The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Technology
  • CES 2025: best and weirdest products NVIDIA Cosmos, lg transparent tv, Electric Salt Spoon, smart spice dispenser

CES 2025: टेक लवर्स के लिए खुला झकास प्रोडक्ट्स का खजाना, करंट से नमक चखाने वाला चम्मच भी है

इस साल CES 2025 में लॉन्च हुए विचित्र प्रोडक्ट्स (best and weirdest products CES 2025) की खबर शायद नहीं लगी हो. मसलन खाने में नमक का ख्याल रखने वाला चम्मच या फिर कॉफी को ठंडी करने वाली बिल्ली. फोन चार्ज करने वाला टोस्टर भी दिखा तो किचन में मसाले निकलाने का भी प्रबंध आ गया.

Advertisement
Best Of CES 2025
CES 2025 में दिखे अजीब प्रोडक्ट्स
pic
सूर्यकांत मिश्रा
10 जनवरी 2025 (Updated: 11 जनवरी 2025, 09:04 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

नए साल की पहली तारीख के साथ टेक प्रेमियों की उम्मीदें एक बार फिर परवान चढ़ने लगती है. इसकी वजह होती है जनवरी के महीने में होने वाला CES 2025 शो. अमेरिका के Las Vegas में होने वाले Consumer Electronics Show में हर साल कमाल धमाल (best and weirdest products CES 2025) प्रोडक्ट लॉन्च होते हैं. इस साल भी ऐसा ही हुआ. मसलन, LG का लटकाने वाला पारदर्शी टीवी नजर आया तो रोबोटिक्स के लिए वीडियो वर्ल्ड मॉडल Cosmos भी रौला जमाते दिखा. AI बेस्ड प्रोडक्ट तो दिखने ही थे. इनकी जानकारी तो शायद अब तलक आपको लग चुकी होगी. मगर...

इस साल CES 2025 में लॉन्च हुए विचित्र प्रोडक्ट्स की खबर शायद नहीं लगी हो. मसलन, खाने में नमक का ख्याल रखने वाला चम्मच या फिर कॉफी को ठंडी करने वाली ‘बिल्ली’. फोन चार्ज करने वाला टोस्टर भी दिखा तो किचन में मसाले निकालने का भी प्रबंध आ गया. ऐसे लगा मानो Food AI शो चल रहा हो.

झटके वाला नमक

‘नमक इश्क़ का’ आपने सुना होगा. मगर ‘नमक झटके का’ या नमक AI का आपको CES में ही मिलेगा. कितनी बार ऐसा होता है जब आपको खाने में नमक कम लगता है. आप टेबल पर रखा नमक उड़ेलते हो या फिर मांगकर मिलाते हो. लेकिन सोचकर देखिए कि नमक का स्वाद खाने की जगह चम्मच में मिल जाए तो. जीभ पर नमक के झटके लगें तो. ऐसा हो सकता है Electric Salt Spoon की मदद से. Kirin नाम की जापानी कंपनी ये चम्मच बनाती है. जैसे इलेक्ट्रिक टूथब्रश होता है, तक़रीबन वैसे ही.

इस चम्मच में स्वादानुसार नमक का लेवल सेट कीजिए. और फिर इस चम्मच से अपने सूप को सुड़क लीजिए. आपको स्वाद आ जाएगा. जो आपको लगे कि चम्मच में नमक भरना होता होगा तो ऐसा नहीं है. इस चम्मच में से करंट निकलता है जो आपको नमक का स्वाद अनुभव करवाता है. थोड़ा अजीब है, मगर बिना नमक मिलाए नमक का स्वाद है तो बढ़िया. नमक कम खाने की सलाह तो दी ही जाती है. ऐसे में आजमाने में कोई बुराई नहीं.

बिल्ली-कॉफी-फू-फू

कप में 'गरम-गरम' कॉफी रखी है और सामने बिल्ली आ जाए तो आपकी जान हलक में अटक जाएगी. बिल्ली कॉफी पर गिरे या कॉफी बिल्ली पर. जलना आपको होगा. मगर जो आपके पास Nékojita FuFu की बिल्ली हो तो टेंशन नक्को. ये बिल्ली शैतानी नहीं करेगी बल्कि आपकी कॉफी को ठंडा करेगी. बिल्ली के आकार का ये प्रोडक्ट कॉफी मग में फिक्स हो जाता है फिर फू-फू करते हुए हवा छोड़ता है. ‘हवा ओ-हवा फू-फू करा दे’ का टाइम आप खुद तय कर सकते हैं. कंपनी इसके एल्गोरिदम को 'Fu-ing System' कहती है. खाने को ठंडा करने के लिए मुंह से हवा निकालने को जापानी में भी फू-फू ही कहते हैं. ‘Neko-jita’ मतलब बिल्ली की जीभ. जिससे इस प्रोडक्ट का नाम बना. वैसे नाम रखने में अपने अक्की बाबू का भी हाथ हो सकता है. वो भी तो नंदू को फू-फू करवाते रहते हैं.

