The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Politics
  • PM Modi convoy cut down by 50 percent amit shah yogi adityanath among others follow him

जनता को सलाह देने के बाद खुद पीएम मोदी ने कितना तेल बचाया? मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों ने क्या किया?

स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) को प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही इसका ध्यान रखने को भी कहा गया है कि जरूरी सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का उल्लंघन न हो.

Advertisement
pic
13 मई 2026 (अपडेटेड: 13 मई 2026, 07:44 PM IST)
pm modi amit shah yogi adityanath rajnath singh
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले की गाड़ियों में कटौती की है. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के चलते पूरी दुनिया में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसको देखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की थी. अब पीएम मोदी ने खुद इस पर अमल किया है. उन्होंने अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या आधी कर दी है. पीएम मोदी की अपील पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने काफिले में कटौती की है.

इंडिया टुडे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) को प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही इसका ध्यान रखने को भी कहा गया है कि जरूरी सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का उल्लंघन न हो. SPG ने निर्देशों के मुताबिक काम करना शुरू कर दिया है. पीएम मोदी ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए कहा है. वहीं साफ तौर पर ये भी कहा है कि इस बदलाव के लिए नई गाड़ियों की खरीद नहीं की जानी चाहिए.

प्रधानमंत्री को देखकर केंद्र के मंत्रियों और बीजेपी के मुख्यमंत्रियों ने भी अपने-अपने काफिले छोटे करने के निर्देश दिए हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को ‘Z+’ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है. अब उन्होंने तत्काल प्रभाव से सिर्फ 4 गाड़ियों के काफिले का इस्तेमाल शुरू कर दिया है. गृह मंत्री अमित शाह भी आज कैबिनेट बैठक में सिर्फ 4 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे. 

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपनी गाड़ियों का काफिला छोटा कर दिया- सिर्फ चार गाड़ियों के साथ चल रहे हैं. तीनों ही केंद्रीय मंत्रियों के काफिले में आमतौर पर 11 से 12 गाड़ियां होती हैं. इनके अलावा परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी अपने काफिले की गाड़ियों में 50 फीसदी की कटौती की है. साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र दौरे के दौरान बस से ट्रैवल करने का फैसला किया है.

केंद्र का संदेश राज्यों में भी दिखाई दिया. बीजेपी शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्रियों ने भी अपने क़ाफ़िले में कटौती का निर्देश दिया है. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज से ही अपने काफिले में SUV का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है. सम्राट EV गाड़ी पर सफर कर रहे हैं. एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में पहले 13 गाड़ियां होती थी, पर अब केवल 8 गाड़ियां रहेंगी. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल ने भी अपना काफिला छोटा करने का निर्देश दिया है.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सरकारी कामों के लिए गाड़ियों का उपयोग कम से कम करने की घोषणा की है. उन्होंने मंत्रियों, बीजेपी के विधायकों और सभी विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने की बात कही है. उनकी इस घोषणा के बाद दिल्ली के मंत्री आशीष सूद और कपिल मिश्रा दिल्ली मेट्रो से अपने ऑफिस पहुंचे. 

वीडियो: PM मोदी की अपील के बाद गोल्ड पर इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाई गई, जानिए क्या असर होगा?

Advertisement

Advertisement

()