'बीजेपी का हर छठा सांसद वोट चोर, हरियाणा में तो... ', ममता के बाद राहुल ने लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया है. बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा कि वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार.

पांच राज्यों के चुनाव खत्म. पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा, केरल में कांग्रेस और तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK ने बाजी मारी है. हर तरफ से बयान आ रहे हैं और प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है. बंगाल में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी कड़े कदम उठाने की बात कर रही हैं. उनका कहना है कि वो अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगी. उन्होंने भाजपा पर चुनाव चोरी करने का आरोप लगाया है.
इसी बयानबाजी के बीच लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का भी एक ट्वीट आया है, जिसमें उन्होंने ममता बनर्जी की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के जो 240 सांसद जीतकर आए हैं, उनमें से हर छठा सांसद वोट चोरी करके जीता है.
राहुल गांधी ने हरियाणा की बात करते हुए आरोप लगाएराहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा,
‘वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार. लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है. पहचानना मुश्किल नहीं. क्या उन्हें BJP की भाषा में घुसपैठिए कहें?’
राहुल ने आगे लिखा,
'और हरियाणा? वहां तो पूरी सरकार ही घुसपैठिया है. जो संस्थाएं अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं. वो ख़ुद रिमोट से कंट्रोल होते हैं. उन्हें असली डर सच्चाई का है. क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 सीटें भी नहीं जीत सकते.'
हरियाणा में अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें कांग्रेस को जीत की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बना ली थी. इसे लेकर राहुल गांधी पहले भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं, जिसमें उन्होंने प्रेजेंटेशन के जरिए बताया था कि कथित तौर पर वोट चोरी कैसे हुई.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने मंगलवार, 05 मई को बीजेपी की केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 100 सीटें ‘धोखे से जीती’ हैं और यह चुनाव निष्पक्ष तरीके से ‘नहीं’ हुआ है. ममता बनर्जी ने दावा किया कि जब काउंटिंग पूरी भी नहीं हुई थी, बीजेपी ने तभी जीत की घोषणा कर दी. बंगाल की मौजूदा सीएम ने ये भी साफ किया कि वो अभी भी इंडिया अलायंस के साथ हैं और आगे इसे और मजबूत करने के लिए काम करेंगी.
वीडियो: पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद ममता बनर्जी ने क्या ऐलान किया?

