The Lallantop

फेक प्रोफाइल बना ही रहे हैं तो ऐसे ब्लंडर तो मत कीजिए

फेसबुक पर फेक आईडी बनाने से पहले इन दस बातों का ध्यान रख लीजिए, पकड़े नहीं जाएंगे.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
एक कन्या की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई. कन्याओं की फ्रेंड रिक्वेस्ट आती है तो मैं चौकन्ना हो जाता हूं. एक अरब से ज्यादा की आबादी में एक मैं ही उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने को मिला था? 1.79 बिलियन लोग हैं फेसबुक पर. एक बिलियन कितना होता है मुझे नहीं पता, उसमें कितना जीरो होता है, वो भी मुझे नहीं पता लेकिन ये पता है कि मैंने अपनी ज़िंदगी में ऐसा कुछ नहीं उखाड़ा है कि किसी लड़की को मुझे रिक्वेस्ट भेजने में दिलचस्पी हो.
तो कन्या की प्रोफाइल पर जाते ही मैं चौंक गया, क्योंकि जिस लड़की की फोटो लगी थी उसे मैं जानता हूं. गौर से देखेंगे तो आप भी जान जाएंगे. ये आरुषि तलवार की फोटो थी. 14 साल की वो बच्ची, जिसका 2008 में नोएडा में उसी के घर पर मर्डर हो गया था. ये बहुत निर्मम और मिस्ट्री से भरा मर्डर केस है. साथ ही ये उतना चर्चित भी हुआ.
अगर किसी ने जान-बूझकर आरुषि तलवार की फोटो इस प्रोफाइल में लगाई है तो ये बहुत बुरा मजाक है. बहुत असंवेदनशील है कि आप मजाक के लिए किसी मर चुकी बच्ची की तस्वीर का इस्तेमाल करते हैं. और अगर किसी ने अनजाने में गूगल से ये फोटो उठाकर चिपका दिया है. तो उसने प्रोफाइल बनाई, फेक प्रोफाइल बनाई. लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए लेकिन खुद बहुत बड़ी मूर्खता कर दी. ऐसे तमाम मूर्खों के लिए जो फेसबुक पर फेक प्रोफाइल बनाते हैं लेकिन छोटी-छोटी गलतियां करते हैं और पकड़े जाते हैं उनके लिए ही ये आर्टिकल है. अव्वल तो आप बहुमूल्य डाटा बर्बाद मत कीजिए. गुरु मंत्र लिख लीजिए. नेट पैक अनमोल है, इसे फेक प्रोफाइल पर बर्बाद न करें. लेकिन अगर ठान ही लिया है कि नहीं आप फेसबुक पर आप दूसरे के नाम से ही फेक प्रोफाइल बनाएंगे, (और जाहिर है दूसरे से मतलब कोई लड़की ही होगी, लड़कों की फेक प्रोफाइल्स विरले ही बनती है.) तो ये पढ़िए.

