The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Politics
  • PM Narendra modi gave assurity to south state and opposition on delimitation

'जो विरोध करेगा, वो कीमत चुकाएगा', महिला आरक्षण और परिसीमन पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण और परिसीमन पर लोकसभा में अपनी बात रखी. उन्होंने दक्षिण के राज्यों को वादा किया कि परिसीमन में उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा. पीएम ने कहा कि ये उनकी गारंटी है, लोकसभा में किसी भी राज्य की सीट के अनुपात (Ratio) में कोई बदलाव नहीं होगा.

Advertisement
pic
16 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 05:15 PM IST)
narendra modi south states delimitation loksabha
पीएम मोदी ने लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन पर अपनी बात रखी. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पर चर्चा चल रही है. लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने वाले इस अधिनियम को परिसीमन से जोड़ने को लेकर विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं. विपक्ष की आशंकाओं का जवाब देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह प्रक्रिया किसी के साथ अन्याय नहीं करेगी. ये उनकी ‘गारंटी’ है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण पर विपक्षी दलों को चेताते हुए कहा,

 जो भी दल आज इसका विरोध करेगा, उन्हें लंबे समय तक इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. याद रखें, महिलाओं के अधिकारों का जिसने भी विरोध किया उसे माफी नहीं मिली है.

दक्षिण के राज्यों को दिया आश्वासन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण के राज्यों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सभी को भरोसा देना चाहेंगे कि किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए बवंडर खड़ा कर रहे हैं. पीएम ने कहा, 

अगर गारंटी शब्द चाहिए तो मैं गारंटी शब्द का उपयोग करता हूं. वादा की बात करते हो तो मैं वादा शब्द उपयोग करता हूं. अगर तमिल में कोई अच्छा शब्द हो तो वो भी बोलने के लिए मैं तैयार हूं. क्योंकि जब नीयत साफ है तो फिर शब्दों का खेल करने की हमें जरूरत नहीं है.

‘क्रेडिट का ब्लैंक चेक आप भर लो’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,

कुछ लोगों को लगता है कि इसमें कहीं न कहीं मोदी का राजनीतिक स्वार्थ है. अगर इसका विरोध करेंगे तो स्वाभाविक है कि राजनीतिक लाभ मुझे मिलेगा. लेकिन साथ चलेंगे तो किसी को भी नहीं होगा ये लिख के रखो. हमें क्रेडिट नहीं चाहिए. जैसे ही ये पारित हो जाए मैं सबका धन्यवाद करने के लिए तैयार हूं.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विपक्ष जहां कहेगा वो सबकी फोटो छपवा देंगे. वो सामने से विपक्ष को क्रेडिट का ब्लैंक चेक देने के लिए तैयार हैं. 

'महिलाओं को हक देकर प्रायश्चित कर रहे'

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन पर सबने चालाकी की है. सब इसके पक्ष में सहमति जताते हैं लेकिन हर बार कोई न कोई तकनीकी पक्ष उठाकर इसे तीन दशकों तक रोका गया है. उन्होंने कहा, 

हम भ्रम में नहीं रहे. हम अहंकार में नहीं रहे. यहां मैं और तुम की बात नहीं कर रहा. हम देश की नारी शक्ति को कुछ दे रहे हैं. ये उनका हक है. हमने दशकों से उनको रोका है. आज उसका प्रायश्चित करके उस अपराध से मुक्ति पाने का अवसर है.

काला टीका के लिए धन्यवाद 

केंद्र सरकार के प्रस्तावित संशोधन विधेयक का विरोध जताने के लिए कुछ विपक्षी सांसद काला कपड़ा पहनकर संसद में पहुंचे थे. पीएम मोदी ने उन पर तंज करते हुए कहा कि किसी भी शुभ काम को शुरू करने से पहले काला टीका लगाना चाहिए. उन्होंने कहा, 

अपने यहां जब कोई शुभ काम होता है, उसको नजर न लगे इसलिए काला टीका लगाने की परंपरा है. मैं आपका धन्यवाद करता हूं काला टीका लगाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.

पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश के जीवन में कुछ बड़े पल आते हं. उस समय समाज की मनोस्थिति एक मजबूत धरोहर तैयार कर देती है. उन्होंने आगे कहा कि सदन में बैठे सभी लोग सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें देश की आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण की निर्णय प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला है. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: विपक्ष को महिला आरक्षण स्वीकार, परिसीमन पर रार, संसद में फंसेगा मामला?

Advertisement

Advertisement

()