The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Oddnaari
  • Princess Mako marries former classmate Kei Komuro, loses her royal status

प्यार के लिए करोड़ों रुपये और राजघराना ठुकराकर 'आम आदमी' से शादी करने वाली राजकुमारी

जापान की राजकुमारी माको ने अपने बॉयफ्रेंड केई कोमूरो से विवाह कर लिया.

Advertisement
Img The Lallantop
सौजन्य- AP
pic
प्रतीक्षा पीपी
26 अक्तूबर 2021 (Updated: 26 अक्तूबर 2021, 01:06 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share
बचपन में हमें राजकुमारियों की कहानियां सुनाई जाती थीं. किस तरह एक राजकुमार उनके प्रेम में दीवाना हो जाता था. हम सुनते थे कि किस तरह राजकुमारी की कहानी हमेशा ऐसी जगह ख़त्म होती थी जहां उसे राजकुमार का प्यार, महल, सबकुछ मिलता था. पर कहानियां तो कहानियां होती हैं. उस वक़्त की कहानियां आज भी सच हो जाएं, ऐसा सिर्फ फिल्मों में होता है.
आज आपको कहानी बताएंगे एक राजकुमारी की, जिसे कोई महल नहीं मिलेगा. वो किसी राजघराने से अब नहीं जोड़ी जाएगी. मगर फिर भी उसके मन में सुकून होगा क्योंकि तमाम बाधाओं के बाद उसने अपने प्रेमी, लंबे समय तक अपने बॉयफ्रेंड रहे व्यक्ति से शादी कर ली है. कहानी है जापान से और फेयरी टेल्स की तरह इसका अंत पूरी तरह सुखद नहीं है.
क्या है कहानी? जापान की राजकुमारी माको ने अपने बॉयफ्रेंड केई कोमूरो से विवाह कर लिया है. इस शादी में कोई गाजा-बाजा नहीं हुआ, कोई रिवाज नहीं मनाए गए. दहेज के रूप में राजघराने की लड़कियों को उसके घरवाले मोटे पैसे देते हैं. या यूं कहें कि राजघराने के बाहर गुजारा करने के लिए हर्जाना दिया जाता है, ये 7.5 करोड़ रुपये भी माको ने ठुकरा दिए. ब्रिटिश राजकुमार रहे हैरी और उनकी पत्नी मेगन की तरह ही माको अपने पति केई कोमूरो के साथ अब अमेरिका में रहेंगी. लेकिन क्या उनका अमेरिका जाना इतना आसान होगा?
लेकिन पहले ये जान लेते हैं कि ये दोनों मिले कैसे!

