इसलिए YRF एक बार में इतने पैसे लगाने से बच रही है. वो भी तब, जब बतौर एक्टर भी ऋतिक की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर एवरेज या फ्लॉप ही रही हैं. इसमें यशराज फिल्म्स की ‘वॉर 2’ भी शामिल है. जो कि स्पाय यूनिवर्स की पहली फ्लॉप फिल्म है.
वीडियो: कृष 4 में दिखेंगे हॉन्ग कॉन्ग के ये फेमस रैपर, अपने रोल पर क्या बताया?












.webp?width=275)









