'साड़ी के पल्लू...' क्या बोले गुजरात BJP अध्यक्ष, जिसे राहुल-प्रियंका ने महिला कांग्रेस सांसद का अपमान बताया?
भाजपा नेता की कथित टिप्पणी को लेकर विपक्ष का विरोध जारी है. कांग्रेस इसे महिला सम्मान के अनादर से जोड़कर देख रही है. वहीं, BJP ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के गुजरात अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा के एक कथित बयान को लेकर BJP पर तीखा हमला बोला है. विश्वकर्मा ने हाल ही में कथित तौर पर ‘साड़ी के पल्लू’ का जिक्र करते हुए एक कॉमेंट किया था, जिसे कांग्रेस ने अपनी महिला सांसद गेनीबेन ठाकोर के खिलाफ एक अभद्र टिप्पणी बताया है. राहुल ने महिला सम्मान और 'नारी वंदन' को लेकर BJP की विचारधारा पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर कहा कि BJP का 'नारी वंदन' सिर्फ एक मुखौटा है. उन्होंने BJP की सोच को 'मनुवादी और महिला-विरोधी' बताते हुए सीधे तौर पर महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर सवाल उठाए. राहुल गांधी ने X पर लिखा,
गुजरात के भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस की हमारी महिला सांसद गेनीबेन ठाकोर जी पर अभद्र टिप्पणी की है. 'नारी वंदन' का मुखौटा उतर गया. यह सिर्फ शर्मनाक नहीं, यह BJP की मनुवादी, महिला-विरोधी विचारधारा का असली चेहरा है.
ये है BJP का 'नारी वंदन'?
ये करेंगे महिलाओं का सशक्तिकरण?
ये देंगे अधिकार?
राहुल ने आगे लिखा,
सत्ता को चुनौती देने वाली महिलाएं इन्हें बर्दाश्त नहीं. एक ही पल में इनकी विकृत मानसिकता सामने आ जाती है. और प्रधानमंत्री तो कांग्रेस की महिला सांसदों के सवालों से घबराकर, संसद छोड़कर पहले ही भाग चुके हैं. मोदी जी खुद कहते हैं, 'नारी सब भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती.' मगर BJP खुद ये भूल गई. महिला-विरोधी BJP ये याद रखे - गुजरात के साथ पूरे हिंदुस्तान की महिलाएं हर अपमान का मुंहतोड़ जवाब देंगी.

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी X पर पोस्ट किया,
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद गेनीबेन ठाकोर जी पर गुजरात भाजपा अध्यक्ष की अभद्र टिप्पणी बेहद शर्मनाक और अपमानजनक है.
एक तरफ भाजपा सरकार संसद में भी महिलाओं पर अनर्गल आरोप लगाकर अपमानित करती है, दूसरी तरफ उनके नेता अभद्र टिप्पणी करके महिलाओं को अपमानित करते हैं. भाजपा हमेशा ऐसे लोगों को संरक्षण देती है. महिला-विरोधी भाजपा के सियासी "नारी वंदन" की यही असलियत है. गेनीबेन ठाकोर, आपके संघर्ष को मैं जानती हूं और आपके साथ खड़ी हूं. आपकी हिम्मत पर हम सब को गर्व है.

बनासकांठा से सांसद गेनीबेन ठाकोर ने जगदीश विश्वकर्मा से माफी की मांग की है. उन्होंने कहा,
बनासकांठा ने हमेशा संस्कृति और परंपरा को बनाए रखा है. 2024 में बनासकांठा के लोगों ने किसी पार्टी को वोट नहीं दिया, बल्कि अपनी बेटी से किया वादा पूरा किया. लोगों के इस पवित्र वोट का अपमान कभी भी, कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
राजनीति में सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन लोगों का सम्मान सबसे ऊपर है. 2027 में बनासकांठा का हर कार्यकर्ता और नागरिक शब्दों के तीर चलाने वालों को मैदान में करारा जवाब देने के लिए तैयार है!
यह विवाद गुरुवार, 30 अप्रैल को गुजरात के बनासकांठा में हुए एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है. स्थानीय चुनाव में BJP की मिली भारी जीत के मौके पर यह कार्यक्रम किया गया था. कांग्रेस का आरोप है कि इसमें गुजरात के BJP प्रेसिडेंट जगदीश विश्वकर्मा ने (गुजराती में) कहा, "हमने गेनीबेन ठाकोर की साड़ी के पल्लू में बंधी पंचायत सीटें खींच ली हैं." कांग्रेस ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें गेनीबेन का नाम नहीं सुना जा रहा है. दी लल्लनटॉप इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
जगदीश विश्वकर्मा की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे महिला सम्मान के खिलाफ बताया. कांग्रेस ने BJP को घेरते हुए X पर एक तीखा बयान जारी किया,
'हमने गेनीबेन ठाकोर की साड़ी के पल्लू में बंधी पंचायत सीटें खींच ली हैं'
ये घटिया बात गुजरात BJP अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कही है. महिला सांसद गेनीबेन ठाकोर जी पर जगदीश विश्वकर्मा द्वारा की गई यह भद्दी टिप्पणी बेहद अपमानजनक है. जगदीश विश्वकर्मा का बयान न सिर्फ उनकी घटिया मानसिकता दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि महिलाओं को लेकर BJP की सोच कितनी घृणित है.
ऐसा लगता है- BJP अपने नेताओं को महिलाओं के अपमान की ट्रेनिंग देती है. जो जितनी घटिया बात करेगा, उसे उतना बड़ा पद दिया जाएगा. अपने अध्यक्ष की इस घटिया बात के लिए BJP को माफी मांगनी चाहिए.
भाजपा नेता की कथित टिप्पणी को लेकर विपक्ष का विरोध जारी है. कांग्रेस इसे महिला सम्मान के अनादर से जोड़कर देख रही है. वहीं, BJP ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
वीडियो: मुख्यमंत्री भगवंत मान पर शराब पीकर सदन में आने का आरोप किसने लगाया?

