The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Politics
  • Haryana Congress cross voting rajyasabha election mla suspend

हरियाणा कांग्रेस के इन विधायकों को पार्टी से निकाला गया, क्रॉस वोटिंग की थी

हरियाणा कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है. कांग्रेस ने इन विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है. इन विधायकों पर राज्यसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत कैंडिडेट के बजाय बीजेपी समर्थित सतीश नांदल के पक्ष में वोटिंग करने का आरोप है.

Advertisement
pic
pic
आनंद कुमार
| कमलजीत संधू
16 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 08:03 PM IST)
Haryana Congress Rajyasabha cross voting action
हरियाणा कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है. (इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पिछले महीने हुए राज्यसभा चुनाव में हरियाणा कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी. पार्टी ने इन विधायकों पर एक्शन लेते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इन विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निकालने का आदेश जारी किया है.

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पार्टी की अनुशासन समिति की सिफारिश के आधार पर ये फैसला लिया गया है. उन्होंने एक लेटर जारी कर बताया, 

पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है. संगठन के अनुशासन का उल्लंघन करके राज्यसभा चुनाव में अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ वोटिंग करने के चलते हरियाणा कांग्रेस के 5 विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सस्पेंड किया जाता है.

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस फैसले को लागू करने से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सहमति भी ली गई है. हरियाणा कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग करने के आरोप में नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, सधाउरा की विधायक रेणु बाला, पुनहाना विधानसभा से चुने गए मोहम्मद इलियास, हाथिन सीट से विधायक मोहम्मद इसरायल और रतिया विधानसभा से चुने गए जरनैल सिंह को सस्पेंड किया है.

इन विधायकों पर 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के व्हिप का उल्लंघन करके बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में वोटिंग करने का आरोप है. सस्पेंड किए जाने से पहले पार्टी ने पांचों विधायकों को कारण बताओ नोटिस भेजकर कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार को वोट नहीं देने का कारण पूछा था. धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता वाली अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने सस्पेंड करने से पहले उनके जवाबों की जांच की. 

Image
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के चलते पांच विधायकों को सस्पेंड कर दिया है.

कांग्रेस से सस्पेंड किए गए कुछ विधायकों ने इन आरोपों से इनकार किया है. उनका दावा है कि उन्होंने पार्टी के निर्देश पर ही वोट किया था. बेवजह उनके नाम को विवाद में घसीटा जा रहा है. 

दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी अनुशासनहीनता के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलेगी. हरियाणा में क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस को बड़ा झटका लगा. बीजेपी के संजय भाटिया ने एक सीट आसानी से जीत ली. वहीं कांग्रेस कैंडिडेट करमवीर सिंह बौद्ध बेहद करीबी मुकाबले में मात्र 1 वोट से चुनाव जीत पाए. 

वीडियो: राजधानी: हरियाणा राज्यसभा चुनाव जीतकर भी हार गई कांग्रेस, राहुल गांधी पर उठे सवाल?

Advertisement

Advertisement

()