Amazon आपके ही ऑर्डर को आपके ही घर तक पहुंचाने के लिए 149 रुपये ले रहा, बिल देखा आपने?
ई-कॉमर्स पोर्टल Amazon अपने ग्राहकों से Doorstep Service Fee के नाम पर पूरे 149 रुपये ले रहा है. इसमें 5 रुपये मार्केट प्लेस फीस अलग है जो हर ऑर्डर पर देनी पड़ती है.

ई-कॉमर्स वेबसाइट और ऐप्स के डार्क पैटर्न की लिस्ट तो बहुत लंबी है. मतलब ऐसा तरीका जिससे ग्राहक को झांसे में लिया जाता है. कभी डिस्काउंट के नाम पर तो कभी ऑफर के नाम पर. डार्क पैटर्न को लेकर तो सरकार भी काफी सख्त है. इसलिए आज बात डार्क की जगह ‘ब्राइट’ पैटर्न की करेंगे. आप कहोगे कि ये कब आया तो जनाब जब लूट खुल्लम-खुल्ला हो तो उसे ब्राइट पैटर्न कहने में क्या बुराई. एक ग्राहक के तौर पर अगर आपके घर ऑर्डर पहुंचाने के लिए कोई कंपनी 149 रुपये अलग से ले तो उसे क्या कहेंगे.
दरअसल ई-कॉमर्स पोर्टल Amazon अपने ग्राहकों से Doorstep Service Fee के नाम पर पूरे 149 रुपये ले रहा है. इसमें 5 रुपये मार्केट प्लेस फीस अलग है जो हर ऑर्डर पर देना पड़ती है.
बेसिक काम का भी चार्ज लगेगागए वो जमाने जब ई-कॉमर्स से ऑर्डर करने पर तगड़ा डिस्काउंट और बेहतरीन ऑफर्स मिलते थे. प्रोडक्ट की कीमत के अलावा चवन्नी भी एक्स्ट्रा नहीं लगती थी. लेकिन अब तो हर स्टेप पर वसूली है. ऑफर्स चार्जेस, बॉक्स पैक चार्जेस, एक्स्ट्रा डिस्काउंट चार्जेस और साथ में डिलेवरी फीस तो है ही. शायद इतने से काम नहीं चल रहा तो अमेजन 'डोर स्टेप सर्विस फीस' लेकर आ गया.
ये जरूर पढ़ें: डार्क पैटर्न: ई-कॉमर्स कंपनियों का वो 'स्याह खेल' जिसे लेकर कोर्ट भी खरी-खोटी सुना चुका है
Venkatesh Alla नाम के यूजर ने एक्स पर अपने ऑर्डर का स्क्रीन शॉट लगाया है और इसे दिनदहाड़े लूट कहा है. ऑर्डर में मार्केट प्लेस वाले 5 रुपैया के साथ 149 रुपये दरवाजे तक आने का भी लगा है. दिलचस्प बात ये कि डिलेवरी फीस शून्य है. अरे भियो अमेजन, जब तुम्हारे से ऑर्डर किया है तो तुम ही तो घर तक ऑर्डर डिलेवर करोगे ना. ये तो आपकी और दूसरे सभी प्लेटफॉर्म की बेसिक जिम्मेदारी हुई.

आपने जब हर ऑर्डर पर 5 रुपये मार्केट प्लेस का लिया है तो फिर ओपन बॉक्स के नाम पर 149 रुपये लेने का क्या तुक है. यूजर की पोस्ट के बाद ऐमजॉन ने बॉट वाला जवाब भी चिपकाया है और पूरे चांस हैं कि इसके बाद 149 रुपये नहीं लिए जाएं. लेकिन ये सिर्फ एक केस है जिसमें यूजर ने बिल को गौर से देख लिया वरना आमतौर पर आप और हम कहां इतना ध्यान देते हैं और 149 रुपये अपने ही सामान को घर तक लाने के लिए दे देते हैं. ये भी हो सकता है कि हर यूजर से ऐसा चार्ज नहीं लिया जा रहा हो. इसलिए आप भी बिल के हर डिटेल्स को बारीकी से देखिए. डार्क और ब्राइट, दोनों पैटर्न का पता चलता रहेगा.

अब बात चली है तो मार्केट प्लेस फीस का एक झोल और बता देते हैं. मान लीजिए आपने एक साथ दो प्रोडक्ट ऑर्डर किए तो कुल 5 रुपये ही लगेगा, मगर जो कोई प्रोडक्ट अमेजन की गलती की वजह से वापस करना पड़ा तो आपको सिर्फ प्रोडक्ट का पैसा वापस आएगा. माने अगली बार वही प्रोडक्ट ऑर्डर करने पर 5 रुपये फिर मार्केट प्लेस के नाम पर लगेगा. अपनी गलती से वापस करें तो समझ भी आता है मगर ऐमजॉन गलत प्रोडक्ट भेजकर भी ढाई रुपये कमा रहा है. वैसे हर चार्ज के लिए कंपनी छोटे-छोटे अक्षरों वाले टर्म एण्ड कंडीशन का दरेरा दे सकती है इसलिए सोचना आपको है.
वीडियो: बंगाल में 'माछ-भात' पर सियासत तेज, मछली खाते हुए तस्वीरें क्यों पोस्ट कर रहे BJP नेता?

