The Lallantop

लगातार पिटती फिल्मों पर बोले अक्षय कुमार- "16 फ्लॉप्स दी, फिर भी खड़ा रहा"

Bade Miyan Chote Miyan के ट्रेलर लॉन्च पर Akshay Kumar ने अपने करियर के सबसे लो फेज़ पर कहा- "मैं अपने करियर की शुरुआत से ऐसे ही काम करता आया हूं. मुझे कोई नहीं रोक पाया है."

Advertisement
post-main-image
'बड़े मियां छोटे मियां' ट्रेलर इवेंट में अक्षय कुमार ने करियर के लो फेज पर बात की

26 मार्च को Bade Miyan Chote Miyan का ट्रेलर लॉन्च हुआ. इस मौके पर Akshay Kumar, Tiger Shroff, Prithviraj Sukumaran, Ali Abbas Zafar समेत कमोबेश पूरी टीम मौजूद रही. इस दौरान मीडिया ने एक्टर्स से सवाल पूछे. अक्षय कुमार की पिछली कुछ फिल्में परफॉर्म नहीं कर पाई हैं. उनकी पिछली 8 में से 7 फिल्में पिटी हैं. सिर्फ OMG 2 देखी और पसंद की गई. इस बाबत अक्षय से सवाल पूछा गया. इसके जवाब में अक्षय कुमार ने कहा कि उन्होंने करियर में ऐसा वक्त पहले भी देखा, जब उनकी 16 फिल्में बैक टू बैक फ्लॉप हुई थीं. मगर वो आज भी खड़े हैं. 

Advertisement

अक्षय कुमार ने इस सवाल के जवाब में कहा,

"हम हर तरह की फिल्मों की कोशिश करते रहते हैं. मैं किसी एक जॉनर पर रुक नहीं जाता हूं. मैं एक जॉनर से दूसरा और फिर तीसरा, जंप करता रहता हूं. चाहे फिर सक्सेस मिले या न मिले. मैं अपने करियर की शुरुआत से ऐसे ही काम करता आया हूं. मुझे कोई नहीं रोक पाया है. मैं ऐसे ही काम करता रहूंगा. चाहे कुछ सोशल हो, अच्छा हो, कॉमेडी हो या फिर एक्शन हो."

Advertisement

अपनी बातचीत में अक्षय आगे जोड़ते हैं,

“मैं हमेशा ही अलग-अलग तरह की फिल्में करता रहूंगा. मैं किसी एक तरह की फिल्मों से चिपक नहीं जाऊंगा. क्योंकि लोग कह रहे- ‘सर आज कल कॉमेडी और एक्शन बहुत चल रहा है’. इसका मतलब ये नहीं कि मैं सिर्फ एक्शन करूंगा. मैं अगर एक ही तरह की फिल्में करूंगा, तो मैं खुद बोर हो जाऊंगा. ऐसे में मैं खुद कुछ अलग करने की कोशिश करता हूं. चाहे फिर वो 'टॉयलेट- एक प्रेम कथा' हो, 'एयरलिफ्ट' हो या फिर 'रुस्तम' हो या कोई और फिल्में जो मैंने की हैं. कभी सक्सेस मिलती है, तो कभी नहीं मिलती है.” 

बातचीत में अक्षय ने उनकी फ्लॉप फिल्मों का भी जिक्र किया. अक्षय ने कहा-

Advertisement

"ऐसा नहीं है कि ये वक्त मैंने पहले नहीं देखा है. एक वक्त था जब मेरे करियर में मेरी बैक टू बैक 16 फिल्में फ्लॉप हुई थीं. लेकिन मैं खड़ा रहा. काम करता रहा. अब भी करता रहूंगा. ये एक ऐसी फिल्म है, जिसके लिए हम सभी ने बहुत मेहनत की है. और अब नतीजा हम सब देखेंगे. उम्मीद है कि ये फिल्म हम सभी के लिए गुड लक लाएगी."

'बड़े मियां छोटे मियां' के डायेरक्टर अली अब्बास जफर हैं. वो इससे पहले 'सुल्तान', 'टाइगर जिंदा है', 'भारत' और ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ जैसी फिल्में बना चुके हैं. उनकी नई फिल्म है BMCM. जिसका बजट करीब 350 करोड़ रुपए बताया जा रहा है. फिल्म को दुनिया के चार अलग-अलग देशों के 15 लोकेशंस पर शूट किया गया है. फिल्म में अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ के साथ पृथ्वीराज सुकुमारन, सोनाक्षी सिन्हा, मानुषी छिल्लर और अलाया एफ जैसे एक्टर्स भी नज़र आएंगे.

‘बड़े मियां छोटे मियां’ के अलावा अक्षय के खाते में कई और फिल्में हैं. इस लिस्ट में ‘सरफिरा’, ‘स्काय फोर्स’, ‘वेलकम टू द जंगल’, 'हाउसफुल 5', सी. शंकरन नायर की बायोपिक और ‘हेरा फेरी 3’ शामिल हैं. इसके अलावा 'सिंघम अगेन' में भी अक्षय का कैमियो होगा. साथ ही अक्षय कुमार लंबे समय के बाद प्रियदर्शन के साथ भी एक फिल्म करने वाले हैं. 

Advertisement