The Lallantop

पहले रणवीर सिंह को 'शक्तिमान' से रिजेक्ट किया, अब बोले मुकेश खन्ना-"करोड़ों का नुकसान हो रहा"

मुकेश के मुताबिक, उन्होंने रणवीर सिंह को 'शक्तिमान' की जगह तमराज किल्विश बनने की सलाह दी थी.

Advertisement
post-main-image
'शक्तिमान' साल 1997 में पहली बार डीडी नेशनल पर टेलिकास्ट हुआ था.

Ranveer Singh देश के अगले Shaktimaan बनने वाले थे. मगर Mukesh Khanna के अड़ंगे ने इस प्रोजेक्ट को कभी आगे बढ़ने ही नहीं दिया. शुरुआत वो रणवीर के न्यूड फोटोशूट की वजह से खफा थे. मगर अब मुकेश ने उन्हें रिजेक्ट करने के पीछे नई वजह बताई है. उनका मानना है कि रणवीर एक्टर तो ज़बरदस्त हैं मगर वो 'शक्तिमान' जैसे नज़र नहीं आते.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

टाइम्स नेटवर्क से हुई बातचीत में मुकेश ने कहा,

"देखिए मैं रणवीर सिंह को शक्तिमान बनाए जाने के खिलाफ़ हूं. हालांकि वो एक शानदार एक्टर हैं. उनमें ज़बरदस्त एनर्जी है. वो धुरंधर कर सकते हैं. वो गली बॉय हो सकते हैं. वो खिलजी का किरदार भी निभा सकते हैं. लेकिन शक्तिमान जैसे रोल के लिए सिर्फ अच्छा एक्टर होना भर काफी नहीं. आपका चेहरा भी उस किरदार जैसा दिखना चाहिए. जैसे पृथ्वीराज चौहान का रोल करने वाले एक्टर को वैसा ही नज़र आना चाहिए. लेकिन फिल्म में अक्षय कुमार उस तरह के नहीं लगे. बस विग वगैरह पहना देने से बात नहीं बनती. जब मैं ऐतिहासिक कैरेक्टर निभाता था, तो मुझे सिर्फ अपना कॉस्ट्यूम पहनने में ही करीब डेढ़ घंटा लग जाता था. तब मैं सात इंच का मुकुट पहनता था.”

Advertisement

मुकेश ये मुकुट वाली बात 'महाभारत' में निभाए अपने किरदार भीष्म के कॉनटेक्स्ट में कह रहे हैं. जहां तक 'शक्तिमान' प्रोजेक्ट की बात है, सोनी पिक्चर्स इस फिल्म को प्रोड्यूस करना चाहती थी. फरवरी 2022 में उन्होंने ऑफिशियली इसे अनाउंस कर दिया था. मगर मुकेश खन्ना की आना-कानी के कारण मूवी चार साल से अटकी हुई है. हालांकि वो बताते हैं कि इससे उन्हें करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा है. खासकर इसलिए, क्योंकि 'शक्तिमान' के राइट्स उनके पास ही हैं. वो कहते हैं,

"ये मेरा नुकसान है. सोनी मुझे करोड़ों रुपये देने को तैयार है. फिर भी मैं मना कर रहा हूं. मैंने उन्हें कहा कि मुझे ये कास्ट नहीं चाहिए. मगर वो लोग अपनी बात पर अड़े हैं और मैं अपनी पर अड़ा हूं. उन्हें एक स्टार चाहिए. लेकिन मुझे स्टार नहीं चाहिए. अगर मुझे मौका मिले, तो मैं शक्तिमान की खोज में पूरे देश में ऑडिशन करवाऊंगा. इससे फिल्म को पब्लिसिटी मिलेगी. साथ ही हमें एक ऐसा लड़का भी मिल जाएगा, जो अच्छा दिखने के साथ सीधा-सादा और दयालु भी हो. मेरे लिए कोई भी ऐसा एक्टर, जिसकी पहले से एक बनी-बनाई इमेज है, शाक्तिमान नहीं बन सकता.”

'शक्तिमान' प्रोजेक्ट को 'मिन्नल मुरली' जैसी सुपरहीरो फिल्म बनाने वाले बेसिल जोसेफ डायरेक्ट करने वाले थे. मगर फिल्म ऐसा लटकी कि उन्होंने भी अपने हाथ जोड़ लिए. वैसे, सिद्धार्थ कनन को दिए एक अन्य इंटरव्यू में मुकेश ने बताया था कि एक बार सोनी पिक्चर्स, रणवीर और उनके बीच एक मीटिंग हुई थी. मगर तब मुकेश ने रणवीर को ये सलाह दी कि उन्हें 'शक्तिमान' की जगह फिल्म के विलन तमराज किल्विश का रोल करना चाहिए. वैसे, एक वाकया तो ऐसा भी हुआ था, जब रणवीर मुकेश को मनाने के लिए तीन घंटों तक उनके ऑफिस में इंतज़ार करते रहे थे. मगर उससे बात बन नहीं पाई. मुकेश ने ये दावा भी किया कि यशराज फिल्म्स के आदित्य चोपड़ा ने 10 साल पहले उनसे कॉन्टैक्ट किया था. वो 'शक्तिमान' के मेकिंग राइट्स खरीदना चाहते थे. मगर मुकेश इसके लिए भी तैयार नहीं हुए. नतीजतन, ये प्रोजेक्ट कभी बन ही नहीं पाया.

Advertisement

वीडियो: रणवीर सिंह की शक्तिमान बंद हो गई, वजह 'क्रिएटिव डिफरेंस' है!

Advertisement