स्पाइस अप योर किचन

क्या लगा हम कुछ और लिखेंगे? अरे जनाब… खैर लाइफ में स्पाइस आप ले आओ, किचन में स्पाइस, मतलब मसालों को हम ले आते हैं. खाने में कौन से मसाले मिलेंगे और कितने-कितने. अच्छे-अच्छे एक्सपर्ट के लिए ये सिरदर्द ही है. इसका माकूल इलाज लेकर आई है Spicerr नाम की कंपनी जिसने बनाया है Smart Spice Dispenser. एकदम तेल की कुप्पी जैसी जो अपने किचन में होती है, मगर AI की ताकत वाली.

बोतल जैसे इस प्रोडक्ट में गोली जैसे स्टाइल में मसाले भर दीजिए और फिर स्क्रीन पर अपनी डिश सिलेक्ट कर लीजिए. बस हो गया काम. दाल में दालचीनी डालना है या चाय में चीनी, ये प्रोडक्ट देख लेगा. ट्रांसपेरेंट प्रोडक्ट है, मगर जो मसाले खत्म हुए तो घंटी बजाकर आपको बता भी देगा. वैसे अगर आपको किसी को बताना नहीं हो तो एक बात बताऊं, आजकल के प्रिंटर भी तो ऐसे ही काम करते हैं ना.

लेट्स टोस्ट डी फोन

आप फिर गलत समझ लिए. हम फोन को चार्ज करने की बात कर रहे वो भी टोस्टर से. फोन की बैटरी का mAh भले कितना बढ़ गया हो, लिथियम-आयन से सिलिकॉन-कार्बन तक मामला आ गया हो, चार्जिंग 250W क्यों नहीं हो गई हो, लेकिन एक टोस्ट बनने जितने टाइम में चार्ज का अभी भी कोई जुगाड़ नहीं. लेकिन लगता है Swippitt ऐसा करने वाली है. कंपनी टोस्टर जैसा एक चार्जर लेकर आई है जो कुछ मिनट में फोन को अच्छा-खासा चार्ज कर देता है. वैसे खेल चार्जर का नहीं, बल्कि इसके साथ आने वाला बैक कवर है. दरअसल ये बैक कवर एक बैटरी पैक है. ऐसा ही एक कवर टोस्टर में पड़ा होता है तो चार्ज होता रहता है.

जैसे ही आपने इसमें फोन खोंसा, पुराना पैक अंदर और नया आपके फोन में. पूरे प्रोसेस में कुछ मिनट लगते हैं और आपका फोन 50 फीसदी तक चार्ज हो जाता है. थोड़ा फैंसी मामला है और पैसे भी 49 हज़ार लगेंगे. मगर काम करता है. लेट्स टोस्ट फॉर लाइफ.

iPad के साथ जीना-मरना

ये पक्का अपने टॉम क्रूज भाई की मिशन इम्पॉसिबल देखकर बनाया गया प्रोडक्ट है. उनकी फ़िल्मों में जैसे फोन कॉल खत्म होने पर फुस्स की आवाज के साथ खत्म हो जाता है, वैसे ही कुछ इस प्रोडक्ट के साथ है. Dead Man Walking जैसा कुछ. एक आईपैड होगा और एक रिंग होगी जो यूजर को हमेशा अपनी उंगली में पहननी होगी. ये रिंग यूजर की पल्स को पकड़े रहेगी. जैसे ही यूजर ने पल्स छोड़ी, मतलब प्राण गए, रिंग आईपैड को खराब कर देगी. फटने वाला मामला नहीं होगा, बल्कि आईपैड के कंपोनेंट्स को जला देगी.

(best and weirdest products CES 2025 )
iPad (Zugu)

इतना ही नहीं, यूजर के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर निधन की पोस्ट भी डाल देगी. इसे यूजर सेट भी कर सकता है. बोले तो अपना टाइम आ गया या फिर स्क्रीन टाइम खत्म हुआ दोस्तो या अच्छा चलता हूं, रीलों में याद रखना. हां, इस प्रोडक्ट के लिए सवा लाख रुपये मरने से पहले अदा करने होंगे.

बस बहुत हुआ. अब नहीं लिखना क्योंकि सब तो हमारे यहां से उठा लिया और क्रेडिट भी नहीं दिया. ये वाला प्रोडक्ट भी तो ‘जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी’ से प्रभावित है.

वीडियो: Gwalior: BSF के इंस्पेक्टर का डिजिटल अरेस्ट, 71 लाख की ठगी

Advertisement

Advertisement

()