05 फरवरी. हर तारीख की तरह एक आम दिन. सोशल मीडिया पर किसी-न-किसी बात पर बॉयकॉट का हल्ला मच ही रहा था. तो उसे गिनते हुए भी आम दिन ही कहा जा सकता है. खैर, अक्षय ने इस दिन अपने इंस्टाग्राम पर एक छोटा सा वीडियो शेयर किया. एनिमेशन और ग्राफिक्स का यहां इस्तेमाल था. वीडियो के शुरुआत में अक्षय कुमार ग्लोब के एनिमेशन पर चलते हुए दिखते हैं. जहां उनके कदम पड़ते हैं, वहां भारत का नक्शा था. लोगों ने यही बात पकड़ ली. उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया.
अक्षय ने भारत के नक्शे पर पैर रखा, लोग बरस पड़े
ये गैर-ज़रूरी ट्रोलिंग और ये पूरा विवाद अक्षय की किसी फिल्म से जुड़ा हुआ नहीं है.


एक यूज़र ने लिखा,
ये अच्छा एडवर्टाइज़मेंट नहीं है अक्षय कुमार. आपका पैर इंडिया पर है.
एक ने सवाल किया कि सोचिए अगर ये किसी खान एक्टर ने किया होता तो? रमेश नाम के यूज़र ने लिखा,
इस वीडियो में देखिए अक्षय कुमार किस तरह भारत के नक्शे को अपने पैरों के नीचे रौंद रहा है. समाज इन्हें अपना हीरो मानता है. अक्षय कुमार को इसके लिए माफी मांगनी होगी.
एक यूज़र ने PM नरेंद्र मोदी और मुंबई पुलिस तक को टैग कर डाला. लिखा,
मिस्टर अक्षय कुमार भारत के नक्शे पर चल रहे हैं. प्लीज़ इनके खिलाफ ज़रूरी कारवाई कीजिए. ये एक शर्मनाक हरकत है.
एक ने लिखा कि शायद इस तरह से जानबूझकर कंट्रोवर्सी क्रिएट करने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरे यूज़र ने लिखा,
शर्म आनी चाहिए अक्षय कुमार. आपने भारत के नक्शे पर पैर रखकर इस देश की संप्रभुता का अपमान किया है.
अक्षय को सिर्फ ट्विटर पर ही ट्रोल नहीं किया गया. इंस्टाग्राम पर एक यूज़र ने लिखा,
सर, मैं आपका बड़ा फैन हूं. लेकिन भारत माता पर पैर नहीं रखना था.
आदिल नाम के एक शख्स ने लिखा,
भाई थोड़ी तो रिस्पेक्ट कर लिया करो हमारी भारत माता की.
ज़्यादातर कमेंट्स इसी लाइन पर थे. कि आपने भारत के नक्शे पर पैर क्यों रखा. माफी मांगों. इनके खिलाफ एक्शन लो आदि. अक्षय का ये वीडियो किसी फिल्म से जुड़ा हुआ नहीं है. दरअसल लंबे समय से फिल्म स्टार्स विदेशों में टूर करते रहे हैं. जहां वो विदेश में मौजूद अपनी जनता को केटर करते हैं. बड़ा इवेंट रखा जाता है और ये लोग वहां परफॉर्म करते हैं. अक्षय भी इसी साल मार्च के महीने में एक टूर करने वाले हैं. नाम है ‘द एंटरटेनर्स’. अक्षय के साथ इस टूर में नोरा फतेही, दिशा पाटनी, सोनम बाजवा और मौनी रॉय जैसे स्टार्स भी शामिल हैं.
वीडियो: अक्षय कुमार की 'सेल्फी' के ट्रेलर में सलमान और शाहरुख खान के किस फिल्म की कॉपी हुई?





















