टिकटॉकर ने बताया, एक आदमी चुपके से उसके घर में रह रहा था
आदमी खुद ही चला गया. पुलिस को बुलाने की जरूरत नहीं पड़ी.

TikTok पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला ने खुलासा किया कि एक आदमी उसके अपार्टमेंट में बिना उसकी जानकारी के रह रहा था. अपार्टमेंट वालों ने नोटिस भेजा, तब मालूम चला. हालांकि, पुलिस को बुलाना नहीं पड़ा. वो आदमी ख़ुद ही उठकर चला गया.
‘दरवाज़ा खुला छूट गया’डेकारा मायर्स. अमेरिकी कॉन्टेंट क्रिएटर हैं. डेकारा ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बताया कि एक बेघर व्यक्ति उनके अपार्टमेंट में चला आया था और पूरे दिन उनकी रूममेट के कमरे में रहा. बिना सूचना के. अफकोर्स.
डेकारा ने वीडियो में बताया कि वो सुबह देर से सोकर उठीं, मेल चेक किया तो पता चला कि अपार्टमेंट सिक्योरिटी वालों ने उन्हें नोटिस भेजा था कि एक बेघर व्यक्ति परिसर में घूम रहा है. लेकिन उन्होंने उस नोटिस पर बहुत ध्यान नहीं दिया. उन्हें जल्दी थी, तो वो जिम चली गईं. दरवाज़ा खुला छोड़ दिया. डेकारा ने बताया कि ये उनकी आदत है, क्योंकि उनके रूममेट्स आमतौर पर घर पर होते हैं. कोई न कोई तो हमेशा घर पर होता ही है. कुछ दिन पहले वे बाहर चले गए थे, इसलिए मायर्स अकेला रह रही हैं.
कुछ देर में वो घर वापस आ गईं. इसके बाद अपार्टमेंट ऑफ़िस से एक और मेल आया. मेल में लिखा हुआ था कि गार्ड्स ने बहुत ढूंढा, लेकिन उन्हें वो व्यक्ति मिला ही नहीं. साथ ही रेज़िडेंट्स से ये अपील की कि वो अपने दरवाज़े बंद ही रखें. तब जाकर डेकारा को ध्यान आया कि वो अपना घर खुला छोड़ कर गई थीं.
जिस घर में डेकारा रहती हैं, वहां कुल चार कमरे हैं. वो एक-एक कर सारे कमरे चेक करने लगीं. तभी उन्हें एक किसी के खर्राटों की आवाज़ सुनाई दी. डेकारा बताती हैं कि वो इतना डर गईं कि हिल भी नहीं पा रही थीं. किसी तरह उन्होंने ख़ुद को संभाला और अपने पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त को फ़ोन किया. दोस्त ने सुना और उन्हें तुरंत वहां से निकलने के लिए बोला.
निकलने से ठीक पहले डेकारा ने चीखते हुए कहा,
"अगर सचमुच यहां कोई है, तो मैं पांच मिनट के लिए बाहर जा रही हूं. प्लीज़ यहां से निकल जाएं."
कुछ समय बाद अपने दोस्त के साथ लौटने पर डेकारा ने पाया कि वो व्यक्ति वहां से जा चुका था. पुलिस को बुलाने की भी ज़रूरत नहीं पड़ी.

