The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Politics
  • chief minister yogi adityanath fifty percent minister vehicle cut after pm modi appeal work from home

मंत्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट का यूज करें, कंपनियां हफ्ते में 2 दिन दें वर्क फ्रॉम होम, CM योगी ने लिए बड़े फैसले

CM Yogi orders: उन्होंने आदेश दिया कि मंत्रियों के काफिले में 50 फीसदी वाहनों की तत्काल रूप से कटौती की जाए. साथ ही बड़ी कंपनियों को ‘दो दिन वर्क फ्रॉम होम’ लागू करने की एडवाइजरी जारी करने के निर्देश भी दिए. इसके अलावा दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने भी गाड़ियों में कटौती की बात की है.

Advertisement
pic
13 मई 2026 (पब्लिश्ड: 08:53 AM IST)
CM Yogi orders
सीएम योगी ने नेताओं के काफिले में गाड़ियों की कटौती का ऐलान किया है. (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

PM नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ईंधन की खपत कम करने की अपील की है. उन्होंने आदेश दिया कि मंत्रियों के काफिले में 50 फीसदी वाहनों की तत्काल रूप से कटौती की जाए. साथ ही बड़ी कंपनियों को ‘दो दिन वर्क फ्रॉम होम’ लागू करने की एडवाइजरी जारी करने के निर्देश भी दिए. इसके अलावा उन्होंने लोगों से सोना कम खरीदने और गैर ज़रूरी ईंधन खर्च न करने की भी अपील की. 

आजतक के मुताबिक, मंगलवार, 12 मई को सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बैठक की. इस बैठक में चीफ सेक्रेटरी, DGP, सभी विभागों के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी और प्रिंसिपल सेक्रेटरी मौजूद थे. इसी बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए गए. सीएम ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम कल्चर प्रमोट करने की बात कही. सरकारी मीटिंग, वर्कशॉप, सेमिनार और कॉन्फ्रेंस को ज़्यादा से ज्यादा वर्चुअल माध्यम से कराने के निर्देश दिए. उन्होंने मेट्रो, पीएनजी, पब्लिक ट्रासंपोर्ट, कार पूलिंग, साइक्लिंग और ईवी के ज्यादा इस्तेमाल पर भी विशेष जोर दिया है.

सीएम योगी का कहना है कि राज्य प्रशासन को केंद्र सरकार की अपील को लागू करने के लिए तैयार होना चाहिए. सरकारी वाहनों में कटौती पर बोले,

‘मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों को हफ्ते में कम से कम एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना चाहिए. इसे ‘नो व्हीकल डे’ के तौर पर मनाना चाहिए. सरकारी कर्मचारियों, स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को भी इस मुहिम से जोड़ना चाहिए.’

बिजली और ईंधन की खपत कम

सीएम योगी ने बिजली बचत पर ज़ोर देते हुए सरकारी और निजी संस्थानों में अनावश्यक बिजली उपयोग रोकने के निर्देश दिए. बिज़नेस फर्म्स और कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में स्कूल बसों को बढ़ावा दिया जाए. और अगर बसें कम पड़ रही हों तो सरकारी बसों को इस काम में लाया जाए. जिन शहरों में मेट्रो है वहां लोगों को इसका भरपूर फायदा उठाना चाहिए. सीएम ने लोगों से ये भी अपील की कि अगर ज़रूरी न हो तो अगले छह महीनों तक विदेश यात्रा पर न जाएं. 

होटल और ढाबों के लिए भी अपील

ODOP और GI टैग प्रोडक्ट्स को उपहार के रूप में इस्तेमाल कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर देना चाहिए. साथ ही खाद्य तेल की खपत कम करने, स्वस्थ खानपान अपनाने और पोषण जागरूकता अभियान चलाना चाहिए. होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ बातचीत कर कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने की बात कही गई. 

कृषि विभाग को नेचुरल फॉर्मिंग को प्रोत्साहित करने और गोशालाओं के गोबर के उपयोग को बढ़ाने के भी निर्देश हैं. सीएम योगी का कहना है कि प्रदेश में PNG नेटवर्क फैलाया जाए और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को ज्यादा से ज्यादा इंस्टॉल किया जाए. 

MP के सीएम ने भी लिया फैसला

ईंधन की खपत कम करने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपने मंत्रियों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की अपील की है. सीएम के काफिले में पहले 13 गाड़ियां हुआ करती थीं, अब इसे घटाकर 8 कर दिया गया है. इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पोस्ट कर बताया कि उन्होंने नेताओं के काफिले में गाड़ियों की कटौती की है. उन्होंने कहा कि केवल जरूरत के हिसाब से ही गाड़ियां निकलेंगी. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी अपने काफिले में वाहनों की कटौती की बात कही है. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: पीएम मोदी ने क्यों किया कोरोना, वर्क फ्रॉम होम का जिक्र? क्या संकट आने वाला है?

Advertisement

Advertisement

()