धूल खा रहे पुराने 10 हजारी स्मार्टफोन से ये 4 काम कराएं, हजारों रुपये बचेंगे!
घर की सिक्योरिटी से लेकर गेमिंग तक का मजा कई गुना बढ़ा सकता है पुराना स्मार्टफोन.

च्यवनप्राश के डिब्बे में बेसन और पेप्सी की बोतल में खाने का तेल हम भारतवासियों के घर में आम बात है. इतने भर से आपका मन नहीं भरा हो तो कभी ना कभी पुराने टूथब्रश से पजामे में नाड़ा जरूर डाला होगा. हम तो ठहरे आम आदमी. महानायक अमिताभ बच्चन भी पुरानी शैम्पू बोतल का इस्तेमाल करते हैं. इस सारी कवायद का मकसद ये बताना है कि हम लोग पुराने सामान का इस्तेमाल करने में एक्सपर्ट हैं. जब हम इतने बड़े उस्ताद ठहरे तो फिर पुराने स्मार्टफोन का भी सही उपयोग होना चाहिए. इसलिए हम आपको आज ऐसे ही चार एकदम जिगर भिन्नाट (बहुत पसंद आने वाले चीज के लिए इंदौरी एक्सप्रेशन) जुगाड़ बताएंगे जिनसे पुराने फोन का पूरा पैसा वसूल होगा.
सिक्योरिटी कैमरासिक्योरिटी कैमरा या सीसीटीवी आजकल कितना जरूरी हो गया है, वो बताने की जरूरत नहीं. लेकिन सिक्योरिटी कैमरा आज भी एक महंगा सौदा है. ऐसे में आप घर या ऑफिस में सिक्योरिटी कैमरा यूज करना चाहते हैं तो पुराना स्मार्टफोन आपके काम आ सकता है. किसी भी ऊंची जगह पर लगा दीजिए या फिर स्टैंड पर रखकर चार्जर से कनेक्ट कर दीजिए. पुराने हैंडसेट में Alferd CCTV ऐप डाउनलोड कीजिए और उसके बाद दोनों फोन पर अपने जीमेल से लॉग इन कीजिए और CCTV कैमरा तैयार हो गया. यकीन मानिए, जितनी जल्दी ये प्रोसेस बताया है, उतनी जल्दी ही सेटअप हो जाता है. Alferd CCTV ऐप पर काम के अधिकतर फीचर मुफ़्त हैं तो कोई एक्स्ट्रा खर्च की चिंता भी नहीं. मजे से घर में बच्चों और पालतू कुत्तों पर नजर रखिए.

जमाना स्मार्ट टीवी का है, लेकिन उसके रिमोट को ऑपरेट करने में बहुत कंठाल (परेशानी) आता है. एक-एक बटन दबाते-दबाते उंगलियां दुखने लगती हैं. ऐसे में पुराना स्मार्टफोन रिमोट का काम कर सकता है, वो भी आधिकारिक रूप से. अपने गूगल प्ले स्टोर से 'गूगल टीवी' ऐप डाउनलोड करना है और स्क्रीन पर दिख रहे निर्देशों के हिसाब से सेटअप करना है. लो जी! हो गया रिमोट तैयार. टाइप कीजिए, सर्च कीजिए या जेसचर कंट्रोल. इतना ही नहीं, वॉयस सर्च का फीचर भी लगे हाथ रख लीजिए.
गेम खेलने का मजा दोगुनाअगर आप डेस्कटॉप पर गेम खेलने के शौकीन हैं तो आपको गेमिंग एक्सेसरीज का महत्व पता ही होगा. मगर ये एक्सेसरीज काफी महंगी आती हैं खासकर कंट्रोलर. घर में धूल खा रहा पुराना स्मार्टफोन आपके कुछ पैसे बचा सकता है. आपको गूगल प्ले स्टोर से ‘Handy Gamepad’ ऐप डाउनलोड करना होगा. अब चाहें तो वाईफाई से वायरलेस तरीके से या यूएसबी से कनेक्ट करके पीसी पर गेम खेलने का मजा लीजिए.
वाईफाई राउटर कितना भी दमदार क्यों ना हो, उसकी अपनी लिमिट है. आजकल के राउटर तो काफी अच्छी रेंज के साथ आते हैं, लेकिन पुराने राउटर रो-रो कर ही काम करते हैं. इसी पुराने रोने वाले राउटर को ‘हंसाने’ का काम आपका पुराना स्मार्टफोन कर सकता है. तुकबंदी को परे रखते हैं. गूगल प्ले स्टोर से ‘NetShare’ ऐप डाउनलोड कर लीजिए. अब फोन करेगा राउटर का काम. बस जिस जगह रेंज कम आती है वहां रखकर चिल मारिए.

नया फोन खरीद लिया और पुराना बेच दिया तो कोई बात नहीं, लेकिन अगर पुराना फोन घर पर पड़ा रहता है तो उसको दिवाली की सफाई में फेकने से पहले या फिर किसी बच्चे के बस्ते की शोभा बनाने से पहले ऊपर बताए तरीकों में से कोई एक इस्तेमाल करके देखिए, बड़ा फायदा हो सकता है.
वीडियो: ये हैं 20000 रुपए तक के सबसे धांसू 5G स्मार्टफोन, जो होश उड़ा देंगे!

