हाथ जोड़े, गले लगाया, 'खजाना खाली करने वाला' बताने के बाद स्टालिन से ऐसे मिले CM विजय
तीखे ‘वार-पलटवार’ के बाद अब दोनों नेता चेन्नई में मिले हैं. मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पूर्व सीएम एमके स्टालिन के घर गए. इसकी तस्वीर भी सामने आई है. इसमें काले सूट में विजय हाथ जोड़े एमके स्टालिन के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं.

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने राज्य के पूर्व सीएम एमके स्टालिन से उनके घर जाकर मुलाकात की. शिष्टाचार भेंट कही जा रही ये मुलाकात इसलिए अहम है कि क्योंकि 10 मई को शपथ लेने के बाद विजय ने डीएमके सरकार पर जोरदार निशाना साधा था. उन्होंने एमके स्टालिन सरकार पर राज्य को कर्ज की हालत में छोड़ जाने का आरोप लगाया. इसके बाद स्टालिन ने भी जवाब देते हुए कहा था कि विजय सीएम बनते ही पैसे की कमी का रोना न रोएं. प्रदेश के खजाने में बहुत पैसा है.
इस तीखे ‘वार-पलटवार’ के बाद अब दोनों नेता चेन्नई में मिले हैं. मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पूर्व सीएम एमके स्टालिन के घर गए. इसकी तस्वीर भी सामने आई है. इसमें काले सूट में विजय हाथ जोड़े एमके स्टालिन के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं. टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, स्टालिन के घर पर पहुंचने के बाद दोनों नेताओं ने हाथ जोड़कर एक-दूसरे का अभिवादन किया. दोनों गले मिले. फिर दोनों घर के अंदर गए. यहां विजय और स्टालिन ने आपसी सम्मान के प्रतीक के रूप में एक-दूसरे को रेशमी शॉल और फूलों के गुलदस्ते भी दिए.
तमिलनाडु के चुनाव में जीत हासिल करने और मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की स्टालिन से यह पहली मुलाकात थी. दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया है.
एमके स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री विजय ने उनसे राजनीतिक शिष्टाचार के तहत मुलाकात की और उनकी शुभकामनाएं स्वीकार कीं. पूर्व सीएम स्टालिन ने बताया कि उन्होंने विजय को बधाई के साथ-साथ अपनी ‘सलाह’ भी दी है.
बता दें कि हालिया तमिलनाडु चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके को 108 सीटें मिली थीं. कांग्रेस, वाम दलों और अन्य पार्टियों के सहयोग से विजय ने सरकार बनाई है. 10 मई को राज्यपाल ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई. शपथ लेने के तत्काल बाद विजय ने डीएमके पर आरोप लगाया कि उसने राज्य पर 10 लाख करोड़ का कर्जा लाद दिया और खजाना भी खाली कर दिया. डीएमके ने इस पर विजय की आलोचना की और कहा कि उन्हें अपने वादे पूरे करने पर ध्यान देना चाहिए. राज्य का खजाना कभी खत्म नहीं हो सकता.
वीडियो: उर्विल पटेल ने आईपीएल में कौन सा रिकॉर्ड तोडा? LSG के खिलाफ खेली ऐतिहासिक पारी

