Hrihtik Roshan का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें ऋतिक के बॉडीगार्ड उनकी आंखों के सामने एक फूड डिलीवरी वाले बंदे को धक्का मारते नज़र आ रहे हैं. क्योंकि वो ऋतिक के साथ एक सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था. ऋतिक को सेल्फी से कोई दिक्कत नहीं थी. वो उसके कैमरे की तरफ झुक भी गए थे. मगर तभी बॉडीगार्ड आता है और उस शख्स को धक्का मारकर साइड कर देता है. यहां तक मामला समझ आता है. मगर ऋतिक ने उससे ऐसे मुंह फेर लिया, जैसे कुछ हुआ ही न हो. लोग ऋतिक की इस हरकत पर गुस्साए हैं.
डिलीवरी बॉय ऋतिक रौशन के साथ सेल्फी ले रहा था, बॉडीगार्ड ने धक्का मारकर साइड कर दिया
पब्लिक इस बात से नाराज़ है कि ऋतिक रौशन के सामने उनके बॉडीगार्ड ने धक्का मार दिया और उन्होंने कुछ नहीं कहा.


बताया जा रहा है कि ऋतिक अपने बेटों और पूर्व पत्नी सुज़ैन खान की फैमिली के साथ डिनर करने गए थे. खाना खाने के बाद ऋतिक पहले बाहर निकल गए. रेस्टॉरेंट के बाहर आकर परिवारवालों के आने का इंतज़ार करने लगे. वहीं पर एक फूड डिलीवरी करने वाला शख्स भी खड़ा था. उन्होंने फोन निकाला और ऋतिक रौशन के साथ सेल्फी लेने लगे. इतने में ऋतिक के बॉडीगार्ड आए और उस आदमी को धक्का मारकर साइड कर दिया. ऋतिक भी एक दम नॉर्मल तरीके से आगे बढ़ गए. मगर पब्लिक ने ये बात नोटिस कर ली. जनता कही रही है कि जिन लोगों ने उन्हें स्टार बनाया, वो उन्हीं के साथ इस तरह का बर्ताव कर रहे हैं.
इस पूरी घटना का वीडियो पैपराज़ी ने इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया. जिस पर लोग ऋतिक को झाड़ लगा रहे हैं.
एक यूज़र ने लिखा-
''हम लोगों की वजह से ये सब है और उस बेचारे को कैसे धक्का दे दिया. ये लोग समझते क्या हैं अपने आप को.''

दूसरे यूज़र लिखते हैं-
''क्या वो अपनी एक हफ्ते बाद रिलीज़ होने वाली फिल्म के प्रमोशन के दौरान ऐसे पेश आएंगे? कम से कम अपने आस पास के लोगों के लिए फेक स्माइल ही दे दीजिए.''

एक अन्य यूज़र ने लिखा-
''एक फैन पिक्चर ले रहा था और बॉडीगार्ड ने धक्का दे दिया. और रौशन ने कुछ नहीं बोला. बड़े ही दुख की बात है. इसकी पिक्चर देखना ही एक शर्म की बात है.''

दूसरे यूज़र ने लिखा-
''इनकी फिल्म देखनी नहीं चाहिए. ऐटिट्यूड देख रहे हो. उस बेचारे को धक्का दे दिया. पता नहीं समझते क्या हैं अपने आप को.''

ऋतिक रौशन आखिरी बार फिल्म 'विक्रम वेधा' में नज़र आए थे. पुष्कर-गायत्री डायरेक्टेड इस फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान और राधिका आप्टे ने भी लीड रोल्स किए थे. आने वाले दिनों में ऋतिक सिद्धार्थ आनंद डायरेक्टेड 'फाइटर' में नज़र आने वाले हैं. इसमें ऋतिक के साथ दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर जैसे एक्टर्स भी दिखाई देंगे.
वीडियो: ऋतिक रोशन और सिद्धार्थ आनंद अब फाइटर, वार के बाद कृष 4 पर भी काम कर सकते हैं



















