सुबह पंजाब सरकार ने राघव चड्ढा से छीनी Z+ सिक्योरिटी, दोपहर में केंद्र ने Z सिक्योरिटी दे दी
Raghav Chadha Z Security: केंद्र सरकार ने राघव चड्ढा को जेड कैटेगरी सिक्योरिटी दी है. आज सुबह ही पंजाब सरकार ने उनसे जेड प्लस सिक्योरिटी वापस ले ली थी. कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच रिश्तों में खटास आई है. उन्हें डिप्टी लीडर के पद से भी हटा दिया गया था.

आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को केंद्र सरकार ने जेड कैटेगरी की सिक्योरिटी दी है. खबर है कि दिल्ली और पंजाब में राघव चड्ढा को अर्धसैनिक बल की सुरक्षा मुहैया कराई गई है. 15 अप्रैल की सुबह ही पंजाब सरकार ने उनकी जेड प्लस सिक्योरिटी हटा दी थी, जिसके बाद ये खबर आई है.
एक समाचार एजेंसी के मुताबिक इंटेलिजेंस ब्यूरो थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के बाद ये फैसला लिया गया है. कुछ दिन पहले ही पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया था और उनकी जगह सांसद अशोक मित्तल को पद दिया गया था. इस एक्शन के बाद राघव चड्ढा पर कई आरोप लगाए गए. पार्टी के कई नेताओं ने आरोप लगाया कि राघव पार्टी लाइन से हट चुके हैं.
राघव चड्ढा पार्टी के फैसले से खुश नहीं थे. उन्होंने एक वीडियो मैसेज के जरिए खुद पर लगे आरोपों का जवाब दिया और पार्टी को निशाने पर लिया था. इसके जवाब में पार्टी के नेताओं ने भी सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. तब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था 'राघव चड्ढा कम्प्रोमाइज़्ड हो चुके हैं.' इसके बाद से पार्टी और उनके रिश्ते के बीच खटास आई है.
ये भी पढ़ें: AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की रेड, राज्यसभा में राघव चड्ढा को हटाकर बने थे डिप्टी लीडर
Z सिक्योरिटी क्या होती है?Z श्रेणी (Z security) की सुरक्षा में कुल 33 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं. इसमें VIP को सशस्त्र बलों की सुरक्षा दी जाती है. उनके आवास पर 10 आर्म्ड स्टैटिक गार्ड तैनात रहते हैं. इसके अलावा 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) 24 घंटे सुरक्षा में रहते हैं. साथ ही 12 कमांडो तीन शिफ्ट में आर्म्ड एस्कॉर्ट के तौर पर तैनात रहते हैं. 2 वॉचर्स शिफ्ट के हिसाब से और 3 प्रशिक्षित ड्राइवर भी 24 घंटे मौजूद रहते हैं.
वहीं जेड प्लस सिक्योरिटी (Z + security) कैटेगरी में सबसे तगड़ा सुरक्षा घेरा मिलता है. चुनिंदा लोगों को मिलने वाली इस सुरक्षा में हर वक़्त कम से कम 55 जवान तैनात रहते हैं. इसमें 10 से ज्यादा एनएसजी कमांडो रहते हैं. NSG की ट्रेनिंग और क्षमता को देखते हुए उसे वीवीआईपी सिक्योरिटी के लिए भी तैनात किया जाता है. पंजाब सरकार से राघव चड्ढा को यही सिक्योरिटी मिली थी.
वीडियो: 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं'; राघव चड्ढा ने AAP को धुरंधर स्टाइल में सुना दिया

