अब WhatsApp से कर पाएंगे मोबाइल रिचार्ज, काम के इस फीचर की सारी डिटेल समझ लें
WhatsApp Mobile Recharge: वॉट्सऐप अब आपके लिए एक और काम का फीचर लेकर आया है. इस मैसेजिंग ऐप से फोन रिचार्ज कर सकते हैं. पहले से ही मेटा के इस ऐप ने कुछ शहरों में मेट्रो टिकट बुक करने समेत कई और फीचर्स दे रखे हैं.

WhatsApp यूजर्स अब चिट-चैट करते हुए मोबाइल रिचार्ज (WhatsApp Mobile Recharge) भी कर पाएंगे. मेटा के मालिकाना हक वाला इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज का फीचर लेकर आया है. चैट स्क्रीन पर नजर आने वाले '₹' के आइकन की मदद से अपने मोबाइल नंबर के साथ-साथ यार, मित्र, दोस्त, मम्मी-पापा जिसका चाहें, उसका मोबाइल भी रिचार्ज कर पाएंगे. ऐप से मोबाइल रिचार्ज की सुविधा एंड्रॉयड और iOS दोनों फोन्स में मिलेगी. हाल फिलहाल एयरटेल, जियो और वोडाफोन-आइडिया के प्रीपेड यूजर्स चैट करते हुए रिचार्ज-रिचार्ज खेल सकते हैं. कैसे होगा, वो भी जान लीजिए.
WhatsApp और PayU का गठबंधन
WhatsApp पर पहले से ही बिल भरने और कुछ शहरों में मेट्रो टिकट बुक करने की सुविधा है. लेकिन मोबाइल रिचार्ज मिलने से यूजर्स को दूसरे UPI ऐप्स या अपने ही टेलिकॉम ऑपरेटर के ऐप का रुख नहीं करना पड़ेगा. वैसे भी आजकल यूपीआई ऐप्स तो मोबाइल रिचार्ज पर कुछ पैसा चार्ज करते हैं तो एकलौता ऑप्शन कंपनी का ऐप ही बचता है. ऐसे में व्हाट्सऐप से रिचार्ज थोड़ी झंझट कम करेगा. हालांकि कंपनी रिचार्ज पर चार्ज करेगी या नहीं, अभी पता नहीं चला है. ऐप ने इसके लिए पेमेंट कंपनी PayU से हाथ मिलाया है.
# रिचार्ज करने के लिए आपको चैट में नजर आने वाले '₹' के आइकन पर टैप करना होगा.
# अगर आप पहली बार इस आइकन पर टैप करते हैं तो आपको WhatsApp पेमेंट सेट करना होगा.
# जिस मोबाइल नंबर से आप चैट करते हैं अगर वही नंबर बैंक में भी रजिस्टर है तो व्हाट्सऐप यूपीआई कुछ सेकंड में सेट हो जाएगा.
# अगर नहीं, जैसा कई केस में होता है तो फिर बैंक में रजिस्टर मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप इंस्टाल करना होगा.
# इसके बाद '₹' के आइकन पर क्लिक करते ही आपको मोबाइल रिचार्ज का ऑप्शन दिखेगा.
# आप चाहें तो अपना या किसी और का मोबाइल रिचार्ज कर सकते हैं.
# रिचार्ज के ऑप्शन भी आपको स्क्रीन पर मिलेंगे.
# पेमेंट के लिए व्हाट्सऐप पेमेंट के साथ, यूपीआई और डेबिट/क्रेडिट कार्ड का भी ऑप्शन मिलने वाला है.
अगर आपको ये ऑप्शन नहीं दिख रहा तो टेंशन नक्को. जल्द ही नजर आने लगेगा. बीएसएनएल यूजर्स के लिए अभी ये सुविधा नहीं है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि व्हाट्सऐप इंडिया के पेमेंट बाजार में हिस्सेदारी के लिए बहुत हाथ पैर मार रहा है. 2020 से पेमेंट ऑप्शन देने के बाद भी कुछ हुआ नहीं. यूपीआई पर PhonePe, Google Pay का एकछत्र राज है. शायद मोबाइल रिचार्ज से व्हाट्सऐप को कुछ मदद मिले.
वीडियो: सोशल लिस्ट: दोस्त की गर्लफ्रेंड का गिफ्ट खोला, अंदर से जो निकला देखकर इंस्टाग्राम को जलन हो गई

