ब्रदर्स डे पर विश नहीं किया, तो सॉरी बोलने के लिए 5 किलो की चिट्ठी लिख दी
आधे किलोमीटर लंबी है चिट्ठी.

भाई-बहन का प्यार. पायस, नोक-झोक, चुलबुला रिश्ता. घर-घर में देखा. जो फ़िल्में देखीं, उसमें भी भर-भर के देखा. अभी फिर पिच्चर आ रही है, 'रक्षाबंधन'. और, डेढ़ महीने बाद सच में भी आ रहा है रक्षाबंधन. ऐड्स भी आने लगेंगे. लेकिन केरल की महिला ने अपने भाई से प्यार का ऐसा इजहार किया है कि जो सुन रहा आश्चर्य कर रहा. महिला ने 5.27 किलो की चिट्ठी अपने भाई के लिए लिखी है. ये चिट्ठी लगभग आधा किलोमीटर यानी 434 मीटर लंबी चिट्ठी लिखी है.
दरअसल इस महिला ने अपने भाई को 'वर्ल्ड ब्रदर्स डे' पर विश नहीं किया था. इससे भाई रूस गया, तो भाई को मनाने के लिए उसने दुनिया का सबसे लंबा पत्र ही लिख डाला.
इतनी लंबी चिठ्ठी में लिखा क्या?इंडियन एक्स्प्रेस में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक़, महिला का नाम कृष्णाप्रिया पीएस है. सिविल इंजीनियर हैं. भाई का नाम, कृष्णप्रसाद. रिपोर्ट में कृष्णाप्रिया ने बताया कि वो हर साल ब्रदर्स डे पर भाई को विश करती हैं, लेकिन काम की व्यस्तता की वजह से वो इस साल उन्हें बधाई देना भूल गई थीं. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा,
"मैं उसे (भाई को) ब्रदर्स डे पर विश करना भूल गई थी. शाम तक उसने मेरा कॉल लेना बंद कर दिया और मुझे वॉट्सऐप पर ब्लॉक भी कर दिया. इसलिए मैंने उसे एक चिठ्ठी लिखने का फैसला किया.
मैंने A4 साइज़ पेपर पर लिखना शुरू किया, लेकिन जल्द ही समझ आ गया कि इतना कम पड़ेगा क्योंकि मेरे पास बताने के लिए बहुत कुछ था. फिर मैंने लंबी शीट्स ख़रीदने का सोचा. लेकिन जब मैं बाज़ार गई, तो उन्होंने कहा कि उनके पास केवल बिलिंग रोल हैं, जो लंबे हैं. तो मैं 14 रोल ले आई. पूरी चिठ्ठी लिखने में मुझे लगभग 12 घंटे लगे, जिसकी लंबाई 434 मीटर और वज़न 5 किलो है."
कृष्णाप्रिया ने आगे बताया कि अपनी चिठ्ठी में उन्होंने अपने भाई के जीवन के बारे में लिखा है. जन्म के समय से लेकर उनकी इंजीनियरिंग लाइफ़ तक. और, उन्होंने चिठ्ठी में एक-दूजे के साथ बिताए ख़ास पलों को भी शामिल किया.
कृष्णाप्रिया ने के एक दोस्त ने कहा कि उसका 434 मीटर लंबा पत्र दुनिया का सबसे लंबा पत्र हो सकता है. तो उन्होंने यूनिवर्सल रिकॉर्ड फोरम (UCRF) से संपर्क किया. UCRF ने फिर उन्हें वीडियो भेजने के लिए कहा. वेरिफ़ाई होने के बाद, इसे दुनिया का सबसे लंबा पत्र घोषित किया गया. कृष्णाप्रिया ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से भी बात की है.
हालांकि, कृष्णाप्रिया ने कहा कि उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की मंशा से चिठ्ठी नहीं लिखी थी. न ही चिठ्ठी की लंबाई प्री-प्लैन्ड थी. ये बस एक संयोग था.

