The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Oddnaari
  • Sonali Phogat postmortem will start soon and procedure will be videographed

सोनाली फोगाट के पोस्टमॉर्टम का वीडियो बनेगा, परिवार ने CBI जांच की मांग की

परिवार ये बात मानने को तैयार नहीं है कि सोनाली की मौत हार्ट अटैक से हुई है

Advertisement
pic
24 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 24 अगस्त 2022, 12:21 PM IST)
Sonali Phogat  post mortem
पुलिस के आदेश पर सोनाली के पोस्टमॉर्टम का वीडियो बनाया जाएगा.
Quick AI Highlights
Click here to view more

टिकटॉक स्टार और भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत पर उनके परिवार ने सवाल उठाए हैं. उनकी बहन का कहना है कि सोनाली एकदम फिट थीं. उन्हें हार्ट अटैक नहीं आ सकता. परिवार ये बात मानने को तैयार नहीं है कि सोनाली की मौत हार्ट अटैक से हुई है क्योंकि उन्हें कोई मेडिकल प्रॉब्लम नहीं थी.  परिवार ने सोनाली को ज़हर दिए जाने की आशंका जाहिर की है और मौत की जांच CBI से कराने की मांग की है.

सोनाली फोगाट का होगा पोस्टमॉर्टम

सोनाली का गोवा में 23 अगस्त को निधन हुआ था. शूट के संबंध में वो 22 अगस्त को गोवा गई थीं. पुलिस के मुताबिक, सोनाली फोगाट 22 अगस्त रात अंजुना में 'Curlies' रेस्टोरेंट में थीं, इसी दौरान उन्होंने बेचैनी की शिकायत की. इसके  बाद उन्हें अंजुना के सेंट एंथोनी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अब आज यानी 24 अगस्त को उनका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा.

पोस्टमॉर्टम की वीडीओग्राफी होगी

पुलिस के आदेश पर पोस्टमॉर्टम जांच का वीडियो बनाया जाएगा. कुछ देर में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू होगी. दो डॉक्टर्स की टीम पोस्टमॉर्टम करेगी. सोनाली का परिवार मौत की जानकारी के तुरंत बाद गोवा नहीं पहुंच पाया था, इस वजह से पोस्टमॉर्टम एक दिन बाद किया जा रहा है.

सोनाली की बहन ने लगाया साज़िश का आरोप

सोनाली की बहन का कहना है कि सोनाली की मौत के पीछे किसी की साज़िश है. उनके मुताबिक,  22 अगस्त की सुबह सोनाली ने फोन पर अपनी मां से बात की थी और कहा था कि उनके खाने में कुछ गड़बड़ है. खाने के बाद उन्हें शरीर में अजीब सा महसूस हो रहा है. एक स्थानीय मीडिया चैनल से बात करते हुए सोनाली की बहन ने कहा,

"मेरी उससे (सोनाली से) बात हुई थी, तो उसने कहा मैं बिल्कुल ठीक-ठाक हूं. मैंने पूछा कि तू वापस कब आएगी, तो उसने कहा 27 तारीख को आऊंगी. फिर मम्मा ने बात की कल, तो मम्मी को कहने लगी कि मेरे न, कुछ गड़बड़ हो रही है शरीर में. खाना खाते ही मुझे कुछ होने लग जाता है. समझ नहीं आता क्या प्रॉब्लम है. ऐसा लगता है कुछ कर रहा हो कोई मेरे ऊपर. फिर शाम को बात हुई, तो शाम को भी ऐसे कहने लगी, 'मम्मी मेरे को कुछ गड़बड़ लग रहा है. मेरे ऊपर कुछ साज़िश हो रही है.' फिर बात आज सुबह फोन आया कि वो नहीं रही."

इसके बाद सोनाली की बहन ने ज़हर दिए जाने की आशंका जाहिर की थी. इसे लेकर पुलिस का कहना है कि इस मामले में कोई भी गड़बड़ी नजर नहीं आ रही है. 

वीडियो : सोनाली फोगाट ने चरित्र पर सवाल उठाने वालों को क्या कहा था?

Advertisement

Advertisement

()