The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Politics
  • PM Narendra modi led panel for selecting cic vetoed rahul gandhi choice for same

राज कुमार गोयल को CIC बनाने के पक्ष में नहीं थे राहुल गांधी, कमेटी को सुझाए थे 3 नाम लेकिन...

पिछले साल दिसंबर में मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार गोयल की नियुक्ति हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली सिलेक्शन कमेटी ने उनके नाम की सिफारिश की थी. इस कमेटी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल थे. राहुल गांधी ने गोयल के नाम पर असहमति जताई थी.

Advertisement
pic
28 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 08:12 PM IST)
PM Narendra modi amit shah raj kumar goyal CIC
राहुल गांधी ने मौजूदा CIC के नाम पर असहमति जताई थी. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पिछले साल 11 दिसंबर को राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) नियुक्त किया गया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने उनके नाम पर मुहर लगाई थी. लेकिन इस समिति में शामिल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कथित तौर पर गोयल के चुने जाने को लेकर असहमत थे. उन्होंने इस पोस्ट के लिए रिटायर्ड IAS अधिकारी सुमिता डावरा का नाम सुझाया था. लेकिन उनके सुझाव को खारिज कर दिया गया.

सिलेक्शन कमेटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल थे. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने RTI एक्टिविस्ट अंजली भारद्वाज की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद CIC और आठ सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़ी फाइलें सावर्जनिक की हैं.

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश कैडर की 1991 बैच की IAS अधिकारी सुमिता डावरा को (CIC) के पोस्ट के लिए नॉमिनेट किया था. उन्होंने लिखा,

डावरा को पब्लिक पॉलिसी और अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है. उनकी विशेषज्ञता और प्रशासनिक क्षमता उन्हें इस CIC के पोस्ट के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बनाती है.

राहुल गांधी ने आगे लिखा,

यदि समिति मौजूदा शॉर्टलिस्ट लिस्ट से बाहर के उम्मीदवारों पर विचार करना चाहती है, तो मैं ओडिशा हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस एस मुरलीधर और नालसार लॉ यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस-चांसलर फैजान मुस्तफा का नाम सुझाना चाहूंगा.

राहुल गांधी ने लिखा कि ये दोनों बहुत ही सम्मानित पेशेवर हैं. इनका कानून, न्याय और पब्लिक सर्विस के फील्ड में बेहतरीन रिकॉर्ड रहा है. 

वहीं सिलेक्शन कमेटी की बैठक में अमित शाह ने AGMUT कैडर के 1990 बैच के रिटायर्ड IAS राज कुमार गोयल का नाम सुझाया. लेकिन नेता प्रतिपक्ष ने इनके नाम पर असहमति जताई और तीन दूसरे नामों का विकल्प दिया. मिनट्स ऑफ मीटिंग के मुताबिक, 

नेता प्रतिपक्ष ने असहमति जताई और तीन दूसरे नामों का सुझाव दिया... प्रासंगिक कारणों को ध्यान में रखते हुए, समिति केंद्रीय सूचना आयोग में मुख्य सूचना अधिकारी के तौर पर राजकुमार गोयल के नाम की नियुक्ति की सिफारिश करती है.

इसके बाद 11 दिसंबर, 2025 को उनको CIC के तौर पर नियुक्त कर दिया गया. नियुक्ति की तारीख से तीन साल या फिर जिस दिन उन्होंने चार्ज लिया उस दिन से 65 साल की उम्र तक, जो भी पहले आ जाए, तब तक गोयल इस पद पर बने रहेंगे. 

राजकुमार गोयल अगस्त 2025 में केंद्रीय विधि और न्याय मंत्रालय में न्याय विभाग के सचिव के पद से रिटायर हुए थे. वहीं सुमिता डावरा मार्च 2025 में केंद्रीय श्रम मंत्रालय में श्रम और रोजगार सचिव के पद से रिटायर हुई थीं. इससे पहले वे वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में विशेष सचिव थीं. डावरा ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से इकोनॉमिक्स में मास्टर्स और एम.फिल की डिग्री ली है. वहीं बर्मिंगम यूनिवर्सिटी (यूके) से पब्लिक पॉलिसी में एमबीए भी किया है. 

वीडियो: संसद में आज: राहुल गांधी की सिक्सटीन पहेली का मतलब क्या है?

Advertisement

Advertisement

()