The Lallantop

रणवीर फरहान का 'डॉन 3' पंगा अब आमिर और ऋतिक रोशन मिलकर सुलझाएंगे!

जबकि रणवीर, ऋतिक पर भी ये आरोप लगा चुके हैं कि फरहान ने उन्हें भी 'डॉन 3' के लिए अप्रोच किया था.

Advertisement
post-main-image
ऋतिक रोशन ने 'डॉन 2' में कैमियो किया था.

Don 3 पर Ranveer Singh और Farhan Akhtar की तकरार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. पिछले दिनों Producers Guild of India (PGI) ने भी थक-हार कर इस मामले में बीच-बचाव करने से इन्कार कर दिया था. एक पल को ऐसा लगा कि दोनों पक्ष मामले को कोर्ट ले जाएंगे. मगर खबर आ रही है कि PGI ने एक बार फिर उनके बीच सुलह करवाने की कोशिश की है. हालिया मीटिंग में कई नामी-गिरामी प्रोड्यूसर्स के अलावा Aamir Khan, Rajkumar Hirani और Hrithik Roshan भी मौजूद थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मीटिंग में 'डॉन 3' विवाद पर अंतिम सिरे की बातचीत की गई है. इस दौरान आमिर, ऋतिक, हीरानी और फरहान के अलावा ज़ोया अख्तर, साजिद नाडियाडवाला, रमेश तौरानी, कुमार मंगत और अमृतपाल बिंद्रा भी मौजूद थे. मीटिंग का एजेंडा ये था कि जो दिक्कत 'डॉन 3' के साथ हुई है, वो आने वाले समय में किसी अन्य फिल्म के साथ न हो. सूत्र के मुताबिक,

"इन बंद कमरे की बैठकों से जो बात निकलकर सामने आ रही है, वो ये है कि आगे ऐसी सिचुएशन दोबारा न आए. इसके लिए सभी प्रोड्यूसर्स साथ मिलकर कोई बड़ा कदम उठाने की कोशिश कर रहे हैं."

Advertisement

PGI के साथ हुई शुरुआती मीटिंग्स में रणवीर ने फरहान पर कई आरोप लगाए थे. उनमें सबसे बड़ा आरोप ये था कि फरहान उनकी जगह ऋतिक रोशन को ‘डॉन 3’ में लेना चाहते थे. हालांकि बाद में ऋतिक ने खुद ही इस बात का खंडन कर दिया था. उन्होंने साफ़ कहा कि फरहान ने उन्हें इस फिल्म के लिए कभी अप्रोच नहीं किया था. इस बयान से विवाद को और हवा मिल गई.

रिपोर्ट है कि सभी प्रोड्यूसर्स बेहतर गाइडलाइन्स, तेज़ प्रोसेस और अच्छे फ्रेमवर्क के ज़रिए PGI के रूलबुक को अपग्रेड करना चाहते हैं. ऋतिक भी इस मसले पर उनसे सहमत हो रहे हैं. मीटिंग में कई अन्य मुद्दों पर भी बात की गई है. इनमें सबसे अहम है एक्टर्स का ऑनटूराज कॉस्ट. पिछले कुछ समय में आमिर समेत कई प्रोड्यूसर्स ने स्टार्स के साथ आने वाले दल-बल और उनके खर्चे पर अपनी आवाज़ उठाई थी. 'काबिल' के डायरेक्टर संजय गुप्ता ने तो रणवीर सिंह पर भी इस तरह के आरोप लगाए थे. इसलिए 'डॉन 3' से जुड़ी मीटिंग में इस मुद्दे पर भी चर्चा की गई ताकि आने वाले समय पर मेकर्स इस पर लगाम लगा सकें.

बता दें कि रणवीर ने 'धुरंधर' की रिलीज़ से पहले खुद को 'डॉन 3' से अलग कर लिया था. महीने भर पहले फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उनसे 40 करोड़ रुपये का हर्जाना मांग लिया. फरहान का कहना था कि उन्होंने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन में 40 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. इसलिए रणवीर को ये पैसे लौटाने चाहिए. मगर रणवीर इस बात के लिए तैयार नहीं हुए थे. उनका साफ कहना है कि जब उन्होंने मेकर्स से एक रुपया नहीं लिया, तो उसे लौटाने की जवाबदेही भी उनकी नहीं होगी. इस मुद्दे पर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है.

Advertisement

कुछ समय पहले रणवीर, फरहान को इस हर्जाने का एक छोटा हिस्सा लौटाने को तैयार हो गए थे. मगर फरहान इस समझौते के लिए तैयार नहीं हुए. पिछली मीटिंग में PGI ने रणवीर से कहा है कि अगर उन्हें हर्जाने वाले पैसों के हिसाब पर कोई शक है, तो उन्हें 'डॉन 3' से जुड़ा पूरा हिसाब-किताब दे दिया जाएगा. मगर रणवीर ने ऐसी कोई मांग रखी है या नहीं, इसे लेकर कोई अपडेट नहीं आई है. बताया जा रहा है कि 'डॉन 3' पर हुई इस नई मीटिंग से भी अबतक कुछ ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है. 

वीडियो: 'डॉन 3 के लिए रणवीर पैसे देने को तैयार, फिर क्यों फरहान कोर्ट जा रहे?

Advertisement