सौजन्य- AP
सौजन्य- AP

राजकुमारी माको जब कॉलेज में थीं तब उन्हें अपने दोस्त केई कोमूरो से मोहब्बत हो गयी. दोनों ने तय किया कि वे शादी करेंगे. जापान के राजघराने में ऐसा रिवाज है कि अगर राजघराने की कोई लड़की रॉयल्स से इतर किसी आम आदमी से विवाह करती है तो उसके सभी राजसी ठाठ-बाट छिन जाएंगे. हालांकि अगर कोई रॉयल पुरुष ऐसा करता है तो उससे कुछ नहीं छिनेगा. खैर, इस सच को जानते हुए और दौलत की परवाह न करते हुए माको और कोमूरो ने 2017 में घोषणा की कि उन्होंने सगाई कर ली है और अगले साल वो शादी करेंगे. क्या इस कहानी में सब हंकी डोरी रहा? पूरे जापान में हल्ला हो गया. लोग इनके प्रेम की मिसाल देने लगे. लेकिन फिर आया एक स्कैंडल. केई कोमूरो की मां से जुड़ा हुआ. जापान के हर अखबार में ये छप गया कि कोमूरो की मां यानी राजकुमारी की होने वाली सास बहुत बड़े क़र्ज़ में डूबी हुई हैं. कोमूरो की मां ने अपने पिछले मंगेतर से एक मोटी रकम उधार ली थी, जो वो चुका नहीं पाईं.
क़र्ज़ में डूबा एक परिवार एक राजघराने में शादी क्यों करेगा? चटकारे लेती हुई कई मीडिया रिपोर्ट्स आने लगीं. बीते 3 साल में राजकुमारी माको टैबलॉइड्स की फेवरेट हो गयीं. मानों उनकी हर हरकत को देखा जा रहा हो.
नतीजा ये हुआ कि माको PTSD की शिकार हो गईं. यानी पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर. ये एक ऐसा मनोरोग है जिसके शिकार वो लोग हो जाते हैं जिन्होंने किसी तरह का अब्यूज झेला हो, किसी एक्सीडेंट का शिकार हुए हों, किसी युद्ध के बीच रहे हों, किसी तरह के सदमे का शिकार रहे हों या किसी ऐसी घटना का हिस्सा रहे हों जो उन्हें आने वाले कई सालों के लिए डिस्टर्ब कर दे. PTSD से ग्रसित लोग एंग्जायटी, पैनिक अटैक, नींद न आना, आंखें बंद करने पर बुरे दृश्य दिखना और ऐसी ही तमाम दिमागी तकलीफों के शिकार हो जाते हैं. मीडिया अब्यूज के बाद जाने कितने दिन माको इसी अवस्था में जीती रहीं. कहानी में अब क्या? बीते मंगलवार शादी के बाद माको ने मीडिया से कहा:
"मेरे लिए केई कोमूरो का कोई रिप्लेसमेंट नहीं है. उससे अलग रहना मेरे लिए कोई विकल्प नहीं है. ये शादी हमारे लिए एक जरूरी चॉइस थी."
एक लड़की की चॉइस भी होती है, ये समझना आम लोगों के लिए मुश्किल था. जापान में इस शादी को लेकर प्रोटेस्ट हुए. वहां के अखबारों ने फिर कीचड़ उछाला. ये तक लिखा कि की कोमूरो अपने बालों को चोटी में बांधकर शादी करने आए थे. ये जापानी कल्चर के खिलाफ है. माको ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "अगर किसी को इस शादी से तकलीफ हुई है तो मैं माफ़ी मांगती हूं."

बीबीसी न्यूज़, तोक्यो के लिए पत्रकार हिदेहारु तमूरा लिखते हैं,
"इस तरह मीडिया के हाथों अब्यूज का शिकार होने वाली माको पहली राजकुमारी नहीं हैं. 20 साल पहले उनकी दादी के साथ भी ऐसा ही हुआ था जब कुछ अखबारों ने छाप दिया था कि वो रानी बनने के लायक नहीं हैं. शाही औरतों से अपेक्षित होता है कि वो बस पतियों के हिसाब से चलें, राजघराने के लिए वारिस पैदा करें और जापान के सभी रीति रिवाज मानें. अगर मामला थोड़ा भी इधर-उधर हुआ तो मीडिया उन्हें अब्यूज करने में कोई भी कसर नहीं छोड़ता."
रॉयल फैमिली को आधिकारिक रूप से छोड़ देने के बाद राजकुमारी के सामने मुश्किलें खड़ी हैं. उनके मनोरोग और दिमागी दिक्कतों के ट्रीटमेंट के चलते उन्हें अमेरिका का वीजा इतनी आसानी से नहीं मिलेगा. ऐसा कहा जा रहा है. इसलिए उनके पति केई कोमूरो फिलहाल अकेले ही न्यू यॉर्क जाएंगे.
मगर इन सबमें एक सिल्वर लाइनिंग है. यानी उम्मीद की एक किरण है. वो है प्रेम की जीत. और दो प्रेमियों का अंततः शादी कर पाना. केई कोमूरो ने जो प्रेस कांफ्रेंस में कहा, उसके साथ ही आपको छोड़कर जा रही हूं. उन्होंने कहा,
"मैं माको से प्यार करता हूं. मैं किसी ऐसे व्यक्ति के साथ पूरा जीवन बिताना चाहता हूं जो मुझसे प्यार करती हो. मैं हम दोनों के बीच सभी फीलिंग्स को साझा करना चाहता हूं, चाहे वे ख़ुशी हों या दुख."

Advertisement

Advertisement

()