The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Politics
  • Punjab blast amritsar jalandhar bhagwant mann alleged bjp raghav chadha react

भगवंत मान ने पंजाब ब्लास्ट को बीजेपी से जोड़ा, 'ISI' वाला पलटवार आया

पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए बम धमाकों को लेकर भगवंत मान ने बीजेपी को जिम्मेदार बताया है. उनका कहना है कि पंजाब में जो कुछ हो रहा है वो बीजपी की चुनावी तैयारी का हिस्सा है. बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भगवंत मान के बयानों पर पलटवार किया है. उन्होंने मान पर ISI को क्लीन चिट देने का आरोप लगाया है.

Advertisement
pic
6 मई 2026 (पब्लिश्ड: 06:38 PM IST)
bhagwant mann raghav chadha bjp punjab
पंजाब ब्लास्ट को लेकर भगवंत मान और राघव चड्ढा आमने-सामने हैं. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पंजाब के अमृतसर और जालंधर में पिछले 24 घंटों में दो धमाके हुए हैं. राज्य के डीजीपी गौरव यादव ने इन धमाकों के पीछे ISI का हाथ होने का अंदेशा जताया है. इस बीच इन धमाकों को लेकर सियासत तेज हो गई है. पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है. वहीं उनके पुराने सहयोगी और अब बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने पूछा है कि मान ISI को क्लीन चिट क्यों देना चाहते हैं.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आनंदपुर साहिब में इन धमाकों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,

यह बीजेपी के काम करने की शैली है. वे या तो दंगे भड़काते हैं या विस्फोट कराते हैं या फिर दो धर्मों के लोगों के बीच तनाव पैदा करते हैं. ये विस्फोट बताते हैं कि बीजेपी पंजाब के लिए तैयार हो रही है. जहां-जहां बीजेपी चुनाव लड़ना चाहती है, वहां इस तरह की घटनाएं होने लगती हैं. क्या बीजेपी ऐसे धमाकों के जरिए वोट लेना चाहती है? पंजाब में जो कुछ हो रहा है, वह बीजपी की तैयारी का हिस्सा है.

बीजेपी ने भगवंत मान के इन आरोपों की निंदा करते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है. बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने भगवंत मान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 

पंजाब के डीजीपी साहब ने मौके पर जाकर और शुरुआती जांच में ये पाया कि इन विस्फोटों के पीछे पाकिस्तान की ISI का हाथ है. दूसरा पंजाब के सीएम बयान दे रहे हैं कि इस घटना के पीछे ISI का नहीं बल्कि बीजेपी का हाथ है. तो मैं सीधे तौर पर उनसे पूछना चाहता हूं कि पंजाब के सीएम ISI को क्लीन चिट क्यों देना चाहते हैं. क्या बीजेपी से उनकी इतनी दुश्मनी हो गई है कि उन्हें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की गोद में बैठना पड़ रहा है. उनका बयान बेहद चिंताजनक है. इसे गंभीरता से लेना चाहिए. आखिर उनकी ऐसी क्या मजबूरी है कि उन्हें ऐसे बयान देने पड़ रहे हैं.

पंजाब में पिछले 24 घंटे में दो धमाके

पंजाब में एक के बाद एक हुए दो धमाकों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. पहला धमाका जालंधर में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) हेडक्वार्टर के पास हुआ. यहां एक भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी एक स्कूटर में ब्लास्ट हुआ. चश्मदीदों ने बताया कि स्कूटर में ब्लास्ट होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

इस ब्लास्ट के कुछ घंटों बाद अमृतसर में आर्मी कैंप के पास दूसरा धमाका हुआ. शुरुआती जांच के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवाल किसी हमलावर ने कथित तौर पर उस जगह पर ग्रेनेड फेंका था. यह इलाका अटारी-वाघा इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 15 किलीमीटर की दूरी पर स्थित है. अभी तक इन दोनों हमलों में किसी के घायल होने या जान जाने की कोई जानकारी नहीं मिली है.

वीडियो: तारीख़: दिल्ली हाई कोर्ट के सामने हुए उस बम विस्फोट की कहानी जिसमें 17 लोग मारे गए थे

Advertisement

Advertisement

()