UP के महाराजगंज में 12 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया.

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में 19 जनवरी को 12 साल की बच्ची का शव मिला था. पुलिस ने जब उसकी जांच की तो पाया कि बच्ची की हत्या के पहले उसका रेप हुआ था. मामले की जांच के लिए कई टीमें बनाई गईं. चार दिन के अंदर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों पर पॉक्सो के साथ-साथ रेप, अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.
पूरा मामला क्या है?इस मामले की जानकारी के लिए हमने इंडिया टुडे से जुड़े अमितेश त्रिपाठी से बात की. उन्होंने बताया कि घटना महाराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र की है. 18 जनवरी के दिन बच्ची अपनी मां को ढूंढते-ढूंढते जंगल की तरफ जा रही थी. इसी दौरान वो गायब हो गई. उसकी मां ने बच्ची के ना मिलने पर थाने में अपरहण का केस दर्ज करवाया था. दूसरे दिन यानी 19 जनवरी को बच्ची का शव जंगल में खून से लथपथ मिला. लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने शव का शिनाख्त किया. पाया कि ये शव उसी बच्ची का है, जिसके किडनैप होने की शिकायत थाने में दर्ज करवाई गई थी.
महाराजगंज SP प्रदीप गुप्ता ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा,
बच्ची का शव मिलने के बाद विवेचना के लिए कई टीमें बनाई गईं थीं. जांच में पता चला कि घटना को छह आरोपियों ने अंजाम दिया था. उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है. सभी की उम्र 20 से 25 साल के बीच की है. सभी घटना स्थल के आस-पास के टोलों में रहते हैं. आरोपी शराब पीने के आदी थे. उस दिन भी इन लोगों ने पी रखी थी. बच्ची अपनी मां को खोजते हुए वहां से गुजर रही थी. तभी इन लोगों ने उसे पकड़ लिया. और खेत में ले जाकर उसका गैंगरेप किया. और फिर उसकी हत्या कर दी.
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या व सामूहिक दुष्कर्म की घटना का अनावरण, घटना में शामिल 06 नफर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री @ipsguptapradeep की बाइट 👇👇 pic.twitter.com/ZuH0ndN6TH
— MAHARAJGANJ POLICE (@maharajganjpol) January 22, 2021
आरोपी गोविंद ने बताया,
हमारे साथियों ने हमें पहले शराब पिलाया उसके बाद जब हम लोग नशे में हो गए तो लड़की को खींच कर ले कर गए. सभी छह लोगों ने बारी बारी रेप किया. उसके बाद हमारे साथी ने गला दबाकर हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल लिया है. उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है. SP प्रदीप गुप्ता ने बताया कि इस मामले में जिस टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें उनकी तरफ से 25 हज़ार रुपये कैश रिवॉर्ड के तौर पर दिया गया है.

