बीजेपी ने चार राज्यों के अध्यक्ष बदल दिए, दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को मिली कमान
BJP change state president: बीजेपी ने राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, त्रिपुरा समेत कुल चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं. हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है. वे पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं और उन्होंने वीरेंद्र सचदेवा की जगह ली है.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में कुछ नए बदलाव किए हैं. बीजेपी ने राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, त्रिपुरा समेत कुल चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं. हर्ष मल्होत्रा को भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है. वे पूर्वी दिल्ली से सांसद और सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं.
कौन कहां का अध्यक्ष बना?इसके अलावा पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को स्टेट पार्टी चीफ बनाया गया है और हरियाणा में डॉक्टर अर्चना गुप्ता को ये कमान सौंपी गई है. त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय नए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष होंगे. बताया गया कि ये फैसला राज्य स्तर पर पार्टी की पकड़ मज़बूत करने के लिए लिया गया है. एक नोट जारी कर पार्टी ने लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है’.
कौन हैं हर्ष मल्होत्रा?- हर्ष मल्होत्रा को वीरेंद्र सचदेवा के स्थान पर ये पद दिया गया है.
- 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उन्होंने पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से बड़ी जीत हासिल की थी.
- वे 2015 से 2016 के दौरान पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं.
- वे इस वक़्त सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं.
- डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का स्थान लिया है.
- इससे पहले वे हरियाणा बीजेपी में प्रदेश महामंत्री के रूप में कार्यरत थीं.
- इसके अलावा वह पानीपत जिले की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं.
वहीं, पंजाब बीजेपी अध्यक्ष के पद पर केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति को सिख बाहुल्य राज्य में सिख दांव के तौर पर देखा जा रहा है. केवल सिंह ढिल्लों कद्दावर सिख चेहरा हैं और कांग्रेस से भी जुड़े रहे हैं. जून 2022 में कांग्रेस छोड़कर उन्होंने भाजपा को जॉइन कर लिया था.
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय बीजेपी के विधायक हैं. अभिषेक साल 2023 के त्रिपुरा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर पहली बार विधायक चुने गए थे. पार्टी ने अब अभिषेक को सूबे में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है.
वीडियो: दुनियादारी: बंगाल में बीजेपी जीती, ढाका में मातम क्यों पसर गया?

