The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Technology
  • call recording on Android will be discontinued permanently google hint

कॉल रिकार्डिंग अब हमेशा के लिए बंद होने वाली है?

ऐसी हिंट मिली है.

Advertisement
Google has hinted that call recording on Android will be discontinued permanently
कॉल रिकॉर्डिंग बंद होगी क्या (image-meme maker)
pic
सूर्यकांत मिश्रा
8 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 8 फ़रवरी 2023, 08:18 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

क्या स्मार्टफोन में कॉल रिकॉर्डिंग हमेशा के लिए बंद (Call Recording) होने वाली है. ऐसा हम नहीं कह रहे हैं. लेकिन लगता है जैसे गूगल ने इसकी तैयारी कर ली है. कुछ ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि शायद गूगल एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म से कॉल रिकॉर्डिंग को खत्म कर सकता है. वैसे ये कोई नई बात भी नहीं है. कॉल रिकॉर्डिंग को लेकर गूगल पहले से असमंजस की स्थिति में रहा है. इससे पहले प्राइवेसी और सिक्योरिटी का हवाला देते हुए गूगल ने एंड्रॉयड-10 के साथ कॉल रिकॉर्डिंग फीचर को हटा दिया था. लेकिन एंड्रॉयड-11 के साथ ये वापस आ गया. लेकिन अब कुछ और हो रहा, वो हम आपको बताते हैं.

पिछले साल दिया था संकेत

तारीख 11 मई 2022. जब एंड्रॉयड बनाने और चलाने वाली कंपनी Google ने पॉलिसी में एक ऐसा बदलाव किया, जिसके बाद थर्ड पार्टी कॉल रिकॉर्डिंग ऐप्स (Android Call Recording Apps) का कार्यक्रम हमेशा के लिए बंद हो गया. नई पॉलिसी के बाद डेवलपर्स को कॉल रिकॉर्डिंग के लिए एक्सेसब्लिटी एपीआई (Accessibility API) का एक्सेस मिलना बंद हो गया और ऐसा होते ही थर्ड पार्टी ऐप्स पर कॉल रिकॉर्डिंग बंद हो गई.

वैसे इस पॉलिसी से आपके स्मार्टफोन में मौजूद नेटिव कॉल रिकॉर्डिंग फीचर पर कोई असर नहीं पड़ा. कहने का मतलब है, अगर आपके स्मार्टफोन में कंपनी की तरफ से ऐसा कोई फीचर/सॉफ्टवेयर पहले से इंस्टॉल है, तो उससे कॉल रिकॉर्डिंग होती है. जैसे कि Xiaomi, Samsung, OnePlus और Oppo और खुद गूगल के पिक्सल डिवाइस में.

गूगल क्या करने वाला है?

नेटिव कॉल रिकॉर्डिंग फीचर है तो सही, लेकिन अगर आपने ध्यान दिया हो तो अब आप जब भी कॉल रिकॉर्ड करते हैं या कोई आपका कॉल रिकॉर्ड करता है तो एक आवाज साफ-साफ सुनाई देती है. ‘This call is now being recorded’. मतलब आपका कॉल रिकॉर्ड हो रहा. इस चेतावनी को हटाना तकरीबन नामुमकिन है. आसान भाषा में कहें तो स्मार्टफोन के अंदर कोई सेटिंग नहीं है. आप थर्ड पार्टी ऐप्स का सहारा ले सकते हैं लेकिन प्रोसेस बड़ी लंबी है. साथ में आपके फोन ऐप का एक्सेस भी जाएगा. ये बदलाव करीब हर एंड्रॉयड स्मार्टफोन में दिख रहा है, जो अपडेट हुए हैं. कुछ पुराने फोन में ये वार्निंग नहीं आती. इसे एक किस्म का अनकहा नियम कह सकते हैं. मतलब कॉल रिकॉर्ड होगी, लेकिन बोलकर. कहानी यहां खत्म नहीं होती.

Image embed

बात करते हैं गूगल के खुद के डिवाइस पिक्सल की. आज की तारीख में गूगल के तीन डिवाइस 6A, 7 और 7 प्रो उपलब्ध हैं. तीनों ही फोन में गूगल फोन ऐप डीफॉल्ट डायलर के तौर पर इंस्टॉल होता है. इस ऐप में कॉल रिकॉर्ड करने का फीचर होता था. था, मतलब अब नहीं है. हमने बहुत खोजा. तीनों डिवाइस में सेटिंग्स के अंदर घुसकर तलाशा. कहीं दिखा नहीं. हालांकि, गूगल का सपोर्ट पेज अभी भी बता रहा है कि कॉल रिकॉर्डिंग कैसे होती है. लेकिन हर देश के कानून का दरेरा देकर. 

इसका क्या मतलब निकालें? कहीं गूगल इस फीचर को बंद करने के मूड में तो नहीं है? वैसे भी यूजर्स के डेटा और प्राइवेसी के मुद्दे पर दुनिया-जहान की एजेंसी उसके पीछे पड़ी हुई हैं. हालांकि, ये होगा या नहीं वो तो गूगल ही जाने, लेकिन हमें जो दिखा वो बता दिया. अगर आपको पिक्सल डिवाइस में कॉल रिकॉर्डिंग दिख रही, तो हमें जरूर बताना. 

वीडियो: गूगल मैप्स ने ऐसा क्या किया कि सबकी पर्सनल जानकारी बड़े ख़तरे में आ गई?

Advertisement

Advertisement

()