बीजेपी कार्यकर्ता 'जय श्रीराम' के नारे लगा रहे थे, शुभेंदु अधिकारी ने चुप करा दिया
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेने के कुछ मिनट बाद अधिकारी सीधे जोड़ासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचे. यह रवींद्रनाथ टैगोर का पैतृक घर है. यहां शुभेंदु ने रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा के सामने घुटनों के बल बैठकर माथा टेका.

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को जोड़ासांको ठाकुरबाड़ी में ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने से रोक दिया. शुभेंदु ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अब वह सबके हैं. उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक खींचतान का समय नहीं है. आगे बहुत बड़ी जिम्मेदारियां हैं. बंगाल की संस्कृति (टीएमसी के कार्यकाल में) बर्बाद हो गई है, जिसे फिर से बनाना है. वह अब कोई विवादित बात नहीं करेंगे.
बता दें कि बंगाल चुनाव में बीजेपी को 207 सीटों के साथ बड़ी जीत मिली थी. इसके बाद 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में बीजेपी के पहले सीएम के तौर पर शपथ ली.
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेने के कुछ मिनट बाद अधिकारी सीधे जोड़ासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचे. यह रवींद्रनाथ टैगोर का पैतृक घर है. यहां शुभेंदु ने रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा के सामने घुटनों के बल बैठकर माथा टेका. उन्होंने कहा कि गुरुदेव को श्रद्धांजलि देकर वह मुख्यमंत्री के तौर पर काम शुरू कर रहे हैं. बंगाल और बंगाली संस्कृति को गुरुदेव के विचारों और आदर्शों से दिशा मिलनी चाहिए और आज उसी शुभ शुरुआत का दिन है.
शुभेंदु ने आगे कहा कि यह राजनीतिक खींचतान का समय नहीं है. आगे बहुत बड़ी जिम्मेदारियां हैं. जिसे राजनीति करनी है, वो करे लेकिन वो आगे बढ़ते रहेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने लगी. इस पर अधिकारी ने तुरंत लोगों को रोका और कहा,
यह ‘जय श्री राम’ बोलने की जगह नहीं है. यहां सिर्फ ‘कबिगुरु' कहना चाहिए.
शुभेंदु ने आगे कहा,
मैं कोई विवादित बात नहीं करूंगा. मैं मुख्यमंत्री हूं. अब सबका हूं. बंगाल को बहुत नुकसान झेलना पड़ा है. शिक्षा और संस्कृति बर्बाद हो गई है. अब हमें मिलकर बंगाल को फिर से बनाना है.
इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रबींद्र भारती यूनिवर्सिटी (Rabindra Bharati University) की वाइस चांसलर सोनाली चक्रवर्ती बनर्जी और विश्वविद्यालय के कुछ लोगों से बातचीत की. ठाकुरबाड़ी परिसर में ही विश्वविद्यालय का एक कैंपस भी है. इस विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु भी इसी यूनिवर्सिटी से पढ़े हैं. उन्होंने यहां से पर्यावरण अध्ययन में मास्टर्स किया था.
वीडियो: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु की शपथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसके पैर छुए?

