सैमसंग का ये फीचर स्मार्टफोन डेटा को ऐसी सिक्योरिटी देगा सर्विस सेंटर वाले भी कुछ ना कर पाएंगे
साही जानवर की तस्वीर देखकर हैरान ना हों. बात बनावट की नहीं, कैपेबिलिटी की है.

आपका फोन सर्विस सेंटर पर जाए तो धुकधुकी होना जायज है. एक तो फोन का सर्विस सेंटर जाना ही अपनेआप में दर्द है. दूसरा, एक डर हमेशा बना रहता है कि आपके डेटा का क्या होगा. वैसे इससे बचने के लिए स्मार्टफोन कंपनियां काफी कुछ करती हैं. लेकिन लगता है सैमसंग इसमें एक कदम आगे निकल गई है. कंपनी ने अपने स्मार्टफोन के लिए एक ऐसा फीचर पेश किया है जिससे फोन की डेटा सिक्योरिटी इतनी पक्की हो जाएगी कि उसमें सेंधमारी करना लगभग नामुमकिन होगा.
आपने साही (Porcupine) को तो देखा ही होगा. वो जानवर जिसकी पीठ में लंबे नुकीले कांटे होते हैं. जैसे ही कोई साही को पकड़ने या उस पर हमला करने की कोशिश करता है वो अपने ये कांटे खड़े कर लेता है. इस खूबी के चलते उस पर हमला करना बहुत मुश्किल होता है. हां पता है स्मार्टफोन में कांटे नहीं होते. लेकिन हम बनावट की नहीं, कैपेबिलिटी की बात कर रहे हैं. कोई आपके 'शरीर' यानी सिस्टम में सेंधमारी ना कर सके. सैमसंग का ये फीचर कुछ ऐसा ही है.
Samsung Maintenance Modeसाउथ-कोरियन टेक दिग्गज Samsung ने अपने यूजर्स के लिए खास प्राइवेसी फीचर रोलआउट किया है. इस मोड को इनेबल करने पर फोन के यूजर डेटा को एक्सेस करना लगभग असंभव होगा. मेंटेनेंस मोड फीचर यूजर्स के डेटा को सुरक्षित रखने में मदद करता है.
नाम से ही साफ है कि फीचर का असल काम सर्विस सेंटर पर आपके फोन का ख्याल रखना है. फीचर इनेबल होने के बाद फोन एक बार रीस्टार्ट होगा और केवल प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स दिखेंगे. मतलब जो पहले से ही इंस्टॉल हैं. बाकी जो ऐप्स आपने डाउनलोड किए वो और उनके साथ यूजर का दूसरा डेटा, जैसे कॉन्टैक्ट्स, फोटोज, वीडियोज, ऐप डेटा आदि को एक्सेस नहीं किया जा सकेगा.
अब आपको समझ आ गया होगा हम क्यों कह रहे थे कि फोन साही (Porcupine) जैसा हो जाएगा. वैसे बात सिर्फ उदाहरण देने के लिए लिखी गई है. अब जानते हैं ये फीचर कैसे और किस डिवाइस पर काम करेगा.
# Samsung की डिवाइस है और Android 13 पर बेस्ड OneUI 5.0 के साथ अपडेट है, तो आपको ये फीचर मिलेगा.
# सबसे पहले आप फोन की सेटिंग्स में जाएं.
# बैटरी एंड डिवाइस केयर वाला विकल्प चुनें.
# Maintenance Mode वाले ऑप्शन को इनेबल करें.
# फोन होगा रीस्टार्ट और काम खत्म.
# अब वापस नॉर्मल मोड में आना है तो सेटिंग्स में आकर यही प्रोसेस वापस से दोहराना होगा.
वीडियो: सैमसंग और आईफोन किनारे पड़े रहे, बेस्ट स्मार्टफोन का 'अवॉर्ड' इसे मिल गया!

