The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Oddnaari
  • rape-case-against-rajasthan-minister-mahesh-joshi-son-rohit-joshi, attack-on-victim in new delhi

राजस्थान के मंत्री के बेटे पर रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता पर 'हमला', केस वापस लेने की 'धमकी' दी!

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि 11 जून को वो अपनी मां के साथ पैदल ही शाहीन बाग इलाके से जा रही थी. तभी रास्ते में ऑटो सवार दो युवकों ने उसके ऊपर नीले रंग की स्याही फेंक दी. इस घटना में पीड़िता को हाथ-पैरों में चोट भी आई है.

Advertisement
pic
12 जून 2022 (अपडेटेड: 20 जून 2022, 08:40 PM IST)
rajasthan_rape_case_victim
राजस्थान सरकार में मंत्री महेश जोशी (बाएं) और रेप का आरोपी रोहित जोशी (दाएं) (फोटो: इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान सरकार में मंत्री महेश जोशी (Mahesh Joshi) के बेटे रोहित पर चल रहे रेप के मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है. आरोप है कि बीती रात दिल्ली के शाहीनबाग इलाके में पीड़िता पर कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया. उन्होंने पीड़िता पर स्याही फेंकी, जो उसके चेहरे और कपड़ों पर लग गई. आरोप के मुताबिक, हमलावरों ने उसे केस वापस लेने की धमकी भी दी. जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद पीड़िता को डिसचार्ज कर दिया गया. वहीं डीसीपी ईशा पांडेय का कहना है कि इस घटना के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 195 A/323/506/34 के तहत FIR दर्ज कर ली है. पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है. 

इंडिया टुडे से जुड़े तनसीम हैदर की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि 11 जून को वो अपनी मां के साथ पैदल ही शाहीन बाग इलाके से जा रही थी. तभी रास्ते में ऑटो सवार दो युवकों ने उसके ऊपर नीले रंग की स्याही फेंक दी. इस घटना में पीड़िता को हाथ-पैरों में चोट भी आई है. पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उससे कहा, 

"तू मानेगी नहीं? केस क्यों नहीं वापस ले रही है."

इधर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने ट्वीट कर लिखा, 

"जिस लड़की ने राजस्थान मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर रेप का आरोप लगाया, उसके चेहरे पर आज दिल्ली में 2 अज्ञात लोगों ने कुछ पदार्थ फेंका. अशोक गहलोत जी, अपने मंत्री के बेटे को बचाने की जगह गिरफ़्तार करें. मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस इशू कर रही हूं इस अटैक पर FIR के लिए." 

रोहित जोशी के खिलाफ दिल्ली पुलिस के सदर बाजार थाने में मामला दर्ज करने के बाद रेप पीड़िता का कहना है कि आरोपी रोहित एक रसूखदार परिवार से है. इस वजह से उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है. पहले भी पीड़िता ने हमले की आशंका जताई थी और पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी.  

‘रेप कर जबरन कराया अबॉर्शन’ 

पीड़िता ने रोहित जोशी पर आरोप लगाया था कि वो उसे सवाई माधोपुर ले गया था. जहां उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. जिसके बाद वो बेहोश हो गई थी. इसी दौरान आरोपी रोहित ने उसके साथ रेप किया. इसके बाद आरोपी ने कई जगहों पर उसके साथ रेप किया. लड़की ने मंत्री के बेटे पर मारपीट और जबरन अबॉर्शन कराने का आरोप भी लगाया है.

पीड़िता ने भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसका एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया था, जिसे वो वायरल करने की धमकी देता है. पीड़िता का कहना है कि रोहित ने उसे डरा धमकाकर उसके साथ जयपुर, उत्तराखंड और दिल्ली में कई बार रेप किया. 

वहीं इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पहले ज़ीरो FIR दर्ज कर इस मामले को जयपुर भेज दिया था. लेकिन बाद में इसे रेगुलर FIR में तब्दील कर दिया. इस मामले में आरोपी बनाया गया रोहित जोशी राजस्थान के मंत्री महेश जोशी का बेटा है. पुलिस ने उसकी तलाश में राजस्थान स्थित मंत्री के घर पर छापा भी मारा था. रोहित ने इस मामले में अपने वकील के जरिए तीस हजारी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर दी थी. इस मामले में सुनवाई के बाद कुछ शर्तों पर कोर्ट ने उसे जमानत दे दी. 

वीडियो: हैदराबाद गैंगरेप केस में नाबालिग आरोपियों को अडल्ट की तरह पेश करेगी पुलिस

Advertisement

Advertisement

()