फेसबुक पर फेक प्रोफाइल बनाने से पहले रखें इन 10 बातों का ध्यान

1. अपना जीमेल आईडी या फोन नंबर छुपा लें, आप बनना तो राइमा सेंगर चाहते हैं, लेकिन ईमेल रामरतन_एमआईटी@जीमेल डॉट कॉम दिख जाता है. आप बनते अंकिता हैं और जो नंबर प्रोफाइल पर दिखता है वो ट्र्यु कॉलर पर ऋषभ रस्तोगी का होता है. 2. फर्जी फोटो लगा ही रहे हैं तो फोटो HD में डाउनलोड कर लगाएं. यूसी मिनी से 8 KB की फोटो डाउनलोड कर लगाएंगे तो कौन ऐड करेगा? देखने से ही पता लगता है छिछड़ी-छिछड़ी है. 3. बांग्लादेशी ब्लॉग्स से कुर्ते-सलवार वाली फोटोज न लाएं, लड़के ठरकी हैं, दुनिया छोटी है. रोमांच की तलाश में लोग वहां बहुत घूम चुके हैं. ऐसी फोटोज देख नोस्टैल्जिक हो जाते हैं. 4. रिया, प्रिया, आलिया, श्रेया, रितु सोनम, निशा और पलक जैसे नाम न रखें. ये नाम बहुत घिस चुके हैं. इन लड़कियों को बख्श दो. कुछ 'नए' लेकिन पुराने नाम लाओ. इतना तो हमें भी पता होता है कि 1991 के पहले में तुम्हारे मां-बाप इतने कूल नहीं रहे होंगे कि वो ऐसे नाम रखें. वो पारुल या पूजा नाम ही रखेंगे. श्रुति और अनामिका भी घिस चुके हैं. उन्हें भी ट्राई न करें. और इस्लामोफोबिया है क्या? इतना जरनलाइज काहे करते हैं, और भी धर्म हैं, एंजल प्रिया ही एंजल काहे रहे? 5. कवर पिक में खुद की फोटो न लगाएं. हर फोटो पब्लिक में न रखें. हमें पता है कोई लड़की इतनी बुद्धू नहीं होती कि अपनी फोटो कवर पिक में लगाएगी और किसी भी ऐरे-गैरे को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजेगी. हर किसी को अपनी प्राइवेसी की फ़िक्र होती है. 6. प्रोफाइल बनाने के बाद कुछ देर आराम करें. एक दिन-दो दिन तो कर ही लें. हमें भी पता होता है कि हमारे मां-बाप की औलाद ठीक ठाक है, लेकिन इतनी भी आकर्षक नहीं है जिसे कोई सोलह मिनट या ढाई घंटे पहले नई आईडी बनाकर पहली रिक्वेस्ट हमें ही भेज दे. 7. क्लास ऑफ 2007 इन बिशप कॉटन और ला मार्टनियर लिखकर रिक्वेस्ट न भेजें. हमें ये भी पता है कि द लॉरेंस वाली कभी हम हनुमान मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वालों को रिक्वेस्ट न भेजेगी. ऐसा सपना सपने में भी न दिखाइए जो सच न हो. आपको लगता होगा कि इस मुल्क में वर्गभेद की खाइयां मिट गई हैं, पर ऐसा नहीं है. हमारे जख्मों पर और नमक न मलिए. 8. मान लीजिए आपने आईडी बना ही ली, रिक्वेस्ट भी भेज दी. चैट भी होने लगी लेकिन अब हंसते टाइम Hahaha मत लिखा कीजिए. Hehehe लिखिए. लोगों ने स्टीरियोटाइप पाल लिए हैं कि लड़के Hahaha हंसते हैं और लड़कियां Hehehe . 9. आपने ये गुण अपना लिया है कि इंस्टाग्राम से फोटोज लाकर फेसबुक पर औटाने लगे हैं, लेकिन इस बात का ध्यान तो रखिए कि फोटो एक ही इंसान की हों, और कम से कम रूस और फ्रांस वाली फोटोज न लगाइए. 10. आप पुरातनपंथी हैं और गूगल से ही फोटो चांपने में भरोसा रखते हैं तो कम से कम वॉटरमार्क मार्क ही हटा लीजिए. कई बार ऐसा होता है कि जेनुइन दिखने के चक्कर में रंगोली की फोटो लगाईं made by me टाइप कैप्शन भी डाल दिया लेकिन नीचे वॉटरमार्क एचडीवालपेपर का दिख रहा है.
पर किसी की फेक प्रोफाइल बनाना ही क्यों? जिससे बात करनी है अपनी प्रोफाइल से कीजिए. आपक पास बांटने के लिए क्या कम बातें हैं? अपनी फोटोज लगाइए, अपने अनुभव लिखिए, कुछ अच्छा देखा, बुरा देखा वो बताइए. ये तो मौक़ा है सबसे अपने विचार साझा कीजिए कि कैसे एक अच्छी दुनिया बनाने के लिए चार लोगों के आगे आप अपनी बात रख सकते हैं. हो सकता है सामने कहकर आप अपनी बात उतने अच्छे से न रख पाते हों, उसे लिख दीजिए. या आप बहुत अच्छे से अपनी बात कह सकते हैं, वीडियो बनाइए, लाइव चले जाइए. जो कहना है सामने रखकर कहिए.

 

KRK को फॉलो कर लेना, 'मधु शाह' की रिक्वेस्ट न एक्सेप्ट करना

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सावधान: आपकी फ्रेंडलिस्ट में कोई मोनिका कुमारी तो नहीं है

तोता बाला ठाकुर ने ऐसा क्या कर दिया जो वायरल हो गई

Advertisement

Advertisement
Advertisement