आपको पता भी नहीं चलेगा और खराब हो जाएगा iPhone का कैमरा, एंड्रॉयड वाले भी ज्यादा खुश ना हों
iPhone को बाइक पर लगाकर दोस्तों संग पहाड़ों की ट्रिप पर जा रहे हैं या फिर सोलो-सोलो खेल रहे हैं, तो तो आपकी जॉय राइड के सैड राइड (iPhone damage due to vibrations) होने की गारंटी रख लीजिए. कैमरा खराब हो जाना है. ऐसा हम नहीं बल्कि खुद एप्पल ऐसा कहती है.

रॉयल इनफील्ड और iPhone क्या बढ़िया कॉम्बो है. ऐसा ही कॉम्बो हार्ले डेविडसन और किसी भी ताकतवर बाइक के साथ हो सकता है. आईफोन में लगाया मैप और दोस्तों संग निकल लिए पहाड़ों पर. पहाड़ ना सही तो सोलो वाली राइड ही सही. पढ़कर ही अच्छा लग रहा है. हर साल लद्दाख जाने का मन हो रहा है. एकदम जाइए, मगर हर साल नया आईफोन खरीदने के लिए बजट अलग से रख लीजिए. बुलट तो वही चलेगी मगर आईफोन नया लेना पड़ेगा. क्योंकि राइड के चक्कर में उसका कैमरा खराब (iPhone damage due to vibrations) हो जाना है और वारंटी भी नहीं मिलनी है.
ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि खुद एप्पल ऐसा कहती है. कंपनी वाइब्रेशन से फोन कैमरे के खराब होने की बात कह रही है. वारंटी भी नहीं मिलेगी तो जॉय राइड के दुखी राइड होने की गारंटी रख लीजिए. काम की खबर है जान लीजिए.
बाइक और आईफोन की दोस्ती अच्छी नहींआगे बढ़ने से पहले हमारे दोस्त और टेक एक्सपर्ट ईशान का एक्स पोस्ट देखिए. उनके दो दोस्तों के आईफोन कैमरा बाइक पर लगाने की वजह से खराब हो गए हैं. हालांकि ये कोई नई बात नहीं है और इसका आईफोन के किसी एक मॉडल से भी कोई लेना देना नहीं. इस दिक्कत का लेना-देना तो उस वाइब्रेशन से है जो हैवी बाइक्स को चलाते समय पैदा होता है.
अपनी तरफ से कुछ नहीं कहते बल्कि एप्पल क्या कहता है वो देख लेते हैं. कंपनी के आधिकारिक पेज पर इसके बारे में काफी जानकारी है.
मतलब हाई-पावर वाले वाइब्रेशन से आईफोन को बचाने की बात कही गई है. ऐसा वाइब्रेशन जो ताकतवर बाइक्स के चेचिस और हैन्डल्बार से जनरेट होता है. ऐसा करने से आईफोन का OIS (optical image stabilization) और AF (ऑटो फोकस) खराब हो सकता है. OIS मतलब आपके हाथ कितने भी हिलते रहें कैमरा स्थिर रहता है. जो आपको लगे कि सानु की अपन तो इलेक्ट्रिक स्कूटर या हल्की बाइक चलाते हैं. तो इधर भी मामला वैसा ही है. बस यहां आईफोन का कैमरा हौले-हौले खराब होगा.
ये भी पढ़ें: हाथ हिले या शरीर थरथराए, स्मार्टफोन कैमरे से फोटो एकदम टिपटॉप कैसे आती हैं?
कोई बात नहीं हम गिम्बल लगा लेंगे या फिर बढ़िया बेस वाले स्टैंड पर फोन फिक्स कर देंगे. नहीं जनाब, उसके लिए भी बताया गया है कि कुछ समय के लिए तो ठीक है मगर ज्यादा देर फोन लगाकर रखा तो कैमरा तो गया समझो.
कथा सार यही है कि फोन को बाइक के स्टैंड पर नहीं लगाना है. अगर आपको वाकई में मैप चलाने के लिए मोबाइल की जरूरत होती है तो कोई बहुत पुराना फोन खरीद लीजिए. वैसे एंड्रॉयड यूजर्स को खुश होने की जरूरत नहीं है भले कंपनियां कुछ नहीं कहती हों. कैमरा असेंबली तकरीबन एक जैसी होती है. इसलिए अपने महंगे फोन को जेब में रखेंगे तो बढ़िया फोटू ले पाएंगे.
हैप्पी राइडिंग
वीडियो: ये हैं 2024 का बेस्ट स्मार्टफोन्स, क्या इस लिस्ट में आपका फोन भी शामिल है?

.webp?width=60)

